App

रातभर जलसा और सुबह मौत, दरभंगा में एक ही बाइक पर सवार 4 बच्चों को ट्रक ने रौंदा, 3 की गई जान, 1 जख्मी

दरभंगा के मब्बी थाना अंतर्गत बाजार समिति चौक पर बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां पर एक ही बाइक पर सवार 4 नाबालिग बच्चों को ट्रक ने कुचल दिया. हादसे में तीन बच्चों की घटनास्थल पर मौत हो गई. एक गंभीर रूप से घायल हो गया.

रातभर जलसा और सुबह मौत, दरभंगा में एक ही बाइक पर सवार 4 बच्चों को ट्रक ने रौंदा, 3 की गई जान, 1 जख्मी
Image Credit: दरभंगा में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार चार बच्चों को कुचला, तीन की मौत (Z News)

दरभंगा जिले के लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बाकरगंज मोमिन टोला के 3 नाबालिग बच्चों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. बुधवार की अहले सुबह मब्बी थाना क्षेत्र के एनएच-27 स्थित बाजार समिति चौक पर अज्ञात ट्रक ने एक ही टीवीएस बाइक पर सवार चारों बच्चों को कुचल दिया. हादसे में तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को दिल्ली मोड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.

मृतकों की पहचान बाकरगंज मोमिन टोला निवासी मो. अकील के 15 वर्षीय पुत्र फारिश, मो. इदरीश के 15 वर्षीय पुत्र मो. इस्तखार और मो. नेयाज के 16 वर्षीय पुत्र अल्ताफ नेयाज के रूप में हुई है. वहीं गंभीर रूप से घायल बच्चे की पहचान मो. गुड्डू के 16 वर्षीय पुत्र मो. तल्फ के रूप में की गई है.

जलसा कार्यक्रम में शामिल होने के बाद निकले थे चारों बच्चे

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, चारों बच्चे मंगलवार की रात बाकरगंज स्थित एक मस्जिद में आयोजित धार्मिक जलसा कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. बताया जाता है कि बुधवार की सुबह करीब चार बजे चारों एक ही टीवीएस बाइक पर सवार होकर मस्जिद से निकल गए. इसके बाद लहेरियासराय के बाकरगंज से करीब आठ किलोमीटर दूर मब्बी थाना क्षेत्र के बाजार समिति चौक के पास एनएच-27 पर सड़क हादसे के शिकार हो गए. जानकारी के अनुसार, इसी दौरान दरभंगा-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार चारों बच्चों को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया. हादसा इतना भीषण था कि तीन बच्चों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चौथा बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गया.

अभिभावकों को नहीं थी बच्चों के घर से निकलने की जानकारी

मृतक बच्चे के चाचा मो. अकील ने बताया कि चारों बच्चे लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बाकरगंज मोमिन टोला के रहने वाले थे. सभी एक ही बाइक पर सवार होकर निकले थे. घर के किसी भी अभिभावक को इसकी जानकारी नहीं थी कि बच्चे कहां जा रहे हैं. सभी बच्चे मदरसा में पढ़ाई करते थे. उन्होंने बताया कि सुबह करीब 5:30 बजे परिवार के लोगों को घटना की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस के माध्यम से उन्हें डीएमसीएच बुलाया गया. यहां पहुंचने पर उन्होंने बच्चों की पहचान की.

उन्होंने बताया कि हादसे में तीन बच्चों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है. उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. ट्रक की ठोकर से हादसा होने की बात सामने आ रही है, लेकिन अभी तक दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान या बरामदगी नहीं हुई है. परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी वाहन और चालक को पकड़ने की मांग की है.

डीएमसीएच में छह थानों की पुलिस रही तैनात

घटना की गंभीरता और मृतक बच्चों के परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ को देखते हुए डीएमसीएच में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई. तीनों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच लाए गए. इस दौरान मब्बी, विश्वविद्यालय, बेंता, कोतवाली, लहेरियासराय और सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची हुई थी. पुलिस अधिकारियों की निगरानी में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया कराई गई. घटना के बाद बाकरगंज मोमिन टोला में मातम पसरा हुआ है. एक साथ तीन बच्चों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

रिपोर्ट: मुकेश कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More