)
दीपावली का पावन पर्व पूरे देश में रोशनी और उत्साह के साथ मनाया जाता है, लेकिन मध्य प्रदेश के कई जगहों पर कुछ ऐसी अनोखी और हैरान कर देने वाली परंपराएं निभाई जाती हैं, जिन्हें देखकर किसी की भी रूह कांप सकती है. कहीं मन्नत पूरी होने पर लोग सजी हुई गायों के झुंड के नीचे लेट जाते हैं, तो कहीं दो गांवों के लोग आपस में बारूद भरे जलते हुए हिंगोट एक-दूसरे पर बरसाते हैं. इसके अलावा कहीं भक्त जलते हुए अंगारों पर नंगे पैर चलते हैं, तो कहीं मवेशियों को जलती हुई आग की लपटों के ऊपर से कुदाया जाता है. इन तमाम साहसिक और जोखिम भरी रिवाजों के बीच, रतलाम जिले के एक गांव में गुर्जर समाज की ऐसी अनूठी परंपरा भी देखने को मिलती है, जहां वे दीपावली के तीन दिनों तक ब्राह्मणों का चेहरा तक नहीं देखते हैं. सदियों से चली आ रही इन परंपराओं और मान्यताओं के पीछे गहरी लोक-आस्था जुड़ी हुई है, जिन्हें देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचते हैं.
मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के भिड़ावद गांव में पड़वा के अवसर पर अनोखा और खतरनाक खेल देखने को मिला, जहां मन्नतधारी लोग सड़क पर लेट गए और उनके ऊपर से दर्जनों गायें दौड़कर निकल गईं. स्थानीय ग्रामीण इसे 'गाय गौहरी' परंपरा बताते हैं, जिसके तहत मन्नत पूरी होने पर लोग खुद को गायों के पैरों से रौंदवाते हैं. इस दौरान एक युवक को कुछ समय के लिए बेहोशी भी आई, जो बाद में ठीक हो गया. इस परंपरा की शुरुआत करने वाले 80 वर्षीय 'शंकर मामा' ने बताया कि उन्होंने 60 साल पहले संतान प्राप्ति की मन्नत मांगकर इसकी शुरुआत की थी. पहले यहां सैकड़ों गायें हुआ करती थीं, जबकि अब इनकी संख्या सीमित हो गई है. इस खतरनाक परंपरा और आस्था के खेल को देखने के लिए भारी संख्या में ग्रामीण व दर्शक इकट्ठा हुए और ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया गया.
मध्य प्रदेश के धार जिले के दसई में भी आस्था और परंपरा का अनूठा पर्व 'गाय गोहरी' धूमधाम से आयोजित किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन किया. पर्व को लेकर सुबह से ही विशेष तैयारियां की गईं. गायों और बैलों को आकर्षक ढंग से सजाया गया, उनके शरीर पर रंग लगाए गए, गले में घंटियां व फूलों की मालाएं पहनाई गईं और विशेष चारे के साथ उनका पूजन-अर्चन किया गया. इस अनूठी परंपरा के तहत जिन श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होती हैं, वे जमीन पर पेट के बल लेट जाते हैं और उनके ऊपर से सजी हुई गायों व बैलों का झुंड गुजरता है. स्थानीय मान्यता है कि इस प्रकार गौमाता का आशीर्वाद मिलने से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है, हालांकि यह परंपरा काफी जोखिमपूर्ण भी मानी जाती है.
दीपावली के अगले दिन, शाम 4 बजे इंदौर के गौतमपुरा में शुरू होता है एक अनोखा युद्ध, जिसमें ना कोई हारता और ना ही किसी की जीत होती है. इस युद्ध में तुर्रा दल vs कलंगी दल होते हैं, जो बारूद भरे जलते हिंगोट एक-दूसरे पर फेंकते हैं. 2 घंटे तक आग के गोले बरसते हैं. यह युद्ध आपसी भाईचारे की भी एक अनूठी मिसाल है. युद्ध रूपी यह परंपरा सालों से आज भी आधुनिक युग तक चली आ रही है. इस युद्ध को लेकर योद्धा एक माह पूर्व ही तैयारी में जुट जाते हैं. यह युद्ध कब शुरू हुआ? किसी को नहीं पता, लेकिन बुजुर्ग बताते हैं कि उनके भी बाप-दादाओं के जमाने से यह परंपरा चली आ रही है. यह युद्ध किसी जोखिम से कम और खतरों से खाली नहीं है, लेकिन इसके बाद भी लोग दूर-दूर जंगलों में जाकर युद्ध के लिए हिंगोनिया नामक पेड़ से फल तोड़कर लाते हैं. फल का गूदा निकाला जाता है और उन्हें सुखाया जाता है. इसके बाद योद्धा फल के आंदर बारूद भरते हैं और फिर उसके आखिरी सिरे पर पीली मिट्टी लगाकर पैक किया जाता है.
