App

सोवियत संघ की जासूसी के लिए बिल्ली के कान में फिट कर दिए माइक्रोफोन! पानी की तरह बहाया पैसा, फिर भी नाकाम क्यों हुआ CIA का प्लान?

विभिन्न देशों के बीच दूसरे मुल्कों की जासूसी करने की बातें सामान्य हैं. लेकिन एक बार अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए ने इंसान के बजाय बिल्ली को जासूस बनाने का फैसला किया. इसके लिए करोड़ों रुपये पानी की तरह बहा दिए गए.

सोवियत संघ की जासूसी के लिए बिल्ली के कान में फिट कर दिए माइक्रोफोन! पानी की तरह बहाया पैसा, फिर भी नाकाम क्यों हुआ CIA का प्लान?
Image Credit: सीआईए ने सोवियत संघ की जासूसी के लिए जब बिल्ली को बनाया हथियार (एआई इमेज)

अमेरिका और रूस (तत्कालीन सोवियत संघ) के बीच चला कोल्ड वॉर का दौर अब खत्म हो चुका है. यह वो दौर था, जब दोनों देशों में सीधे युद्ध तो नहीं हुआ लेकिन दोनों मुल्कों के बीच सीधी भिड़ंत की आशंका हर वक्त पूरी दुनिया को डराती रही. उस दौर में दोनों महाशक्तियां एक-दूसरे पर नजर रखने के लिए हर संभव और अजीबोगरीब तरीका अपना रही थीं. सोवियत संघ की सैन्य क्षमताओं की निगरानी के लिए अमेरिकी खुफिया एजेंसी सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी यानी CIA ने एक ऐसा प्रोजेक्ट शुरू किया, जिसके बारे में आज सोचकर भी हैरानी होती है.

उस वक्त एजेंसी ने इंसानों की जगह एक बेजुबान बिल्ली को अपना जासूस बनाने की ठानी. इस प्रोजेक्ट पर करीब 20 मिलियन डॉलर (160 करोड़ रुपये से ज्यादा) खर्च हुए थे. इस अनूठे और अजीबोगरीब प्रोजेक्ट का नाम ‘ऑपरेशन एकॉस्टिक किटी’ रखा गया था. आज की तारीख में यह बात भले ही किसी फिल्मी कहानी जैसा लगती है, लेकिन यह सच है.

क्या था ‘ऑपरेशन एकॉस्टिक किटी’ का मकसद?

एचटी की रिपोर्ट के मुताबिक, यह बात वर्ष 1964 की है, जब सोवियत संघ के राजनयिकों और एजेंटों की गोपनीय बातचीत सुनने के लिए सीआईए ने इस प्रोजेक्ट को लॉन्च किया. उस समय पार्क की बेंच, खुली सड़कों या सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली सोवियत संघ के राजनयिकों की गुप्त बैठकों तक पहुंचना अमेरिकी अधिकारियों के लिए बहुत मुश्किल हो रहा था.

ऐसे में CIA को लगा कि अगर एक बिल्ली को जासूस बनाकर सोवियत के राजनयिकों की बातचीत सुनने के काम में लगाया जाए तो बात बन सकती है. उनकी इस सोच की वजह ये थी कि एक आम बिल्ली पार्क में बिना किसी शक के आसानी से घूम सकती है और सोवियत एजेंटों के पास जाकर उनकी बातें रिकॉर्ड कर सकती है. सीआईए के अधिकारियों को बिल्ली के जरिए जासूसी का यह विचार बहुत क्रांतिकारी लगा. हालांकि, इसके व्यावहारिक पहलू पर उनका ध्यान नहीं गया. जिसका नुकसान उन्हें आगे भुगतना पड़ा.

बिल्ली को जासूस बनाने में खर्च कर दिए करोड़ों रुपये

अपने इस प्रोजेक्ट को कामयाब बनाने के लिए CIA ने पानी की तरह पैसा बहाया गया. अनुमान है कि इस परियोजना पर करीब 20 मिलियन डॉलर खर्च किए गए. बिल्ली को जासूस में बदलने के लिए वैज्ञानिकों ने उसकी शारीरिक बनावट में कई तकनीकी बदलाव किए. बिल्ली के कान के अंदर एक बेहद बारीक माइक्रोफोन फिट किया गया. उसकी स्किन त्वचा के ठीक नीचे एक छोटा-सा रेडियो ट्रांसमीटर लगाया गया. इसके साथ ही, उसकी खाल यानी फर के अंदर एक एंटीना इस तरह से बुना गया कि वह दूर बैठे अधिकारियों को सिग्नल भेज सके.

