)
उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है. प्रदेश में सत्ता बरकरार रखने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने सहयोगियों को साधने के लिए रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है.
सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी अपने सहयोगी दलों को सीट बंटवारे में तवज्जोह देने वाली है. पार्टी रालोद, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP), अपना दल (एस) और निषाद पार्टी को साधने के लिए एक बड़ा फॉर्मूला तैयार कर रही है.
सहयोगियों को मिल सकती हैं 60 से 80 सीटें
सूत्रों का कहना है कि बीजेपी यूपी विधानसभा चुनाव के सीट बंटवारे में अपने इन चारों सहयोगी दलों को लगभग 60 से 80 सीटें दे सकती है. पार्टी का मकसद हर क्षेत्र में समीकरणों को मजबूत करना है, ताकि विपक्ष के खिलाफ एक मजबूत एनडीए गठबंधन के साथ चुनावी मैदान में उतरा जा सके. पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल तक हर दल के प्रभाव वाले क्षेत्रों को ध्यान में रखकर सीटों का यह आंकड़ा तय किया जा रहा है.
दिसंबर के पहले हफ्ते में होगी अंतिम बैठक
सीटों के इस फॉर्मूले पर अभी अंतिम मुहर लगना अभी बाकी है. सूत्रों के अनुसार, दिसंबर के पहले हफ्ते में सहयोगी दलों के राष्ट्रीय अध्यक्षों की दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ एक अहम बैठक होने वाली है. इस हाई-लेवल मीटिंग के बाद ही किस दल के खाते में कौन सी और कितनी सीटें जाएंगी, इसका औपचारिक ऐलान किया जाएगा और सीटों के चयन की प्रक्रिया पूरी होगी.
सबको साथ लेकर चलेगी बीजेपी
कुल मिलाकर, बीजेपी ने यूपी में सबको साथ लेकर चलने का मन बना लिया है. 60 से 80 सीटों का यह फॉर्मूला सहयोगियों को संतुष्ट रखने और विपक्ष के सामाजिक समीकरणों की काट ढूंढने के लिए अहम माना जा रहा है. अब सबकी निगाहें दिसंबर के पहले हफ्ते में होने वाली हाईकमान की बैठक पर टिकी हैं, जिसके बाद प्रदेश की चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी.
(लखनऊ से विशाल रघुवंशी की रिपोर्ट)