App

छठ से पहले पटना को बड़ी सौगात: गंगा में दौड़ेगी वाटर मेट्रो, मुख्यमंत्री आज करेंगे शुभारंभ

बिहार की राजधानी पटना में आज से वाटर मेट्रो सेवा की शुरुआत होने जा रही है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दोपहर 3 बजे दीघा घाट से इसका शुभारंभ करेंगे. शुरुआत में वाटर मेट्रो दीघा घाट से कंगन घाट के बीच 12 किलोमीटर का सफर तय करेगी.

छठ से पहले पटना को बड़ी सौगात: गंगा में दौड़ेगी वाटर मेट्रो, मुख्यमंत्री आज करेंगे शुभारंभ
Image Credit: प्रतिकात्मक तस्वीर (AI Photo)

बिहार में चारों ओर इन दिनों दिवाली खत्म होने के बाद छठ की तैयारियां जोरों पर हैं. छठ महापर्व के पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बिहार को एक और बड़ी सौगात देने जा रहे हैं. राजधानी पटना में गंगा नदी पर पर्यटन और जल परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में आज एक नई शुरुआत होने जा रही है. राजधानी में आज से वाटर मेट्रो सेवा शुरू होगी. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दोपहर तीन बजे दीघा घाट से इस सेवा का शुभारंभ करेंगे. शुरुआती चरण में वाटर मेट्रो दीघा घाट से कंगन घाट के बीच करीब 12 किलोमीटर का सफर तय करेगी. इस सेवा के शुरू होने के बाद पटना में गंगा नदी के रास्ते आवागमन का एक नया विकल्प भी मिलेगा.

100 यात्रियों की होगी क्षमता

इस वाटर मेट्रो में एक बार में लगभग 100 यात्रियों के सफर करने की क्षमता होगी. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वाटर बोट को आधुनिक तकनीक से लैस किया गया है. यात्रियों को बैठने के लिए पूरी एयर कंडीशन केबिन बनाया गया है. इसके अलावा मोबाइल चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध होगी. सुरक्षा के लिहाज से केबिन के हर कोने में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. इस वाटर मेट्रो में यात्रियों की सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट समेत अन्य जरूरी इंतजाम भी किए गए हैं. वहीं, ऑटोमेटिक लोकेशन सिस्टम के जरिए बोट की लगातार निगरानी की जाएगी.

10 से 15 मिनट में पूरी तरह से होगा चार्ज

बोट को चार्ज करने के लिए विशेष सुपर चार्जर की व्यवस्था की गई है. इसकी मदद से बोट को महज 10 से 15 मिनट में पूरी तरह चार्ज किया जा सकेगा. इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वाटर मेट्रो के रूट पर तीन से चार रेस्क्यू बोट तैनात रहेंगी. इनकी मदद से जरूरत पड़ने पर यात्रियों को तत्काल सुरक्षित निकालने और राहत पहुंचाने का काम किया जा सकेगा. इस तरह यात्रियों के आराम के साथ-साथ उनकी सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा गया है.

आरामदायक और सुरक्षित सफर का नया अनुभव 

वाटर मेट्रो सेवा शुरू होने से पटना में गंगा के रास्ते परिवहन को नई गति मिलने की उम्मीद है. इससे सड़क परिवहन पर निर्भरता कम करने के साथ ही गंगा पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है. पटना आने वाले पर्यटकों को गंगा की लहरों के बीच आधुनिक, आरामदायक और सुरक्षित सफर का नया अनुभव मिलेगा. इसके साथ ही दीघा घाट और कंगन घाट के बीच जल परिवहन की सुविधा विकसित होने से राजधानी में पर्यटन की संभावनाओं को भी विस्तार मिल सकता है.

रिपोर्ट: शिवम राज

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More