App

छठ पूजा पर बिहार जाने वाले यात्रियों को राहत, अंबाला से 8 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें; जरूरत पर चलेंगी अतिरिक्त ट्रेनें

छठ पूजा पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अंबाला रेलवे मंडल ने 8 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें घोषित की हैं. वहीं प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया और 24 घंटे वार रूम की व्यवस्था की गई है.

छठ पूजा पर बिहार जाने वाले यात्रियों को राहत, अंबाला से 8 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें; जरूरत पर चलेंगी अतिरिक्त ट्रेनें
Image Credit: AI IMAGE

छठ पूजा को लेकर रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि लोग त्योहार मनाने के लिए आसानी से अपने घर पहुंच सकें. इसके लिए अंबाला रेलवे मंडल ने 8 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है. इसके अलावा 25 जोड़ी अन्य ट्रेनें भी अंबाला से होकर बिहार की ओर जाती हैं. रेलवे प्रशासन ने उन स्टेशनों पर भी विशेष व्यवस्था की है, जहां यात्रियों की भीड़ अधिक होने की संभावना है.

अंबाला रेलवे स्टेशन के चलेगी 8 जोड़ी स्पेशल ट्रेन, 25 अन्य ट्रेनें
अंबाला रेलवे मंडल के सीनियर डीसीएम ने बताया कि छठ पूजा के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं. उन्होंने कहा कि अंबाला डिवीजन की ओर से 8 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की घोषणा पहले ही की जा चुकी है. इसके अलावा 25 जोड़ी अन्य ट्रेनें भी हैं, जो अंबाला से होकर बिहार के लिए जाती हैं.

भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर खास इंतजाम
उन्होंने बताया कि तीन से पांच ऐसे स्टेशन हैं, जहां यात्रियों की अधिक भीड़ होने की संभावना है. इन स्टेशनों पर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं. रेलवे का 24 घंटे वार रूम खुला है, जहां से पल-पल की जानकारी ली जा रही है. जिस स्टेशन पर यात्रियों की संख्या अधिक दिखाई देती है, वहां भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए जरूरत पड़ने पर स्पेशल ट्रेन भी चलाई जा रही है.

सरहिंद स्टेशन से तत्काल चलाई गई स्पेशल ट्रेन 
सीनियर डीसीएम ने बताया कि हाल ही में सरहिंद स्टेशन पर यात्रियों की अधिक भीड़ होने के कारण एक स्पेशल ट्रेन चलाई गई थी. यह ट्रेन पहले से घोषित नहीं थी, लेकिन यात्रियों की जरूरत को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तत्काल इसकी व्यवस्था की, ताकि लोग अपने घरों तक पहुंच सकें.

दो स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया तैयार  
उन्होंने कहा कि रेलवे की कोशिश है कि त्योहार के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो. पहले से निर्धारित ट्रेनों के अलावा जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं. यात्रियों की सुविधा के लिए दो स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया भी बनाए गए हैं, जहां लोग बैठकर अपनी ट्रेन का इंतजार कर सकते हैं.

रेलवे ने यात्रियों से की धैर्य बनाए रखने की अपील
सीनियर डीसीएम ने यात्रियों से अपील की कि अगर किसी ट्रेन में ज्यादा भीड़ है तो वे धैर्य बनाए रखें और दूसरी ट्रेन का इंतजार करें. पीछे से आने वाली अन्य ट्रेनों में भी सफर करने का विकल्प मौजूद है. उन्होंने यात्रियों से रेलवे स्टेशन पर बनाए गए होल्डिंग एरिया का इस्तेमाल करने की भी अपील की.

रेलवे की व्यवस्था से खुश दिखे यात्री
वहीं रेलवे प्रशासन की ओर से स्टेशन पर किए गए इंतजामों से छठ पूजा मनाने के लिए घर जा रहे यात्री भी खुश नजर आए. यात्रियों ने कहा कि रेलवे ने अच्छी व्यवस्था की है. स्टेशन पर बैठने के लिए टेंट लगाया गया है, ताकि जिन यात्रियों की ट्रेन लेट है, वे टेंट में बैठकर आराम से अपनी ट्रेन का इंतजार कर सकें.

(अंबाला से अमन कपूर की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More