)
दिवाली के एक दिन बाद, दिल्ली में हवा तकनीकी रूप से पहले से साफ है. इससे लोग हैरान हैं कि त्योहार पर पटाखों के धुएं और पड़ोसी राज्य पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में बढ़ोतरी के बावजूद प्रदूषण का स्तर कैसे कम हो गया.
हालांकि, एक्सपर्ट्स ने इस सुधार के पीछे दो संभावित कारण बताए हैं. हवा की अनुकूल स्थिति, जिसने प्रदूषकों को फैलने में मदद की, और प्रदूषण का स्तर ज्यादा होने के दौरान कई एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशनों से डेटा का गायब होना.
'सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर' (CREA) में एयर क्वालिटी और एनर्जी एनालिस्ट डॉ. मनोज कुमार ने चिंता जताई है कि 9 नवंबर की सुबह दिल्ली के 59 में से 36 मॉनिटरिंग स्टेशनों से PM2.5 के आंकड़े गायब थे.
उन्होंने कहा कि इतने सारे स्टेशनों से डेटा न मिलने के कारण शहर के कुल प्रदूषण औसत पर असर पड़ सकता है, जिससे एयर क्वॉलिटी की एक भ्रामक तस्वीर सामने आ सकती है.
उन्होंने कहा, 'एक तय समय के लिए, दिल्ली के 59 में से लगभग 36 मॉनिटरिंग स्टेशनों का डेटा गायब था. यह एक बड़ी संख्या है. जब इतने सारे स्टेशनों का डेटा उपलब्ध नहीं होता है, तो शहर का कुल औसत PM2.5 स्तर कम हो सकता है, और हमें उस समय प्रदूषण के स्तर की सही तस्वीर नहीं मिल पाती.'
कुमार ने आगे कहा,'डेटा गायब होने से दैनिक औसत स्तर भी कम हो सकता है, और अगर इन आंकड़ों को हटा दिया जाए, तो इससे AQI की कैलकुलेशन पर भी असर पड़ सकता है.' कुमार ने कहा, असल में, प्रदूषण के जो स्तर बताए गए हैं, वे वास्तविक स्तरों से कम लग सकते हैं.'
कुमार के अनुसार, 9 नवंबर को रात 1 बजे 36 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर PM2.5 का प्रति घंटे का डेटा गायब था. इससे एक अहम समय के दौरान प्रदूषण डेटा की सटीकता और उसकी विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं.

सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, 9 नवंबर को शाम 4:53 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 344 था. इसकी तुलना में, 8 नवंबर को यह 376, 7 नवंबर को 369 और 6 नवंबर को 382 था.
हालांकि, कुमार का कहना है कि इस सुधार की वजह पूरी तरह से डेटा का गायब होना नहीं है. उन्होंने बताया कि मौसम की अनुकूल स्थितियों ने भी दिल्ली-NCR में प्रदूषकों को फैलने (हटने) में मदद की.
उन्होंने कहा, 'अगली सुबह हवा की स्थिति काफी अच्छी थी.हवा की बेहतर स्थिति प्रदूषकों को फैलने में मदद करती है, और यही वजह है कि न केवल दिल्ली में, बल्कि पूरे NCR में हवा बेहतर या साफ रही.'
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अनुकूल हवाएं और मॉनिटरिंग स्टेशनों के डेटा का गायब होना, ये दोनों अलग-अलग मुद्दे हैं, जिनकी अलग-अलग जांच की जानी चाहिए.