)
इंसान जीवन भर मंदिरों, गुरुद्वारों और धार्मिक जगहों पर माथा टेककर औलाद की दुआ मांगता है. संतान के जन्म से लेकर उसकी परवरिश, पढ़ाई-लिखाई और शादी तक माता-पिता अपना पूरा जीवन और खून-पसीने की कमाई लगा देते हैं. हर माता-पिता का एक सपना होता है कि बुढ़ापे में उनकी औलाद उनका सहारा बने और अंतिम समय में उनके बच्चे उन्हें कंधा देकर मुखाग्नि दें. लेकिन पानीपत में सामने आई एक घटना ने रिश्तों, संवेदनाओं और सामाजिक जिम्मेदारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
पांच बेटियों के पिता सुशील कुमार की मौत के बाद उनके परिवार का कोई सदस्य अंतिम संस्कार करने तक नहीं पहुंचा. यहां तक कि बेटियों और दामादों ने पिता का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया. आखिरकार जनसेवा दल के प्रधान चमन गुलाटी और उनकी टीम ने आगे आकर बेटे का फर्ज निभाया और हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार करवाया.
मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से झारखंड के धनबाद निवासी सुशील कुमार पानीपत रिफाइनरी में नौकरी करते थे. 61 वर्ष की उम्र में नियमित काम से हटाए जाने के बाद उन्हें अस्थायी तौर पर प्राइवेट काम दिया गया था. वह ददलाना गांव के पास स्थित एक कॉलोनी में रह रहे थे. इसी दौरान उनका निधन हो गया. उनके परिवार में पांच बेटियां हैं, जिनमें से तीन की शादी हो चुकी है, जबकि दो अविवाहित हैं.
सुशील कुमार के निधन के बाद उनके मालिक ने परिवार से संपर्क किया, लेकिन परिवार वालों ने शव लेने से इनकार कर दिया. इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम करवाया और जन सेवा दल से संपर्क कर अंतिम संस्कार करवाने का आग्रह किया. जनसेवा दल के प्रधान चमन गुलाटी ने परिवार से बातचीत की, लेकिन बेटियों और दामादों ने दूरी और अपनी मजबूरियों का हवाला देते हुए पानीपत आने में असमर्थता जताई.
चमन गुलाटी के अनुसार, उन्होंने बेटियों और दामादों से व्यक्तिगत रूप से बात की. किसी ने बैंगलोर में रहने तो किसी ने अन्य कारणों से नहीं आ पाने की बात कही. जब उनसे पूछा गया कि क्या परिवार का कोई अन्य सदस्य आ सकता है, तो भी कोई तैयार नहीं हुआ. बेटियों ने उनसे कहा कि वे अंतिम संस्कार कर दें और उन्हें वीडियो कॉल के माध्यम से पूरी प्रक्रिया दिखा दें. दोपहर करीब दो बजे जनसेवा दल ने सुशील कुमार का अंतिम संस्कार किया और बेटियों को वीडियो कॉल के जरिए अंतिम संस्कार दिखाया. हैरानी की बात ये रही कि जब परिवार से अस्थियां लेने आने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इससे भी असमर्थता जताते हुए कहा कि वे अस्थियां लेने भी नहीं आ पाएंगे और जन सेवा दल ही उनका हरिद्वार में विसर्जन करवा दे.
चमन गुलाटी ने बताया कि जन सेवा दल ने सुशील कुमार की अस्थियां विधि-विधान से एकत्रित कर शिवपुरी श्मशान भूमि में सुरक्षित रखवा दी हैं. परिवार को अभी दो से तीन दिन का समय और दिया जाएगा. इस दौरान यदि कोई परिजन अस्थियां लेने पहुंचता है तो उन्हें सौंप जाएंगी. यदि कोई नहीं आता तो जनसेवा दल पंडित के साथ हरिद्वार जाकर हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार अस्थियों का गंगा में विसर्जन करेगा.
चमन गुलाटी ने कहा कि अगर परिवार के पास पानीपत आने का साधन या खर्च नहीं था तो जनसेवा दल एंबुलेंस के माध्यम से शव धनबाद तक भेजने के लिए भी तैयार था, लेकिन परिवार की तरफ से इसमें भी रुचि नहीं दिखाई गई. उन्होंने कहा कि जिस औलाद को माता-पिता जीवन भर पाल-पोस कर बड़ा करते हैं, उनसे यही उम्मीद रखते हैं कि अंतिम समय में वह उन्हें कंधा देगी और मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई देगी. लेकिन इस घटना ने उन्हें बेहद आहत किया है.
पांच बेटियों का पिता होने के बावजूद सुशील कुमार को अंतिम विदाई देने के लिए परिवार का कोई सदस्य नहीं पहुंचा. जिस पिता ने अपनी जिंदगी परिवार के लिए समर्पित की, उसके अंतिम सफर में अपने ही साथ नहीं थे. ऐसे में जन सेवा दल ने मानवता का परिचय देते हुए वह जिम्मेदारी निभाई, जिसे निभाने की उम्मीद परिवार से की जाती है. ये घटना केवल एक परिवार की कहानी नहीं, बल्कि बदलते सामाजिक रिश्तों और माता-पिता के प्रति बच्चों की जिम्मेदारियों पर आत्ममंथन करने का अवसर भी है.
(पानीपत से राकेश भयाना की रिपोर्ट)