)
प्रवेश कुमार/अयोध्या: भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या में हर दिन भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिलता है. लेकिन दीपावली के तीसरे दिन यहाँ एक बेहद अनोखी परंपरा निभाई जाती है, जहां स्वयं कालदेवता महाराज यमराज की पूजा की जाती है. इस मौके पर सरयू तट स्थित यमथरा घाट पर मेला लगता है. सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर सरयू में स्नान करते हैं और यमराज के दरबार में हाजिरी लगाते हैं.
ऐसी मान्यता है कि भगवान श्रीराम के पृथ्वी से प्रस्थान के समय यमराज उन्हें लेने अयोध्या आए थे. कहा जाता है कि उन्होंने जमथरा घाट पर विश्राम किया और वहीं से आगे जाकर प्रभु श्रीराम ने गुप्तार घाट पर जल समाधि ली थी. इसी पौराणिक घटना की स्मृति में आज भी कार्तिक शुक्ल पक्ष द्वितीया, जिसे यम द्वितीया कहा जाता है, के दिन सरयू तट स्थित यमथरा घाट पर परंपरागत रूप से मेला आयोजित होता है.
प्रातःकाल से ही श्रद्धालु सरयू स्नान कर भयमुक्त और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए यमराज की पूजा-अर्चना करते हैं. विशेषकर बहनें इस दिन व्रत रखकर अपने भाइयों के कल्याण और लंबी आयु की प्रार्थना करती हैं.
किंवदंती है कि यमराज ने यह तपोस्थली स्वयं अयोध्या माता से प्राप्त की थी. इसलिए यहां की पूजा से मनुष्य को यमभय से मुक्ति और मृत्यु पर विजय का आशीर्वाद मिलता है. श्रद्धालुओं का विश्वास है कि यमथरा घाट पर की गई पूजा उनके जीवन में शांति, सुरक्षा और समृद्धि लाती है.
इसी दिन दीपावली पर पूजी गई लक्ष्मी-गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन भी सरयू में किया जाता है. दीपों की रोशनी और भक्तिभाव से जगमगाती यह परंपरा अयोध्या की सनातन संस्कृति और श्रद्धा का अनुपम प्रतीक है, जहाँ आस्था और परंपरा एक साथ दीपवत् आलोकित होती हैं.