)
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में तैनात फ्रंटियर कोर के महानिरीक्षक मेजर जनरल राव इमरान सरताज का एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में इमरान सरताज ने फौजियों की सर्विस को आम सरकारी नौकरी या सिर्फ ड्यूटी ना मानते हुए इसे 'जिहाद' बताया है. उन्होंने कहा कि फौज और उसकी लीडरशिप इस जिम्मेदारी को अल्लाह की सौंपी गई ड्यूटी मानती है. सरताज के अनुसार, जिसे लोग जॉब कहते हैं, वह केवल नौकरी नहीं बल्कि जिहाद है.उन्होंने यह भी कहा कि वर्दी पहनना उनकी किस्मत में लिखा था और यह केवल पेशेवर जिम्मेदारी नहीं है. पाकिस्तान की इज्जत और पहचान के लिए वे हमेशा खड़े रहेंगे.
अगर आप किसी भी लोकतांत्रिक देश का इतिहास उठाकर देखेंगे तो पाएंगे कि वहां की सेना कानून, संविधान और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध होती है. लेकिन, पाकिस्तान की बात अलग है. अपनी नाकामियों को छिपाने के साथ-साथ सैनिकों के भीतर धार्मिक कट्टरवाद बनाए रखने के लिए पाकिस्तानी सेना मजहब की राह अख्तियार करती है. अकसर पाकिस्तानी सैनिकों के बयान सामने आते रहते हैं, जिससे यह जाहिर होता है कि सैना वहां कानूनी और संविधान से भी ऊपर है. आलोचक कहते हैं कि पाकिस्तान की सेना अपने सिस्टम का इस्तेमाल करके सियासी और समारिक मकसद को पूरा करने के लिए हथियार के तौर पर धर्म को इस्तेमाल करती है.
अब अगर सरताज के बयान को ही देखें तो उससे कट्टर धार्मिक सोच और पाकिस्तानी सेना पर सवाल खड़े होते हैं. आलोचकों का तो यहां तक मानना है कि ऐसे बयानों के जरिए सेना धार्मिक आधार पर अपने जवानों को प्रेरित करने के प्रयास करती है.
बता दें कि अकसर बलूचिस्तान में अवाम पर जुल्म होने की खबरें सामने आती रही हैं. राव इमरान सरताज जिस फ्रंटियर कोर का हिस्सा हैं, उसी फोर्स पर मानवाधिकारों के हनन और मिलिट्री एक्शन और जुल्म के आरोप लगते रहे हैं. यही फ्रंटियर कोर बलूचिस्तान में लोगों के गुस्से को दबाने के लिए सख्त से सख्त कदम उठाती है.
राव इमरान सरताज अपने बयान में आगे कहते हैं कि 'जान सदका-ए-माल है और इज्जत सदका-ए-जान है'. आज के दौर में पाकिस्तान बुरी तरह आंतरिक असंतोष, आर्थिक संकट, महंगाई-बेरोजगारी और आतंकवाद को पालने के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर घिरा हुआ है. पाकिस्तान के हुक्मरान आए दिन कहीं ना कहीं किसी ना किसी देश के आगे झोली फैलाकर कर्ज की भीख मांगते हुए नजर आ जाते हैं.