)
बिहार में मौसम का मिजाज फिलहाल सामान्य बना हुआ है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क बना रह सकता है. सुबह और शाम कुछ इलाकों में हल्का कोहरा और धुंध देखने को मिल सकता है. दिन में धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. फिलहाल, बारिश को लेकर मौसम विज्ञान विभाग की ओर से कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. दूसरी ओर, पटना से एक बुरी खबर आ रही है. पटना की हवा काफी जहरीली हो चुकी है. वहां की एयर क्वालिटी इंडेक्स 200 तक चला गया है, जो काफी खराब माना जा रहा है.
बिहार के उत्तर पश्चिम बिहार के पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण और गोपालगंज में सुबह के वक्त हल्का कोहरा हो सकता है. दूसरी ओर, दरभंगा, सीतामढ़ी, मधुबनी और मुजफ्फरपुर समेत उत्तर मध्य बिहार के जिलों में सुबह धुंध रहने और दोपहर में धूप निकलने का अनुमान है. हालांकि, 11 नवंबर को दक्षिण पूर्व बिहार के कुछ जिलों में मौसम बदल सकता है.
बांका, जमुई, भागलपुर और मुंगेर में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, अगले तीन से चार दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. इसके बाद राज्य में धीरे-धीरे ठंड का असर भी बढ़ सकता है
झारखंड की बात करें तो रांची समेत कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदलता दिख रहा है. सुबह में शहर के कई हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है. खासकर ग्रामीण इलाकों और नेशनल हाईवे पर कोहरे का असर अधिक देखने को मिल रहा है. कम विजिबिलिटी होने से वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
मौसम में आए इस बदलाव के बीच आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ने का अनुमान है. मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, कल से आसमान में बादल छाए रह सकते हैं, जिसका असर तापमान पर भी देखने को मिलेगा. न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे रात और सुबह के समय ठंड बढ़ेगी. ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को कोहरे के साथ बढ़ती ठंड का भी सामना करना पड़ सकता है.