App

'पटाखों पर बैन से कम होगा AQI, तो नहीं बेचेंगे', दिल्ली में बढ़े प्रदूषण पर CTI ने उठाए सवाल; पूछा- दिवाली से पहले क्यों खराब थी हवा?

दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर सियासत भी हाई है. राजधानी के कई इलाकों में AQI 400 पार है. इस बीच सीटीआई ने देश के सभी राजनीतिक दलों के नाम एक पत्र लिखा है और कहा कि दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के लिए केवल पटाखों को जिम्मेदार नहीं माना जा सकता है.

'पटाखों पर बैन से कम होगा AQI, तो नहीं बेचेंगे', दिल्ली में बढ़े प्रदूषण पर CTI ने उठाए सवाल; पूछा- दिवाली से पहले क्यों खराब थी हवा?
Image Credit: सीटीआई ने राजनीतिक दलों से पूछे सवाल. (फोटो- एआई)

दिल्ली में इस समय प्रदूषण का मामला गरमाया हुआ है. दिवाली के बाद दिल्ली के अधिकांश इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार चला गया. राजधानी में बढ़ते हुए प्रदूषण पर सियासत भी बढ़ गई है. विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है. वहीं, सरकार और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर बयानबाजी भी शुरू हो गई है.

इन सबके बीच दिल्ली के कारोबारियों के संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) की एक अलग राय निकलकर सामने आई है. सीटीआई ने सवाल उठाया कि क्या दिल्ली में पटाखो पर रोक लगाने से इस बात की गारंटी मिल जाएगी कि प्रदूषण पर लगाम लग जाएगा. सीटीआई ने दो टूक कहा कि एक रात के दिवाली के पटाखों को प्रदूषण के लिए जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है.

सीटीआई ने लिखा खुला पत्र

दरअसल, सीटीआई के अध्यक्ष बृजेश गोयल ने सभी राजनीतिक दलों को एक खुला पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने साफ किया कि केवल दिवाली के पटाखों को प्रदूषण के लिए खलनायक बनाना बंद किया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदूषण के लिए असली जिम्मेदार पराली है. सभी राज्यों को केंद्र के साथ मिलकर पराली का कोई स्थायी समाधान निकालना चाहिए.

सीटीआई ने कहा कि सभी लोग प्रदूषण के खिलाफ हैं और दिल्ली में वह साफ हवा देखना चाहते हैं. इसके लिए केवल पटाखों को दोष देना सही नहीं है. पटाखा व्यापारियों की रोजी-रोटी पर ताला लगाने से समाधान नहीं निकलेगा.

जब पटाखे नहीं, जले थे तब कैसे प्रदूषण बढ़ा

अपने पत्र में सीटीआई की ओर से यह भी तर्क दिया गया कि पटाखे 8 नवंबर को जले, लेकिन दिल्ली का AQI 5, 6 और 7 नवंबर को भी 350 से 400 के बीच था. ऐसे में कैसे कहा जा सकता है कि केवल पटाखों से दिल्ली की हवा खराब हुई. जब पटाखे नहीं जले थे, तब क्यों प्रदूषण था? सीटीआई के अध्यक्ष ने सवाल किया कि हर साल केवल अक्टूबर से जनवरी के बीच ही प्रदूषण क्यों बढ़ता है. बाकी महीनों में हवा साफ कैसे रहती है.

10 लाख लोगों की रोजी-रोटी का सवाल

व्यापारियों का पक्ष रखते हुए बृजेश गोयल ने कहा कि इस कारोबार से देशभर में करीब 10 लाख लोगों का परिवार चलता है. छोटा व्यापारी साल भर पैसा एकत्र करता है, लेकिन ऐन वक्त पर प्रतिबंध लगा देने से उसका पूरा निवेश डूब जाता है. गोयल ने यह भी पूछा कि जब सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर ग्रीन पटाखे बने हैं, तो बार-बार उन्हें क्यों निशाना जाता है. गोयल ने यहां तक दावा किया कि अगर कोई गारंटी ले कि पटाखों पर बैन लगाने से कम होगा AQI, तो खुद हम बेचना बंद कर देंगे.

हिंदू त्योहारों पर ही क्यों थोपे जाते हैं नियम

बृजेश गोयल ने सवाल किया कि केवल हिंदू त्योहारों पर ही पर्यावरण के नाम पर सबसे सख्त नियम क्यों थोपे जाते हैं. क्या नए साल पर बजने वाले या किसी अन्य प्रथाओं पर बजने वाले पटाखों से प्रदूषण नहीं फैलता है. कानून तो सभी के लिए सामान्य होना चाहिए. गोयल ने कहा कि सभी लोग साफ हवा, व्यापार, परंपरा और बच्चों की खुशी चाहते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदूषण का असली हल चयनात्मक प्रतिबंध नहीं, बल्कि सालभर वैज्ञानिक तरीके से काम करना है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

abhinav tripathi

abhinav tripathi

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More