)
दुनिया की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी एनवीडिया के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर जेंसन हुआंग इन दिनों एक बड़े निजी और पेशेवर विवाद के केंद्र में हैं. जेंसन हुआंग ने खुद यह स्वीकार किया है कि उन्होंने अपनी पत्नी लोरी मिल्स के साथ बेवफाई की और उनका एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर था. इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर उनके निजी जीवन को लेकर बहस और चर्चाओं का दौर बेहद तेज हो गया है. लोगों को उनकी पत्नी के बारे में जानने की जिज्ञासा बढ़ गई. आइए आपको बताते हैं कौन हैं टेक टाइकून जेंसन हुआंग की पत्नी लोरी मिल्स?
जेंसन हुआंग ने एनवीडिया के कर्मचारियों को भेजे एक आंतरिक पत्र में अपनी गलती को स्वीकार करते हुए लिखा, 'मैं अपनी पत्नी के प्रति बेवफा रहा. मेरे इस कदम ने मेरी पत्नी और हमारे बच्चों को गहरी ठेस पहुंचाई है. मैंने जो किया, उसका कोई भी स्पष्टीकरण या बचाव नहीं हो सकता.' हुआंग ने कहा कि वह अपने इस कदम की पूरी जिम्मेदारी लेते हैं.
젠슨황 와이프 로리황 (Lori Mills) 젠슨 황과 오리건 주립대학교(Oregon State University)에서 전기공학 전공생일때 실험실 파트너로 만나 1985년에 결혼해서 슬하에 두 자녀 (Madison Huang & Spencer Huang)를 두고 있다. https://t.co/f8n3R79vxG
— 반찢연대 (@muantragedy1229) November 8, 2026
यह विवाद सिर्फ उनके निजी जीवन तक सीमित नहीं रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हुआंग पर कंपनी के भीतर एक आंतरिक जांच भी शुरू कर दी गई है. जांच इस बात को लेकर हो रही है कि क्या वह किसी 'विदेशी खुफिया नेटवर्क' का निशाना बने थे. दरअसल, हालिया रिपोर्ट्स में उनका नाम एक ऐसी चीनी कारोबारी महिला से जोड़ा गया है, जिस पर बीजिंग को संवेदनशील जानकारियां देने का आरोप है. इस बड़े राजनीतिक और कॉर्पोरेट विवाद के बीच, इंटरनेट और सोशल मीडिया यूजर्स जेंसन हुआंग की पत्नी लोरी मिल्स और उनके दशकों पुराने रिश्ते के बारे में जानने में खासी दिलचस्पी दिखा रहे हैं.
लोरी मिल्स और जेंसन हुआंग की पहली मुलाकात 1980 के दशक की शुरुआत में ओरेगन स्टेट यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान हुई थी. उस वक्त जेंसन की उम्र महज 17 साल थी. उन्होंने लोरी से अपनी लैब पार्टनर बनने का अनुरोध किया था. साथ में पढ़ाई करने के दौरान शुरू हुआ यह रिश्ता धीरे-धीरे प्यार में बदल गया. दोनों ने साल 1985 में शादी कर ली. यह वही साल था जब लोरी मिल्स ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की थी.
शादी के बाद लोरी मिल्स ने मशहूर कंपनी ह्यूलेट-पैकार्ड (HP) में माइक्रोचिप डिजाइनर के रूप में काम करना शुरू किया था. हालांकि, बाद में उन्होंने कॉर्पोरेट जगत की इस नौकरी को अलविदा कह दिया और अपना पूरा ध्यान अपने परिवार के पालन-पोषण तथा सामाजिक कार्यों पर लगाया. लोरी और जेंसन के दो बच्चे हैं एक बेटा और एक बेटी. उनके दोनों बच्चे भी आज टेक्नोलॉजी सेक्टर में सक्रिय हैं. रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी बेटी मैडिसन हुआंग एनवीडिया में ही फिजिकल एआई प्लेटफॉर्म्स के लिए प्रोडक्ट एंड टेक्निकल मार्केटिंग की सीनियर डायरेक्टर हैं, जबकि उनका बेटा स्पेंसर हुआंग रोबोटिक्स सॉफ्टवेयर प्रोडक्ट्स का मैनेजमेंट संभालता है.
जेंसन हुआंग जैसे-जैसे टेक इंडस्ट्री के बड़े दिग्गजों में शुमार होते गए, दंपति ने अपनी निजी जिंदगी को हमेशा मीडिया की चकाचौंध से दूर और शांत बनाए रखा. साल 2007 में दोनों ने मिलकर 'जैन-ह्सुन एंड लोरी हुआंग फाउंडेशन' की स्थापना की थी. यह संस्था मुख्य रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अपडेटेड टेक्नीक के अनुसंधान में अपना सहयोग देती है.
29 अक्टूबर को, 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' ने रिपोर्ट में बताया गया कि जेंसन हुआंग एक महिला चीनी जासूसी साजिश के निशाने पर थे. इस साजिश को एक महिला चीनी जासूस जिसका नाम एलिस हुआंग (उर्फ हुआंग ले) था, वो ऑपरेट कर रही थी. इस महिला बिजनेसवुमन ने जेन्सेन हुआंग के साथ नजदीकी रिश्ते बना लिए थे और वे एनवीडिया की एडवांस्ड AI चिप्स और खुफिया जानकारी चीन को भेज रही थी. दरअसल ये महिला एलिस हुआंग एक चीनी नागरिक हैं और सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी 'मेगास्पीड' में एक टॉप रैंक की अफसर हैं. अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने बताया कि वह चीन के लिए काम करने वाली एक 'इंटेलिजेंस एसेट' है.
जेंसन हुआंग द्वारा अपनी गलती सार्वजनिक रूप से स्वीकार किए जाने और कंपनी में चल रही जांच के बावजूद, लोरी मिल्स की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. जहां एक तरफ एनवीडिया के भविष्य और जेंसन की साख को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ लोग इस लंबे रिश्ते में आई इस दरार से हैरान हैं.