)
गोवर्धन पूजा के मौके पर गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ का गोसेवा के प्रति अनूठा और आत्मीय अंदाज देखने को मिला. मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर के गोशाला में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोवर्धन पूजा की. इस दौरान उन्होंने गायों को तिलक लगाया, उन्हें अपने हाथों से दुलारते हुए गुड़ और रोटी खिलाई. जिसकी तस्वीर भी सामने आई है.
गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में पूजा
मुख्यमंत्री ने गोवंश के संरक्षण और संवर्धन को भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा बताया. दरअसल, गोवर्धन पूजा पर गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया गया. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री योगी ने विधि-विधान से गो-पूजन किया. गोवर्धन पूजा का पर्व प्रकृति, कृषि और पशुधन के संरक्षण का संदेश देता है. भारतीय संस्कृति में गाय को विशेष स्थान दिया गया है. मुख्यमंत्री ने गोसेवा के जरिए गोवंश के संरक्षण, संवर्धन और निराश्रित गोवंश की देखभाल के महत्व को रेखांकित किया.
'गाय केवल एक पशु नहीं, समृद्धि का सच्चा खजाना'
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि भारत जैसी कृषि और ऋषियों की महान परंपरा वाले देश में गाय आत्मा के समान है. उन्होंने कहा कि गाय केवल एक पशु नहीं है. यह इस दुनिया में प्रकृति का एक अमूल्य उपहार और समृद्धि का सच्चा खजाना है. जिस भी परंपरा और समाज में गोवंश की सुरक्षा व देखभाल के सच्चे प्रयास होते हैं, वहां सुख और समृद्धि अपने आप खिंची चली आती है.
गोवंश के लिए 7,700 से अधिक आश्रय स्थल
मुख्यमंत्री ने निराश्रित पशुओं की समस्या से निपटने और किसानों की फसलों की सुरक्षा के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही तीन योजनाओं का ब्योरा साझा किया. मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश भर में 7,700 से अधिक गौ-आश्रय स्थल बनाए गए हैं, जिनमें 16 लाख से अधिक बेसहारा गोवंश की देखभाल की जा रही है.
कुपोषण से जूझ रहे परिवारों को पोषण सहायता
मुख्यमंत्री का कहना है कि इस योजना के तहत कोई भी किसान या व्यक्ति सरकारी आश्रय स्थल से गाय गोद ले सकता है. सरकार प्रति गाय ₹1,500 प्रति माह का भत्ता देती है. एक किसान अधिकतम 4 गायों की देखभाल कर प्रतिमाह ₹6,000 की अतिरिक्त आय अर्जित कर सकता है. कुपोषण से जूझ रहे परिवारों को पोषण सहायता के रूप में दुधारू गाय के साथ-साथ उसकी देखभाल के लिए ₹1,500 का मासिक भत्ता दिया जा रहा है.
सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य आवारा पशुओं को सड़कों पर भटकने से रोकना, किसानों की फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और गोवंश को एक सुरक्षित व स्नेहपूर्ण वातावरण देना है.
(गोरखपुर से नागेन्द्र मणि त्रिपाठी की रिपोर्ट)