App

सहवाग के बेटे ने रचा इतिहास: आर्यवीर का ऐतिहासिक कारनामा, शुभमन गिल और मयंक अग्रवाल के खास रिकॉर्ड की बराबरी

वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने अंडर-19 एशिया कप में शतक लगाकर सभी आलोचकों को खामोश कर दिया है. पाकिस्तान के खिलाफ बल्ले से नाकाम रहने वाले आर्यवीर ने यूएई के खिलाफ 160 रनों की बड़ी खेल दी.

सहवाग के बेटे ने रचा इतिहास: आर्यवीर का ऐतिहासिक कारनामा, शुभमन गिल और मयंक अग्रवाल के खास रिकॉर्ड की बराबरी
Image Credit: आर्यवीर सहवाग. X/@BCC

भारत के दिग्गज ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने अंडर-19 एशिया कप में धमाकेदार शतक से तहलका मचा दिया. उन्होंने ओमान में खेले जा रहे टूर्नामेंट में मंगलवार (10 नवंबर) को यूएई के खिलाफ 160 रन ठोक दिए. अल अमरात क्रिकेट ग्राउंड पर उन्होंने चौके-छक्कों की बारिश कर दी. इस शतक से आर्यवीर ने भारत के मौजूदा टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल और मयंक अग्रवाल के खास रिकॉर्ड की बराबरी कर ली.

ओपनिंग के लिए उतरे आर्यवीर ने 168 गेंदों पर 160 रन बनाए. उन्होंने इस दौरान 17 चौके और सात छक्के उड़ाए. यह यूथ वनडे मैच में भारतीय बल्लेबाजों द्वारा बनाया गया पांचवां सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है. उन्होंने अंडर-19 स्तर पर भारत के मौजूदा टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल के साथ-साथ मयंक अग्रवाल के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली.

 

 

गिल और मयंक ने कब ठोके थे 160 रन?

शुभमन गिल की बात करें तो उन्होंने 2017 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ यूथ वनडे मैच में 160 रन बनाए थे. वहीं, मयंक अग्रवाल ने 2009 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होबार्ट में 160 रनों की पारी खेली थी.

ये भी पढ़ें: 

विनीत के साथ की 193 रनों की साझेदारी

मैच में यूएई की टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया. भारतीय कप्तान लक्ष्य रायचंदानी 17 रन बनाकर आउट हुए. इस विकेट के बाद आर्यवीर सहवाग और वीके विनीत ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 193 रन जोड़े. दोनों ने यूएई के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. विनीत 69 गेंद पर 67 रन बनाकर आउट हुए.

द्रविड़ के बेटे का बल्ला नहीं चला

पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाने वाले अर्जुन राजपूत इस मैच में चार और यशवर्धन चौहान 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे. पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ का बल्ला इस मैच में भी नहीं चला. वह नौ गेंद पर 12 रन ही बना पाए. भारत ने 50 ओवर में सात विकेट पर 309 रनों का स्कोर बनाया.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More