गोवर्धन पूजा की शाम को रतलाम, मंदसौर, नीमच में भक्त नंगे पैर 10-15 फीट जलते कोयलों पर चलते हैं. ग्रामीणों का मानना है कि गोवर्धन पूजा के दिन दहकते अंगारों पर चलने से भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन महाराज प्रसन्न होते हैं. इससे पूरे वर्ष गांव और पशुधन पर कोई विपत्ति नहीं आती है. इस साहसिक परंपरा को निभाने वाले भक्तों के मन में विश्वास होता है कि भगवान की कृपा से उनके पैर नहीं जलते.
दिवाली वाले दिन सुबह 8 बजे मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा में मन्नतधारी गहने पहनकर बांसुरी बजाते हुए गायों को जंगल चराने ले जाता है. दीपावली के दूसरे दिन यह परंपरा यादव समाज के लोग निभाते हैं. इसमें युवाओं और बुजुर्गों सुबह स्नान के बाद मौन व्रत रखते हैं और फिर हाथों में मोरपंख और लाठियां लेकर नंगे पैर निकल जाते हैं. युवक पूरे दिन का कठिन मौन व्रत रखते हैं और इसी कारण इन्हें मौनियार या मौनिया कहा जाता है.इस परंपरा को लगातार 12 या 14 साल तक निभाया जाता है.
रतलाम जिले के कनेरी गांव में दीपावली की एक ऐसी अनोखी परंपरा है, जहां गुर्जर समाज तीन दिनों तक ब्राह्मणों का चेहरा तक नहीं देखता है. सदियों पुरानी इस परंपरा ने दोनों समाजों के बीच दूरी नहीं, बल्कि आपसी सहयोग और सौहार्द की मिसाल कायम की है. कनेरी गांव में गुर्जर समाज के लोग दीपावली के दिन अपने पूर्वजों यानी पितरों की विशेष पूजा करते हैं. इसके लिए पूरा समाज एकजुट होकर जुलूस के रूप में कनेरी नदी पहुंचता है. यहां सभी लोग कतार में खड़े होकर हाथों में लंबी बेल लेकर पूजा करते हैं और फिर उसे नदी में प्रवाहित कर पितरों को याद करते हुए एकजुटता का संकल्प लेते हैं. इसके बाद सभी मिल-बांटकर घर से लाया भोजन ग्रहण करते हैं, लेकिन सवाल है कि आखिर तीन दिनों तक ब्राह्मणों का चेहरा क्यों नहीं देखते गुर्जर समाज के लोग? इसके पीछे भगवान देवनारायण की माताजी से जुड़ी एक लोकमान्यता है. कहा जाता है कि उन्होंने ब्राह्मणों को श्राप दिया था कि रूप चौदस, दीपावली और पड़वा, इन तीन दिनों में ब्राह्मण गुर्जर समाज के सामने नहीं आएंगे और गुर्जर समाज भी उनका चेहरा नहीं देखेगा.
हरदा जिले में गोवर्धन पूजा के अवसर पर एक बहुत ही अनोखी और सदियों पुरानी परंपरा निभाई जाती है. दीपावली के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा पर ग्रामीण अपने मवेशियों (गाय, बैल आदि) को नहला-धुलाकर और उनका खास श्रृंगार करते हैं. इसके बाद घर या गांव की दहलीज/चौक पर सूखी लकड़ी से आग जलाई जाती है और इन मवेशियों को जलती हुई आग की लपटों के ऊपर से कूदाया जाता है. ग्रामीण लोगों का कहना है कि दीपावली के बाद में ही विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाता है वही पशुओं को अलग-अलग रंगों से तैयार करके आज उन्हें घर की चौखट से गोवर्धन की पूजा के साथ में बाहर निकाला जाता है पुराने परंपरा को निभाते हुए आज भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं.
दिवाली के 2-3 दिन बाद दोपहर 2 बजे बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा में दो ट्रैक पर बैलों की रेस कराई जाती है. इसमें लाखों तक का इनाम मिलता है. मैदान में मिट्टी या रेत के दो समानांतर ट्रैक बनाए जाते हैं, जहाँ दो अलग-अलग बैलजोड़ियां एक साथ फुल स्पीड में दौड़ती हैं.
गोवर्धन पूजा के दिन सुबह 9 बजे पूरे मालवा-निमाड़ में गोबर से गोवर्धन, उनकी पत्नी और चुगलखोर जमाई की मूर्ति बनाई जाती है. इस दौरान उनकी पूजा की जाती है. इसके बाद गायों से सभी मूर्तियों को कुचलवाया जाता है, तभी पूजा पूरी मानी जाती है.