)
मथुरा: मथुरा जिले में स्थित गोवर्धन पर्वत सिर्फ एक पहाड़ नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़ी आस्था का सबसे बड़ा केंद्र है.यहां हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु गिरिराज महाराज की परिक्रमा करने पहुंचते हैं. खासतौर पर गोवर्धन पूजा, पूर्णिमा, एकादशी और कार्तिक मास में यहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है. गोवर्धन पर्वत की पूरी परिक्रमा करीब 21 किलोमीटर यानी 7 कोस की होती है.
परिक्रमा की शुरुआत दानघाटी मंदिर से मानी जाती है. अधिकतर श्रद्धालु यहां गिरिराज महाराज के दर्शन और पूजा के बाद यात्रा शुरू करते हैं. कुछ लोग मानसी गंगा से भी शुरू करते हैं.परिक्रमा में श्रद्धालु गोवर्धन पर्वत को अपनी दाईं ओर रखकर दक्षिणावर्त दिशा में चलते हैं और पूरा चक्कर लगाकर वापस उसी जगह पहुंचते हैं.
1. दानघाटी मंदिर-परिक्रमा का शुरुआती पड़ाव.यहां गिरिराज महाराज का दुग्धाभिषेक होता है. मान्यता है, यहां श्रीकृष्ण गोपियों से दान मांगने की लीला करते थे.
2. आन्यौर गांव -गोवर्धन पूजा और अन्नकूट की परंपरा से जुड़ा गांव.
3. गोविंद कुंड-मान्यता है, गोवर्धन लीला के बाद यहां देवताओं ने श्रीकृष्ण का अभिषेक किया था.
4. पूंछरी का लौठा-पर्वत के दक्षिणी छोर पर स्थित. इसे गिरिराज के पूंछ वाले हिस्से से जोड़ा जाता है. यहां लौठा बाबा के दर्शन होते हैं.
5. जतीपुरा-मुखारविंद-इसे गिरिराज महाराज के मुख स्वरूप में पूजा जाता है. यहां दूध से अभिषेक होता है. ये परिक्रमा का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव है.
6. मानसी गंगा-गोवर्धन कस्बे के बीच पवित्र सरोवर। मान्यता है, श्रीकृष्ण ने अपनी इच्छा से यहां गंगा को प्रकट किया था. श्रद्धालु यहां स्नान, पूजा और दीपदान करते हैं.
7. उद्धव कुंड-श्रीकृष्ण के परम भक्त उद्धव से जुड़ा स्थान.
8. राधाकुंड-श्यामकुंड-परिक्रमा के सबसे प्रसिद्ध स्थल माने जाते हैं. राधाकुंड को राधारानी और श्यामकुंड को श्रीकृष्ण से जोड़ा जाता है.
9. कुसुम सरोवर-सुंदर घाटों और छतरियों के लिए प्रसिद्ध है. ऐसी मान्यता है, राधारानी और गोपियां यहां फूल चुनने आती थीं. यहां महाराजा सूरजमल की भव्य छतरी भी है.
पैदल परिक्रमा करेंगे तो 5 से 7 घंटे लग सकते हैं. ई-रिक्शा से लगभग 2 से 4 घंटे लग सकते हैं. अगर दंडवती परिक्रमा कर रहे हैं तो कई दिन लग सकते हैं. दंडवती में श्रद्धालु जमीन पर साष्टांग लेटकर आगे बढ़ते हैं, इसलिए इसमें सबसे ज्यादा समय लगता है.
बड़ी परिक्रमा-करीब 12 किलोमीटर: दानघाटी से आन्यौर, गोविंद कुंड, पूंछरी का लौठा, जतीपुरा होते हुए वापस गोवर्धन.
छोटी परिक्रमा - करीब 9 किलोमीटर: उद्धव कुंड, राधाकुंड, श्यामकुंड, कुसुम सरोवर और मानसी गंगा होते हुए वापस. दोनों को मिलाकर ही 21 KM की पूरी परिक्रमा होती है.
रास्ते में पेयजल, चाय-नाश्ता-भोजन की दुकानें, विश्राम स्थल, शौचालय, ई-रिक्शा की सुविधा मिलती है. बड़े पर्वों पर पुलिस सहायता केंद्र, चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस और खोया-पाया केंद्र भी लगाए जाते हैं.
सुबह या शाम को परिक्रमा करें, दोपहर की गर्मी से बचें,पर्याप्त पानी साथ रखें,आरामदायक कपड़े पहनें, जरूरत पर विश्राम करें
बुजुर्ग और बच्चे अपनी क्षमता के हिसाब से ही चलेंकुंडों में स्नान करते समय सावधानी बरतें
गंदगी न फैलाएं
नंगे पैर परिक्रमा परंपरा है, लेकिन पैरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें
मान्यता है, भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठा लिया था. सात दिन तक पर्वत को धारण कर उन्होंने सबको आश्रय दिया था. इसी घटना की याद में गोवर्धन को गिरिराज महाराज के रूप में पूजा जाता है. श्रद्धालु मानते हैं, उनकी परिक्रमा से श्रीकृष्ण की कृपा मिलती है.