)
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को DBT यानी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि ट्रांसफर की. उन्होंने 1 करोड़ 9 लाख से अधिक लाभार्थियों के खाते में अक्टूबर 2026 के लिए ₹1205.91 करोड़ की राशि भेजी. अब लाभार्थियों को हर महीने ₹1100 पेंशन मिल रही है. इसमें वृद्धजन, दिव्यांग और विधवा पेंशन योजना के लाभार्थियों को लाभ मिलता है. पटना में आयोजित संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पेंशन की राशि ट्रांसफर की. इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव भी मौजूद रहे. समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की.
कार्यक्रम के बाद अपने एक्स अकाउंट पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लिखा- 10 अक्टूबर, बिहार पेंशन दिवस! आज, बिहार में 1 करोड़ से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशनभोगियों- जिनमें वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांगजन और विधवा महिलाएं शामिल हैं- के बैंक खातों में DBT के माध्यम से कुल ₹1,205.91 करोड़ की राशि हस्तांतरित की गई. इसके तहत प्रत्येक लाभार्थी को ₹1,100 दिए गए हैं. सामाजिक सुरक्षा, जन कल्याण और समावेशी विकास- यही हमारा संकल्प है.
10 तारीख, बिहार पेंशन दिवस! आज बिहार के वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं विधवा बहनों सहित 1 करोड़ से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में प्रति लाभार्थी ₹1,100 की दर से कुल ₹1,205.91 करोड़ की राशि DBT के माध्यम से हस्तांतरित की। सामाजिक सुरक्षा, जनकल्याण और समावेशी विकास- यही हमारा संकल्प है। #BiharPensionDiwas #विकसित_भारत #समृद्ध_बिहार #SamajikSuraksha
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) November 10, 2026
बिहार के समाज कल्याण विभाग की ओर से एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा गया, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत ₹1100 की मासिक सहायता दी जाती है, जो जीवन के हर पड़ाव पर मन की शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करती है.
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना से मिल रही है हर महीने ₹1100 की सहायता, ताकि जीवन के हर पड़ाव पर बना रहे सुकून और सुरक्षा। @DrShwetaGuptJDU @IPRDBihar #VridhjanSamman #PensionScheme #BiharGovt #SocialWelfare #ElderlyCare https://t.co/zr5Xn9XH2U
— Social Welfare Department, Bihar (@DoSWBihar) November 10, 2026
इस दौरान डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने कहा कि बिहार के त्वरित विकास के लिए अशोक कन्वेंशन सेंटर में 12 से 13 जनवरी के बीच ग्लोबल कन्वेंशन आन ट्रांसफॉर्मिंग बिहार 23027 का आयोजन किया जाएगा. इसमें देश विदेश से 1500 लोग आएंगे. इस आयोजन को लेकर कोई भी सुझाव दे सकता है, जिसको लेकर डिप्टी सीएम ने एक पोर्टल भी लांच किया.
पहले सामाजिक सुरक्षा के नाम पर केवल 400 रुपये की पेंशन मिलती थी, जिसे 2025 के जुलाई महीने में बढ़ाकर 1100 रुपये कर दिया गया था. यह बढ़ी हुई राशि बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को दी जाती है.
सामाजिक सुरक्षा पेंशन के रूप में मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना, बिहार नि:शक्तता पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय नि:शक्तता पेंशन योजना में राशि ट्रांसफर की जाती है.