App

'12 नहीं, 6 दिसंबर को राम मंदिर जाइए', अखिलेश के अयोध्या दौरे पर पंकज चौधरी का तीखा हमला

उत्तर प्रदेश की राजनीति में राम मंदिर को लेकर एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है. बीजेपी सांसद पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है.

'12 नहीं, 6 दिसंबर को राम मंदिर जाइए', अखिलेश के अयोध्या दौरे पर पंकज चौधरी का तीखा हमला
Image Credit: Pankaj Chaudhary

लखनऊ: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या जाने के ऐलान के बाद यूपी की सियासत गरमा गई है. सपा नेता पवन पांडे के मुताबिक, अखिलेश यादव 12 दिसंबर को पत्नी डिंपल यादव और बच्चों के साथ अयोध्या जाएंगे. वहां वे पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन करेंगे, फिर राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन-पूजन करेंगे और साधु-संतों से आशीर्वाद लेंगे. इस ऐलान पर यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने एक्स पर तीखा पलटवार किया है. उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा-अगर भगवान श्रीराम के प्रति यह सच्चा पश्चाताप है, कोई नया राजनीतिक पैंतरा नहीं, तो अखिलेश यादव को 12 के बजाय 6 दिसंबर को राम मंदिर जाना चाहिए.

महापाप पर मांगी जाए माफी: पंकज चौधरी

पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि अखिलेश यादव को उन सैकड़ों रामभक्तों की हत्या के लिए माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि रामभक्तों की हत्या के पाप पर माफी मांगने से ही पश्चाताप पूरा होगा.

स्वांग से अस्तित्व खत्म होने की चेतावनी

पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया एक्स पर सपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह मत समझिए कि इस तरह से पुराने पाप धुल जाएंगे. रामभक्ति के इस स्वांग से सपा अपना बचा-खुचा अस्तित्व भी गंवा देगी.

12 दिसंबर की बजाय 6 दिसंबर को अयोध्या जाना चाहिए

पंकज चौधरी का कहना है कि अखिलेश यादव को 12 दिसंबर की बजाय 6 दिसंबर को अयोध्या जाना चाहिए, क्योंकि 6 दिसंबर को ही कारसेवकों ने विवादित ढांचा गिराया था. इससे पहले भी पंकज चौधरी कह चुके हैं कि विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही अखिलेश यादव को रामलला के दर्शन की याद आई है. वहीं, सपा का कहना है कि 12 दिसंबर को हनुमान अष्टमी है, इसलिए इसी तारीख को अयोध्या जाने का कार्यक्रम रखा गया है. बता दें, 22 जनवरी 2024 को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अखिलेश यादव का ये पहला अयोध्या दौरा होगा.

6 दिसंबर को लेकर क्यों है सियासी बयानबाजी?

पंकज चौधरी के बयान में 6 दिसंबर की तारीख का खास राजनीतिक महत्व है. इसी दिन 1992 में अयोध्या में बाबरी मस्जिद का ढांचा गिराया गया था. राम मंदिर आंदोलन और अयोध्या विवाद के इतिहास में यह तारीख बेहद संवेदनशील रही है. ऐसे में भाजपा सांसद ने अखिलेश यादव को इसी दिन राम मंदिर जाने की चुनौती देकर राजनीतिक बहस को नया मुद्दा दे दिया है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More