App

बूंदी में गोवर्धन पूजा पर 12 साल के बच्चे की मौत: स्टील के गिलास में फटा सुतली बम, मासूम के सीने में घंस गए गिलास के टुकड़े

बूंदी में गोवर्धन पूजा के दिन दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय साजन की मौत हो गई. सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह स्टील के गिलास में रखकर सुतली बम चला रहा था. इसी दौरान जोरदार धमाका हुआ और गिलास के टुकड़े उसके सीने में लग गए. परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

बूंदी में गोवर्धन पूजा पर 12 साल के बच्चे की मौत: स्टील के गिलास में फटा सुतली बम, मासूम के सीने में घंस गए गिलास के टुकड़े
Image Credit: पटाखे ने ली मासूम की जान!

दीपावली और गोवर्धन पूजा की खुशियों के बीच बूंदी में दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे 12 वर्षीय बालक घर के पास स्टील के गिलास में रखकर सुतली बम चला रहा था. इसी दौरान जोरदार धमाका हुआ और गिलास के टुकड़े बालक के सीने में धंस गए. लहूलुहान हालत में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. बेटे की मौत से पिता रामलाल कालबेलिया बदहवास हो गए. सभापति भरत शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर परिवार को सांत्वना दी.

धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे पिता
मृतक के पिता रामलाल कालबेलिया ने बताया कि सोमवार दोपहर लगभग 12:30 बजे घर में गोवर्धन पूजा की तैयारियां चल रही थीं. इसी दौरान उनका बेटा साजन घर के पीछे पटाखे जला रहा था. परिवार के बाकी सदस्य पूजा की तैयारी में व्यस्त थ तभी अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी.

आवाज सुनकर पिता तुरंत घर के पीछे पहुंचे. वहां साजन हादसे में घायल मिला. परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. त्योहार के दिन हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

स्टील के ग्लास में फटा सुतली बम
जानकारी के अनुसार, साजन घर के पीछे पटाखे जला रहा था. इसी दौरान उसने स्टील के ग्लास में सुतली बम रखकर जलाया. इसके बाद जोरदार धमाका हुआ और गिलास के टुकड़े बालक के सीने में धंस गए. विस्फोट में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई.

तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था साजन
साजन अपने परिवार में तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था. उसके बड़े भाई का नाम दिलकुश और छोटी बहन का नाम पायल है. परिवार के लोगों ने बताया कि साजन सभी का लाडला था. उसकी मौत से घर में मातम पसरा हुआ है.

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी रमेश आर्य पुलिस टीम के साथ जिला अस्पताल पहुंचे. उन्होंने बताया कि घटनास्थल सदर थाना क्षेत्र में आता है इसलिए सदर थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी गई. सदर थाने के सहायक उपनिरीक्षक राम सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More