)
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर बिहार आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की ओर से कई पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है. त्योहारों के समय बिहार से दूसरे राज्यों में नौकरी और पढ़ाई करने वाले लोगों को अपने घर पहुंचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिलते, बसों में भारी भीड़ रहती है और हवाई जहाज का किराया काफी महंगा हो जाता है. यात्रियों की इन्हीं परेशानियों को देखते हुए रेलवे ने देश के अलग-अलग शहरों से बिहार के लिए कई स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की है, ताकि छठ के मौके पर लोग आसानी से अपने घर पहुंच सकें.
इसी कड़ी में सुबह बेंगलुरु से दरभंगा जाने वाली पूजा स्पेशल ट्रेन पटना जंक्शन पहुंची. हालांकि, यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब चार घंटे की देरी से पहुंची. इतना ही नहीं, आगे की यात्रा में भी इसके लगभग छह घंटे लेट चलने की जानकारी है. इसके अलावा आनंद विहार से भागलपुर जाने वाली स्पेशल ट्रेन करीब तीन घंटे की देरी से चल रही है, जबकि अहमदाबाद से राजगीर जाने वाली स्पेशल ट्रेन भी लगभग चार घंटे लेट है. त्योहार के समय ट्रेनों की इस लेटलतीफी से यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है. लंबी दूरी तय करके बिहार पहुंचने वाले यात्रियों को स्टेशन पर भी इंतजार करना पड़ रहा है.
वहीं, छठ और दिवाली के दौरान रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन भी अलर्ट मोड में है. स्टेशनों पर यात्रियों के टिकट की जांच की जा रही है. इसके साथ ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ओर से यात्रियों के सामान की भी जांच की जा रही है. रेलवे प्रशासन का प्रयास है कि त्योहारों के दौरान स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे और यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है.
इसके अलावा यात्रियों की बढ़ती संख्या और दिल्ली से बिहार आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे 11 नवंबर से दिल्ली और पटना के बीच एक वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन शुरू करने जा रही है. इस ट्रेन के परिचालन से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले बिहार के लोगों को घर पहुंचने का एक और विकल्प मिलेगा.
रिपोर्ट: शिवम राज