)
सवाईमाधोपुर के मलारना डूंगर उपखंड क्षेत्र के भारजा नदी गांव में दीपावली के पर्व पर गोवर्धन पूजा की अनोखी परंपरा देखने को मिलती है. यहां करीब 200 सालों से पूरा गांव एकजुट होकर सामूहिक रूप से गोवर्धन पूजा करता आ रहा है. यह परंपरा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि गांव के आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का भी संदेश देती है.
गांव में गोवर्धन पूजा की तैयारियां सुबह से ही शुरू हो जाती हैं. गांव की महिलाएं सामूहिक रूप से मुख्य मार्ग पर गोबर एकत्रित कर विशाल आकार का गोवर्धन तैयार करती हैं. शाम को शुभ मुहूर्त के अनुसार विधि-विधान से गोवर्धन भगवान की पूजा-अर्चना की जाती है. इस दौरान गांव का प्रत्येक व्यक्ति पूजा में शामिल होता है. पूजा के बाद सबसे पहले कृषि यंत्र ट्रैक्टरों से गोवर्धन की परिक्रमा की जाती है. इसके बाद गांव के लोग अपने दुपहिया और चौपहिया वाहनों से परिक्रमा लगाते हैं. वहीं युवाओं द्वारा जमकर आतिशबाजी कर खुशियां मनाते हैं.

बुजुर्गों के अनुसार 200 साल पुरानी है परंपरा
गांव के बुजुर्गों की मानें तो करीब 200 वर्ष पहले चंद घरों की आबादी के साथ भारजा नदी गांव की बसावट हुई थी. उसी समय से ग्रामीण सामूहिक रूप से गोवर्धन पूजा की परंपरा निभाते आ रहे हैं. समय के साथ गांव की आबादी बढ़ती गई और इस परंपरा के प्रति लोगों की आस्था और मान्यता भी बढ़ती गई. पहले खेती में उपयोग होने वाले बैलों की पूजा की जाती थी, लेकिन समय के साथ खेती का स्वरूप बदल गया. बैलों की जगह ट्रैक्टरों ने ली तो अब ग्रामीण गोवर्धन पूजा के दौरान ट्रैक्टरों की पूजा करते हैं. इसके बाद सभी ग्रामीण अपने वाहनों से गोवर्धन की परिक्रमा करते हैं.
महिलाएं छतों से देखती हैं अनोखा नजारा
गोवर्धन पूजा के दौरान गांव में उत्सव जैसा माहौल रहता है महिलाएं सुबह से ही तैयारियों में जुट जाती हैं. शाम होते ही गांव के मुख्य मार्ग पर ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगती है। गांव की महिलाएं आसपास के मकानों की छतों पर चढ़कर इस अनोखी परंपरा का नजारा देखती हैं. पूजा और वाहन परिक्रमा के दौरान आसपास के गांवों से भी सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचते हैं. खास बात यह है कि पूजा के अगले दिन प्रत्येक घर की महिलाएं गोबर को वापस लेकर जाती हैं और उससे ईंधन के लिए कंडे तैयार करती हैं.

भारजा नदी गांव की यह अनूठी परंपरा आज भी ग्रामीणों की आस्था, सामूहिक सहभागिता और आपसी भाईचारे की मिसाल बनी हुई है. बदलते समय के साथ पूजा के तौर-तरीकों में बदलाव जरूर आया है, लेकिन करीब दो सदियों से चली आ रही सामूहिक गोवर्धन पूजा की परंपरा आज भी उसी उत्साह के साथ कायम है.