)
पेशे से पत्रकार रुवा शाह को लेकर खबर आ रही है कि वो मुख्यधारा की राजनीति में एंट्री कर सकती हैं. जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि उनके लिए हमेशा दरवाजे खुले हैं, रुवा उनकी बेटी की तरह हैं. यह खबर इसलिए सामान्य नहीं है, क्योंकि रुवा शाह हुर्रियत लीडर और अलगाववादी नेता रहे सैयद अली शाह गिलानी की नातिन और उनके दामाद अल्ताफ अहमद शाह उर्फ अल्ताफ फंटूश की बेटी हैं.
पीडीपी में उनके संभावित प्रवेश की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए, पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने रुवा को खुला निमंत्रण दिया और कहा कि उनका बिना किसी संकोच के स्वागत किया जाएगा. महबूबा ने कहा,'उनका हमेशा स्वागत है. यह उनका अपना घर और उनकी अपनी पार्टी है. महबूबा जी उन्हें बेटी की तरह मानती हैं.'
महबूबा मुफ्ती की इस पेशकश के राजनीतिक मायने हैं. उन्होंने रुवा को बेटी कहकर संबोधित किया और साफ संकेत दिया कि अगर वह पीडीपी में शामिल होना चाहती हैं तो पार्टी उनका स्वागत करने के लिए तैयार है. यह सिर्फ एक राजनीतिक न्योता नहीं, बल्कि रुवा को अपने परिवार का हिस्सा बनाने जैसा संदेश भी है.

रुवा शाह का परिवार लंबे समय तक कश्मीर की अलगाववादी राजनीति से जुड़ा रहा है. उनके नाना सैयद अली शाह गिलानी कश्मीर में अलगाववादी आंदोलन के सबसे बड़े चेहरों में गिने जाते थे. वहीं, उनके पिता अल्ताफ अहमद शाह को फंतूश के नाम से जाना जाता था. वह भी अलगाववादी आंदोलन से जुड़े हुए थे. हालांकि, रुवा ने मार्च 2024 में सार्वजनिक रूप से अपने परिवार की राजनीतिक विरासत से दूरी बना ली थी.
एक स्थानीय अखबार में छपे सार्वजनिक नोटिस के जरिए उन्होंने साफ किया था कि उनका अपने दादा जरिए बनाए गए 'हुर्रियत कॉन्फ्रेंस गुट' से कोई संबंध नहीं है. उन्होंने यह भी कहा था कि न तो वह इस संगठन की विचारधारा का समर्थन करती हैं और न ही इसके प्रति उनकी कोई हमदर्दी है. रुवा ने खुद को भारत का वफादार नागरिक बताते हुए संविधान के प्रति अपनी निष्ठा भी जाहिर की थी. इस तरह उन्होंने अपने परिवार से जुड़ी अलगाववादी राजनीति से अलग रास्ता चुनने का संकेत दिया था.

महबूबा मुफ्ती की पीडीपी का जम्मू-कश्मीर की सियासत में लंबा इतिहास रहा है. इस पार्टी की स्थापना उनके पिता मुफ्ती मोहम्मद सईद ने की थी. पीडीपी ने हमेशा चुनावी प्रक्रिया में हिस्सा लिया है. साल 2015 से 2018 के बीच पार्टी ने बीजेपी के साथ गठबंधन सरकार भी चलाई थी. हालांकि, अगस्त 2019 में धारा-370 हटाए जाने और जम्मू-कश्मीर के पुनर्गठन के बाद यहां की राजनीति काफी बदल गई. साल 2024 में केंद्र शासित प्रदेश में निर्वाचित सरकार बनने के बाद भी राजनीतिक समीकरण पहले जैसे नहीं रहे. ऐसे में रुवा जैसी शख्सियत का पार्टी से जुड़ना पीडीपी के लिए अपनी राजनीतिक पहुंच बढ़ाने का एक मौका हो सकता है.