तकनीकी रूप से यह गैजेट काम भी करने लगा था और वैज्ञानिक अपनी सफलता पर खुश थे. लेकिन सीआईए के एजेंट इस बात को भूल गए कि वे यह प्रयोग किसी मशीन पर नहीं, बल्कि एक जीते-जागते जीव पर कर रहे हैं. जिसका अपना स्वभाव होता है.

CIA को अपनी भूल पर क्यों हुआ पछतावा?

जब इस प्रोजेक्ट को पहली बार जमीन पर उतारा गया तो सीआईए अधिकारियों को अपनी इस भूल का एहसास भी हो गया. कई दस्तावेजों और रिपोर्ट्स में दावा है कि जब बिल्ली को पहली बार एक पार्क में दो लोगों की बातचीत रिकॉर्ड करने के लिए छोड़ा गया, तो वह अपनी ट्रेनिंग भूल गई. वह पार्क में जाने के बजाय सीधे सड़क पर चली गई. उसी दौरान सामने से तेज रफ्तार टैक्सी आ रही थी, जिसकी चपेट में आने से उसकी मौत हो गई.

हालांकि, बाद में CIA ने इस किस्से को खारिज कर दिया. एजेंसी ने कहा कि यह किस्सा 1979 में एक पूर्व खुफिया अधिकारी ने मजाक में कहा था, जिसे लोगों और मीडिया ने सच मान लिया.

क्या बिल्ली को कोई शारीरिक नुकसान पहुंचा था?

जब लोगों को एजेंसी के इस सीक्रेट प्रोजेक्ट के बारे में पता चला तो उन्होंने इसके लिए CIA की कड़ी आलोचना की थी. लोगों का कहना था कि परियोजना के नाम पर दर्दनाक ऑपरेशन करके बिल्ली को प्रताड़ित किया गया होगा. कुछ आलोचकों ने तो इसे ‘फ्रेंकनकिट्टी’ नाम तक दे दिया था.

इस पर CIA ने सफाई दी कि बिल्ली के शरीर में उपकरणों को लगाने और निकालने की प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित थी. यह सब कुशल सर्जनों की देखरेख में देख किया गया था और इससे बिल्ली को कोई गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा था. इसके बावजूद एजेंसी का यह प्रोजेक्ट सिरे नहीं चढ़ पाया और इसे बंद कर दिया गया.

प्रोजेक्ट के फेल होने की असल वजह क्या थी?

इस प्रयोग के फेल होने के पीचे कोई तकनीकी खराबी नहीं, बल्कि बिल्ली का अपना खास स्वभाव रहा. सबसे बड़ी रुकावट बिल्ली का अनप्रेडिक्टेबल यानी अप्रत्याशित व्यवहार था. असल में बिल्लियां अपनी मर्जी की मालिक होती है. उन्हें कुत्तों की तरह ट्रेंड करके रिमोट से संचालित नहीं किया जा सकता.

ये बातें उसकी ट्रेनिंग में भी बार-बार देखने को मिली. फील्ड टेस्ट में देखा गया कि जब बिल्ली को किसी खास दिशा में जाने को कहा गया तो वहां जाने के बजाय वह अपनी पसंद की किसी शांत जगह, झाड़ियों या खाने की तलाश में निकल जाती थी. भूख लगने पर वह ट्रेनिंग भूलकर इधर-उधर भागने लगती थी. इस तरह की अनिश्चितताओं की वजह से खुफिया एजेंसियां उस पर भरोसा नहीं कर पाईं.

इस परियोजना को कब बंद किया गया?

नतीजा ये हुआ कि वर्ष 1967 में इस प्रोजेक्ट को हमेशा के लिए बंद कर दिया गया. उस विशेष बिल्ली को कभी भी किसी वास्तविक खुफिया ऑपरेशन में इस्तेमाल नहीं किया गया. CIA ने खुद स्वीकार किया कि जानवरों को जासूसी के काम में लगाना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है.

हालांकि, CIA का यह प्रयोग कोई आखिरी कोशिश नहीं थी. इसके दशकों बाद, वर्ष 2006 में पेंटागन की डिफेंस एडवांस्ड रिसर्च प्रोजेक्ट्स एजेंसी (DARPA) ने जीवित जीवों पर आधारित तकनीक पर फिर से काम शुरू किया. वैज्ञानिकों ने रिमोट से कंट्रोल होने वाले ‘साइबॉर्ग कीड़े’ यानी बीटल विकसित किए. ये उड़ने वाले छोटे कीड़े थे, जिनकी उड़ानों को न्यूरोलॉजिकल सिमुलेशन के जरिए कंट्रोल किया जा सकता था. 
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More