)
मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक नगर चंदेरी में इन दिनों आस्था, लोक कला और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है. दीपावली पर शुरू हुआ बुंदेलखंड का पारंपरिक 'मौन परमा व्रत' इस बार स्थानीय लोगों के साथ-साथ विदेशी मेहमानों के आकर्षण का केंद्र भी बन गया है.
माता जागेश्वरी के दरबार से शुरू हुए इस उत्सव में जब ढोल की थाप पर मोनियों ने नृत्य शुरू किया, तो वहां मौजूद न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के सैलानी भी खुद को थिरकने से रोक नहीं पाए. आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं.
ढोल की गूंजती थाप, हाथों में मोरपंख और होंठों पर अटूट मौन, यह नजारा चंदेरी के प्रसिद्ध मां जागेश्वरी देवी मंदिर का है. यहां पर कार्तिक महीने की दूज पर बुंदेलखंड का प्रसिद्ध ‘मौन परमा व्रत’ शुरू हो गया है. मंदिर के पुजारी ने पारंपरिक गांठ बांधकर इस कठिन अनुष्ठान की विधिवत शुरुआत कराई, जिसके बाद मोनियों की टोली ने लोक धुन पर मनमोहक मोनी नृत्य पेश किया.
भारतीय लोक संस्कृति की यह छटा देखकर चंदेरी घूमने आए विदेशी सैलानी भी झूम उठे. न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड से पहुंचे पर्यटक मोनियों की ऊर्जा और संगीत की ताल पर जमकर नाचे. भारत की इस मिट्टी से जुड़े रंग में रंगकर विदेशी मेहमान पूरी तरह मंत्रमुग्ध नजर आए.
आपको बता दें कि यह केवल नृत्य नहीं, बल्कि तपस्या और आस्था की एक बेहद कठिन परीक्षा है. इस व्रत को उठाने वाले युवाओं को 12 वर्षों तक हर साल इस नियम का पालन करना होता है. नियम इतना सख्त है कि एक बार जिस गांव में परिक्रमा कर ली, अगले 12 सालों तक वहां दोबारा नहीं जाया जा सकता. इस तरह एक साधक 12 सालों में कुल 144 गांवों का मौन भ्रमण करता है. 12 वर्ष पूरे होने पर प्रयागराज के पावन संगम में व्रत का विसर्जन किया जाता है और गांव में भव्य भंडारे का आयोजन होता है.
ये भी पढ़ेंः अटूट आस्था या खौफनाक: कहीं 3 दिन तक ब्राह्मणों का मुंह नहीं देखते गुर्जर, तो कहीं बरसाए गए आग के गोले! MP में दिवाली के बाद की 8 खौफनाक परंपराएं
आधुनिकता की दौड़ में जहां कई परंपराएं सिमट रही हैं, वहीं बुंदेलखंड के युवाओं की यह 12 साल की साधना और विदेशी सैलानियों का इस लोक पर्व में उत्साह यह साबित करता है कि भारतीय संस्कृति की जड़ें आज भी पूरी दुनिया को अपनी ओर खींचने की ताकत रखती हैं.
(रिपोर्टः नीरज जैन, अशोक नगर)