)
भरतपुर के हलैना थाना क्षेत्र के मोलोनी गांव में गंधक-पोटाश पीसते समय अचानक जोरदार धमाका हो गया. हादसे में चार बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना कल शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है. धमाका इतना तेज था कि जिस सिलबट्टे पर बच्चे गंधक-पोटाश पीस रहे थे, उसके छोटे-छोटे टुकड़े हो गए. पत्थर के कई टुकड़े बच्चों के शरीर में जा घुसे. चारों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. इनमें से एक बच्चे गिरधर को जयपुर के SMS अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि तीन बच्चों का इलाज भरतपुर में चल रहा है.
गंधक पीसते समय पोटाश मिलाया, तभी हुआ धमाका
जानकारी के अनुसार, मोलोनी गांव में पंकज (17), मोहित (12), गिरधर (16) और चिराग (7) सिलबट्टे पर गंधक-पोटाश पीस रहे थे. इसी दौरान गंधक पीसते समय एक बच्चे ने उसमें पोटाश मिला दिया. इसके बाद अचानक जोरदार धमाका हो गया. धमाके से सिलबट्टा टूटकर बिखर गया और उसके टुकड़े चारों बच्चों को जा लगे. हादसे में सभी बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए.
एक बच्चे को जयपुर किया रेफर, तीन का भरतपुर में इलाज
हादसे में घायल गिरधर की हालत को देखते हुए उसे जयपुर के SMS अस्पताल रेफर किया गया है. वहीं पंकज, मोहित और चिराग का इलाज भरतपुर में चल रहा है. चारों बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है. धमाके में सिलबट्टे के टुकड़े बच्चों के शरीर में घुसने से उन्हें गंभीर चोटें आई हैं.
चारों बच्चे अलग-अलग परिवारों से
घायल बच्चों में पंकज 10वीं कक्षा में पढ़ता है. उसके पिता जगराम खेतीबाड़ी करते हैं. उसका एक बड़ा भाई राहुल भी पढ़ाई करता है. मोहित के पिता नहीं हैं. उसके परिवार में मां गीता और बड़ा भाई जितेश हैं. वहीं गिरधर 10वीं कक्षा में पढ़ता है और अपने परिवार का इकलौता बेटा है. उसकी एक छोटी बहन है. उसके पिता लखन खेतीबाड़ी करते हैं. घायल चिराग दूसरी कक्षा में पढ़ता है. वह भी परिवार का इकलौता बेटा है और उसकी दो बड़ी बहनें हैं. उसके पिता भी खेतीबाड़ी करते हैं.