)
मशहूर सिंगर और बीटल्स के सदस्य पॉल मेकार्टनी अब दुनिया के तीसरे सबसे अमीर संगीतकार हैं. फोर्ब्स के अनुसार, इस दिग्गज गायक और गीतकार की नेट वर्थ 1.4 अरब डॉलर है. पॉल, जे-जी और टेलर स्विफ्ट के बाद तीसरे सबसे अमीर संगीतकार हैं.
इस रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी संपत्ति का सबसे बड़ा हिस्सा 'एमपीएल कम्युनिकेशंस' से आता है. यह एक पब्लिशिंग कंपनी है, जिसे पॉल ने 1969 में 'द बीटल्स' के अलग होने से कुछ समय पहले शुरू किया था. यह कंपनी उनके अपने संगीत कैटलॉग को मैनेज करती है और इसके पास अन्य कलाकारों के संगीत के अधिकार भी हैं. लगभग 250 मिलियन डॉलर की कीमत वाली इस कंपनी के पास बडी होली जैसे कलाकारों के संगीत कैटलॉग के अधिकार हैं और साथ ही कई क्रिसमस गानों के अधिकार भी हैं. इसलिए, जब भी यह संगीत दुनिया में कहीं भी बजता है, तो इससे पॉल को कमाई होती है.
कई सालों तक पॉल मेकार्टनी को 'द बीटल्स' के बेहद पॉपुलर म्यूजिक से बहुत ज्यादा कमाई नहीं हुई, क्योंकि अपने शुरुआती दौर में जब इन चार युवा कलाकारों ने कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था. तब उन्हें बहुत कम हिस्सा मिला था. हालांकि, पॉल ने इस म्यूजिक के राइट्स के लिए लड़ाई लड़ी और अब उन्हें 'द बीटल्स' की होल्डिंग कंपनी 'एप्पल कॉर्प्स' की कमाई का 25 प्रतिशत हिस्सा मिलता है. एक रिपोर्ट के अनुसार, हर सदस्य को इससे 150 मिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई होती है.
इसके अलावा बैंड के टूटने से पहले लिखे गए गानों के लिए पॉल को हर साल 10 मिलियन डॉलर मिलते हैं. उन्होंने इन कॉपीराइट्स के लिए लगभग दो दशकों तक संघर्ष किया और माना जाता है कि इनकी कीमत 200 मिलियन डॉलर है. चुकिं वे अभी भी एक एक्टिव कलाकार हैं, इसलिए वे अपने वर्ल्ड टूर से भी कमाई करते रहते हैं. उनके पास बड़ी मात्रा में रियल एस्टेट और कुछ बेहद कीमती कलाकृतियों का संग्रह भी है.
पॉल मेकार्टनी लिवरपूल में पले-बढ़े और 1950 के दशक के आखिर में जॉन लेनन के साथ जुड़कर 'द बीटल्स' का हिस्सा बने. 1960 में उन्होंने अपना नाम 'द बीटल्स' रखा. बाद में जॉर्ज हैरिसन और रिंगो स्टार भी इस बैंड में शामिल हो गए. बैंड के इन चारों सदस्यों ने इतिहास रचा और 1969 में बैंड के अलग होने तक वे साथ रहे. जॉन का निधन 1980 में और जॉर्ज का निधन 2001 में हुआ.
फिलहाल, निर्देशक सैम मेंडेस बैंड के इन चारों सदस्यों पर चार अलग-अलग बायोपिक बना रहे हैं. ये चारों फिल्में आपस में जुड़ी होंगी, लेकिन इनमें बैंड के साथ बिताए गए समय को हर सदस्य के अपने नजरिए से दिखाया जाएगा. पॉल मेस्कल, पॉल मेकार्टनी का किरदार निभाएंगे. हैरिस डिकिंसन जॉन लेनन, जोसेफ क्विन जॉर्ज हैरिसन और बैरी केओघन रिंगो स्टार का किरदार निभाएंगे.