App

मौत से पहले कहां सोता रहा वन विभाग? सूरजपुर में कबरा हाथी ने 24 घंटे में ली 3 जानें, देखें आंकड़े

सूरजपुर में कबरा हाथी ने 24 घंटे के अंदर 3 ग्रामीणों की जान ले ली. पिछले छह महीनों में हाथी के हमले से 15 लोगों की मौत हो चुकी है. ग्रामीणों ने वन विभाग पर समय पर मुनादी नहीं कराने के आरोप लगाए हैं.

मौत से पहले कहां सोता रहा वन विभाग? सूरजपुर में कबरा हाथी ने 24 घंटे में ली 3 जानें, देखें आंकड़े
Image Credit: ZEE CREATIVE

सूरजपुर में जंगली कबरा हाथी ने पूरे इलाके में आतंक मचा रखा है. वन विभाग की लापरवाही के चलते ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. दिवाली की रात में दो ग्रामीणों को कुचलने के बाद फिर से कंदरई गांव में एक और ग्रामीण की जान ले ली है. यानी महज 24 घंटे के अंदर हाथी के हमले में तीन ग्रामीणों की दर्दनाक मौत हो गई है. वहीं पिछले छह महीनों में अकेले कबरा हाथी अब तक 15 लोगों की जान ले चुका है, लेकिन हाथी की निगरानी और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए बड़ी टीम तैनात होने का दावा करने वाला वन विभाग आखिर कर क्या रहा है?

हैरानी की बात यह है कि कल दो मौतों के बाद कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने खुद अधिकारियों को हाथी को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजने के निर्देश दिए थे, लेकिन उन निर्देशों का भी कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते मुनादी और चेतावनी जारी की गई होती तो शायद एक और जान बचाई जा सकती थी.

एक और ग्रामीण को हाथी ने कुचला

दरअसल, ताजा मामला ग्राम पंचायत कंदरई का बताया जा रहा है. जहां पर कबरा हाथी ने रात के अंधेरे में एक और ग्रामीण को कुचलकर मार डाला है. बताया जा रहा है कि मृतक अपने समधी के घर बच्चों से मिलने के लिए आया था. रात में शौच के लिए घर के पास स्थित तालाब की तरफ गया था. जहां पर उसका सामना उसी हाथी से हो गया. इस दौरान हाथी ने उसे कुचलकर मौत के घाट उतार दिया है.

मृतक के परिजनों में है भारी आक्रोश

लेकिन विडंबना देखिए कि जिस वन विभाग पर हाथी की लगातार निगरानी और ग्रामीणों को खतरे से आगाह करने की जिम्मेदारी दी गई है, उसे रातभर इस घटना तक भनक तक नहीं लगी. सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच राहगीरों ने शव देखा, तब जाकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली. इसके बाद से ही ग्रामीणों और मृतक के परिजनों में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है.

वन विभाग पर ग्रामीणों ने लगाए आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि हाथी की मौजूदगी के बावजूद घटना से पहले गांव में कोई मुनादी नहीं कराई गई है. अगर समय रहते लोगों को सतर्क किया गया होता तो शायद एक और परिवार उजड़ने से बच सकता था. वहीं ग्रामीणों का यह भी करना है कि मौत के बाद वन विभाग में मुनादी कराकर अपनी जिम्मेदारी पूरी करने का दिखावा कर रहा है.

वन विभाग की तरफ से दी गई सफाई

वन विभाग अपनी नाकामी स्वीकार करने के बजाय सफाई देने में जुटा है. सूरजपुर के SDO संतोष कुमार पांडे का दावा है कि चार गाड़ियों के जरिए अलग-अलग गांवों में मुनादी कराई जा रही है. कुमदा से पार्वतीपुर और करमपुर होते हुए हाथी की लगातार ट्रैकिंग की जा रही है.

वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल

हालांकि, अधिकारी के बयान के बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं. मिली जानकारी के मुताबिक, कंदरई, पेंड्रखी, जमदेई, सपकारा और महंगई गांवों में लोगों को जागरूक करने के लिए गाड़ियां घटना से पहले नहीं, बल्कि आज सुबह तड़के से चलाई गईं. अधिकारी का यह भी कहना है कि मृतक बाहर से आया था, इसलिए उसकी मौजूदगी की जानकारी विभाग को नहीं थी.

25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता

ऐसे में सवाल उठता है कि जब हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग की टीम तैनात थी, तो ग्रामीणों को समय रहते खतरे की सूचना क्यों नहीं दी गई? फिलहाल, कबरा हाथी महंगई वन विकास निगम के जंगल क्षेत्र की ओर निकल गया है. विभाग ने मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता दी है.

रायपुर से बुलाई जा रही विशेषज्ञ टीम

वहीं, हाथी की निगरानी मजबूत करने के लिए रायपुर से विशेषज्ञ टीम बुलाने की बात कही जा रही है. मुख्यालय से अनुमति मिलने के बाद हाथी को कॉलर आईडी लगाई जाएगी, ताकि उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके. लेकिन सवाल अब भी बना हुआ है कि ग्रामीणों की जान जाने के बाद ही विभाग को ये इंतजाम क्यों याद आते हैं?

(रिपोर्टः ओपी तिवारी, सूरजपुर)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Manish Kushawah

Manish Kushawah

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More