)
मध्य प्रदेश के बैतूल जिले से एक हैरान करने वाली और रोमांचक खबर सामने आई है, जहां शहर के बीचों-बीच स्थित वैष्णवी नगर में एक घर के अंदर दुर्लभ प्रजाति का जहरीला सांप मिलने से हड़कंप मच गया. यह सांप कोई आम सांप नहीं, बल्कि 'बाम्बू पिट वाइपर' है, जो अपनी खास हरा रंग और आक्रामक प्रवृत्ति के लिए जाना जाता है. करीब ढाई फीट लंबे दुर्लभ सांप को देखकर लोगों के होश उड़ गए. बाम्बू पिट वाइपर आमतौर पर घने जंगलों में पाया जाता है.
बाम्बू पिट वाइपर बैतूल के वैष्णवी नगर के रहने वाले जीवनलाल विश्वकर्मा के घर के बगीचे में नजर आया, जिसके बाद इसकी सूचना सर्पमित्र विशाल विश्वकर्मा को दी गई. विशाल ने मौके पर पहुंचकर सूझबूझ और सावधानी से सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया. इसके बाद उन्होंने इस खतरनाक सांप का सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ दिया.
विशेषज्ञों के अनुसार, बाम्बू पिट वाइपर आमतौर पर घने जंगलों, बांस के झुंडों और पेड़ों पर ही पाया जाता है, लेकिन कई बार खाने या पानी की तलाश में यह रिहायशी इलाकों तक पहुंच जाता है, जो चिंता का विषय है. जंगल में इसका हरा रंग पत्तियों और झाड़ियों के बीच छिपने में मदद करता है. यह सांप मेंढक, छिपकली के अलावा अन्य छोटे जीवों का शिकार करता है.
यह सांप हेमोटॉक्सिक जहर से लैस होता है, जिसके काटने से शरीर में तेज दर्द और सूजन हो सकती है. कुछ मामलों में पीड़ित के शरीर में खून के थक्के जमने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है और ब्लीडिंग जैसी समस्या हो सकती है. समय पर इलाज न मिलने पर यह गंभीर रूप से खतरनाक साबित हो सकता है. बैतूल में इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. इसके बाद सर्पमित्रों ने लोगों को बरसात और ठंड के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है.
सर्पमित्र विशाल विश्वकर्मा ने बताया कि जिस बाम्बू पिट वाइपर को रेस्क्यू किया है, वो करीब ढाई फीट लंबा था और उसका रंग बिल्कुल हरा था. उन्होंने आगे बताया कि यह पहला मौका नहीं है, जब बैतूल में बाम्बू पिट वाइपर पकड़ा गया हो. इससे पहले साल 2021-2022 में शेख जमाल भाई ने इस प्रजाति के सांप का रेस्क्यू किया था. अब करीब 4 साल बाद हरे रंग का यह सांप फिर नजर आया है. (इनपुट- रूपेश कुमार)