App

क्रूज से समंदर में गिरा, लहरों से लड़ा; 9 घंटे तक पियानोप्लेयर ने कैसे दिया मौत को चकमा

कैलिफोर्निया में एक पियानोप्लेयर क्रूज शिप से समंदर में गिर गया. 9 घंटे तक वह समंदर में तैरता रहा. बाद में कड़ी मशक्कत से उसे सुरक्षित बचाया गया. फिलहाल, उसका अस्पताल में इलाज जारी है.

क्रूज से समंदर में गिरा, लहरों से लड़ा; 9 घंटे तक पियानोप्लेयर ने कैसे दिया मौत को चकमा
Image Credit: पियानो प्लेयर को मछुआरों ने बचाया.

अमेरिकी राज्य कैलिफोर्निया में क्रूज शिप से गिरे एक पियानोवादक को नौ घंटे बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया. वो समुद्र में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करता रहा. करीब 20 मील दूर समुद्र में तैर रहे इस शख्स को दो मछुआरों ने बचाया. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसके बचने की उम्मीद है.

पियानो बजाने का काम करता है शख्स

स्थानीय मीडिया ने बताया कि यह घटना शुक्रवार को कैलिफोर्निया के न्यूपोर्ट बीच के पास हुई. बचाए गए शख्स की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है. उसने मछुआरों को बताया कि वह रॉयल कैरेबियन के 14 डेक वाले क्रूज जहाज 'ओवेशन ऑफ द सीज' में पियानोवादक के रूप में काम करता है.

सीन नॉर्टन और ग्रांट गैरेट कैटालिना द्वीप के पास मछली पकड़ने के बाद अपनी नाव से लौट रहे थे.इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे उनकी नजर समुद्र में एक शख्स पर पड़ी. उसे देखते ही उन्होंने मछली पकड़ने का सामान समेटा और नाव रोककर उसे बाहर निकालने की कोशिश शुरू की.

दोनों मछुआरों ने मिलकर उसे नाव पर खींच लिया. पिपुल डॉट कॉम ने बताया कि नॉर्टन के मुताबिक, वह बेहद सदमे में था. होश संभालने के बाद उसने कहा, 'धन्यवाद, मुझे लगा था कि मैं मरने वाला हूं.'

समंदर में कैसे गिरा शख्स, चल रही जांच

शख्स को बचाने के बाद मछुआरों ने ओशियन इमरजेंसी सर्विस को सूचना दी. इसके बाद न्यूपोर्ट बीच के लाइफगार्ड मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल पहुंचाया गया.

स्थानीय अधिकारियों का अनुमान है कि शख्स शुक्रवार तड़के करीब 2:30 बजे जहाज से समुद्र में गिरा होगा. हालांकि, इसकी सटीक पुष्टि नहीं हुई है. अमेरिकी तटरक्षक बल (यूएस कोस्ट गार्ड) इस मामले की जांच कर रहा है कि वह क्रूज जहाज से समुद्र में कैसे गिरा.

मछुआरों के मुताबिक, समुद्र का तापमान करीब  24.4 डिग्री सेल्सियस होने से उसकी जान बचने में मदद मिली हो सकती है. उन्होंने कहा कि सामान्य परिस्थितियों में इतनी देर तक समुद्र में रहना जानलेवा साबित हो सकता था.

रॉयल कैरेबियन ग्रुप ने भी इसकी पुष्टि की है. बताया है कि कंपनी अपने कर्मचारी को जरूरी सहायता उपलब्ध करा रही है. हालांकि, कर्मचारी की निजता का हवाला देते हुए कंपनी ने अतिरिक्त जानकारी देने से इनकार किया है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rachit Kumar

Rachit Kumar

रचित कुमार जी न्यूज डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर हैं. देश, दुनिया और डिफेंस की खबरों को आसान भाषा में बताने में महारत हासिल है. जी न्यूज से मई 2022 में जुड़े और शिफ्ट देखने का 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. जी न्यूज में Best Performer अवॉर्ड भी मिल चुका है. जी न्यूज, आजतक और एबीपी न्यूज में शिफ्ट देखते हुए महामहिम, बिहार के बाहुबली सीरीज शुरू की और कई एक्सप्लेनर खबरों पर काम किया.  इंडिया न्यूज और जनसत्ता में शिफ्ट देखने के साथ-साथ ट्रैफिक लाने वाली खबरों को तवज्जो दी. नवभारत टाइम्स से करियर की शुरुआत हुई और वहां तकरीबन ढाई साल तक फ्रंट पेज 2 और देश-विदेश के पन्नों की जिम्मेदारी संभाली. जर्नलिज्म में पोस्टग्रेजुएट और IIMC से डिप्लोमा करने  वाले रचित कुमार 13 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. आप Rachit.kumar@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More