)
भारत के साथ दुनिया के कई देशों में दिवाली की धूम देखने को मिली. गल्फ देश संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में भी दिवाली का पर्व काफी धूमधाम से मनाया गया. विशेषकर अबू धाबी में स्थित BAPS हिंदू मंदिर में भी दीयों के इस त्योहार पर जबरदस्त रौनक देखने को मिली, जहां पर हजारों की संख्या में लोग पहुंचे.
दिवाली के खास मौके पर BAPS हिंदू मंदिर को खास अंदाज में सजाया गया था. यहां पर खुद शेख नहयान बिन मुबारक भी दिवाली के मौके पर मंदिर पहुंचे. बता दें कि शेख नहयान बिन मुबारक अल नहयान सहिष्णुता और सह-अस्तित्व मंत्री हैं. संयुक्त अरब अमीरात के शाही परिवार के सदस्य ने दिवाली के मौके पर लोगों को शुभकामनाएं दीं.
यूएई सरकार के मंत्री शेख नहयान बिन ने BAPS हिंदू मंदिर में यूनिटी ऑफ लाइट्स का उद्घाटन किया. इस कार्यक्रम को लेकर बीएपीएस की ओर से बताया गया कि दिवाली मनाने के लिए शेख नहयान बिन मुबारक अल नहयान हजारों लोगों के साथ शामिल हुए. कार्यक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है, जो लोगों को काफी पसंद आ रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे अल नहयान मंदिर में पुजारियों से मुलाकात कर रहे हैं और लोगों से भी मिल रहे हैं.
UAE के सहिष्णुता और सह-अस्तित्व मंत्री, शेख नहयान बिन मुबारक अल नहयान ने BAPS हिंदू मंदिर में 'यूनिटी ऑफ लाइट्स' कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस उत्सव के शुरुआती दिनों में ही यहाँ 30,000 से अधिक लोग पहुंचे। पारंपरिक वेशभूषा में आए अमीराती नागरिकों और अन्य निवासियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और 'महा अन्नकूट' में हिस्सा लिया। उन्होंने मंदिर को राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताया, जिसमें मौजूद प्रकाश की सात किरणें UAE के सात अमीरातों को दर्शाती हैं। #UAE #BAPS #Mandir #Diwali | #ZeeNews
— Zee News (@ZeeNews) November 10, 2026
दिवाली के मौके यूएई स्थित BAPS मंदिर रोशनी से सराबोर है. दावा है कि दिवाली के मौके पर यहां पर 30,000 से अधिक लोग पहुंचे. मंदिर में सभी धर्मों के लोग दिवाली मनाते नजर आए. न केवल अबू धाबी में, बल्कि यूएई के अलग-अलग शहरों में भी दिवाली को उत्साह के साथ मनाया गया. यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने भी रविवार को यूएई और दुनिया भर में दिवाली का त्योहार मना रहे लोगों को शुभकामनाएं दीं.
गौरतलब है कि यूएई में बड़ी संख्या में भारतीय रहते हैं, जो हर साल दिवाली का पर्व खास अंदाज में मनाते हैं. यूएई के दुबई में स्थित दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा भी दिवाली के मौके पर खास रंगों में डूबा नजर आया. बुर्ज खलीफा पर लाइटों के माध्यम से दिवाली की बधाई दी गई.
🪔 H.E. Sheikh Nahyan bin Mubarak Al Nahyan joined thousands at BAPS Hindu Mandir, Abu Dhabi, for Diwali, inaugurating the Unity of Lights and celebrating the UAE’s values of tolerance, harmony and coexistence. Over 30,000 visitors attended. ✨ https://t.co/1KMtEmn8PO
— BAPS Hindu Mandir (@AbuDhabiMandir) November 9, 2026
यूएई के अबू धाबी स्थित BAPS मंदिर का उद्घटन साल 2024 में किया गया था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मंदिर का उद्घाटन किया था. अबू धाबी में इस मंदिर में बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए आते हैं. बीएपीएस स्वामीनारायण संस्था ने मंदिर का निर्माण कराया है. सबसे खास बात है कि इस मंदिर की जमीन यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने दान में दी थी.