)
अंडर-19 एशिया कप 2026 में भारत के पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग का तूफानी फॉर्म जारी है. मंगलवार को यूएई अंडर-19 के खिलाफ मैच में जूनियर सहवाग ने 160 रनों की शानदार पारी खेली. 95.24 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए दाएं हाथ के ओपनर ने 17 चौके और 7 छक्के जड़े. पिता से उलट आर्यवीर पारी की शुरुआत में थोड़ा वक्त लेते हैं और एक बार क्रीज पर टिक जाने के बाद गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हैं.
यूएई के खिलाफ मैच में भी उन्होंने यही किया. आर्यवीर ने 131 गेंदों का सामना कर शतक ठोका और उसके बाद यूएई के गेंदबाजों पर टूट पड़े. अगली 37 गेंदों पर उन्होंने 60 रन बना दिए.
अल अमरात क्रिकेट ग्राउंड पर अपनी क्लास दिखाते हुए आर्यवीर सहवाग ने 168 गेंदों पर 160 रनों की शानदार पारी खेली. यूएई अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन जूनियर सहवाग ने उनके इस निर्णय पर पानी फेर दिया. कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी 17 रन बनाकर आउट हो गए. उसके बाद आर्यवीर और वीके विनीत ने मोर्चा संभाला और दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 183 गेंदों पर 193 रनों की पार्टनरशिप हुई. आर्यवीर 160 रन बनाकर आउट हुए, वहीं विनीत ने 69 गेंद पर 67 रन की पारी खेली.
A Sehwag special in the making! 🔥💯 Aaryavir Sehwag lights up the stage with a sensational century! 👏 Watch #INDvUAE in #AsiaCupU19 LIVE NOW on #SonyLIV & #SonySportsNetwork https://t.co/oFD6vYANi5
— Sony LIV (@SonyLIV) November 10, 2026
आर्यवीर सहवाग को पिता की तरह बनने में अभी लंबा सफर तय करना है, लेकिन उनमें वीरेंद्र सहवाग की झलक जरूर दिखती है. पूर्व भारतीय दिग्गज बल्लेबाज भी छक्के के साथ 50, 100 और 150 रनों का आंकड़ा पार करने में माहिर थे. जूनियर सहवाग भी उनके नक्शे कदम पर चल रहे हैं. यूएई के खिलाफ मैच में आर्यवीर ने छक्का जड़कर 50 का आंकड़ा क्रॉस किया. इसके बाद वो 150 रन तक भी सिक्स लगाकर पहुंचे. अंडर-19 एशिया कप 2026 में वो शानदार फॉर्म में हैं. इस मैच से पहले नेपाल के खिलाफ भी आर्यवीर ने 52 गेंदों पर 70 रनों की तूफानी पारी खेली थी.
आर्यवीर की शानदार पारी के दम पर इंडिया अंडर-19 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 309 रनों का स्कोर खड़ा किया. मेंस U19 एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए भारत को ये मैच किसी हाल में जीतना होगा. इससे पिछले मुकाबले में पाकिस्तान अंडर-19 के हाथों इंडिया जूनियर टीम को हार का सामना करना पड़ा था. पाकिस्तान के खिलाफ मैच में आर्यवीर 22 रन बनाकर आउट हो गए थे.