)
कन्हैया लाल शर्मा/मथुरा: ब्रज में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट का पर्व इस बार भी पूरे श्रद्धा-भाव और उत्साह के साथ मनाया गया. गोवर्धन के जतीपुरा स्थित मुखारविंद मंदिर में सुबह से ही भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा. दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गिरिराज महाराज के दर्शन किए और वैदिक मंत्रों के बीच उनका दुग्धाभिषेक किया.मंदिर में अन्नकूट का भोग लगाया गया और गिरिराज जी की विशेष आरती हुई. इस दौरान पूरा मंदिर परिसर 'गिरिराज महाराज की जय' के जयकारों से गूंज उठा. भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, आज ही के दिन भगवान श्री कृष्ण ने ब्रजवासियों को देवराज इंद्र के कोप और मूसलाधार बारिश से बचाने के लिए अपनी कनिष्ठ उंगली पर विशाल गोवर्धन पर्वत को धारण किया था. इंद्र का अहंकार दूर होने के पश्चात भगवान कृष्ण ने स्वयं ब्रजवासियों के साथ मिलकर गोवर्धन पर्वत की पूजा की थी. तभी से ब्रज परंपरा में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट का यह महान पर्व निरंतर मनाया चला आ रहा है.ब्रज में इस दिन गिरिराज महाराज की पूजा, दुग्धाभिषेक, अन्नकूट भोग और गोवर्धन परिक्रमा का विशेष महत्व है.
गुजरात के सूरत से आई एक भक्त ने कहा कि हम हर साल यहां पर दिवाली मनाने के लिए आते हैं. ठाकुर जी को भोग लगाते हैं. हम बहुत ही खुशियों के साथ इस पर्व को मनाते हैं. अन्य भक्त ने कहा कि "आज गोवर्धन पूजा के दिन जतीपुरा मुखारविंद मंदिर में गिर्राज जी के दुग्धभिषेक और अन्नकूट भोग के दर्शन करके मन आनंदित हो गया. ब्रज की यह पावन परंपरा सदियों से चली आ रही है और यहां आकर अनोखी आत्मिक शांति महसूस होती है।"
जतीपुरा मुखारविंद मंदिर गोवर्धन, मथुरा के ब्रज का सबसे पवित्र धाम है. मान्यता है कि यहीं गिरिराज जी का मुखारविंद है, जहां भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा की थी और अन्नकूट पूजा की शुरुआत की थी. पुष्टिमार्ग संप्रदाय का प्रमुख केंद्र होने के साथ-साथ यहाँ से गिरिराज जी की सात कोस की परिक्रमा भी शुरू होती है. गोवर्धन पूजा, अन्नकूट और मुड़िया पूर्णिमा पर यहां लाखों श्रद्धालु दर्शन और दुग्धाभिषेक के लिए पहुंचते हैं. यह मंदिर गोवर्धन कस्बे से करीब 5-6 किमी दूर जतीपुरा गाँव में स्थित है.