App

क्रिप्टो विवाद और 2 विदेशी महिलाओं से गैंगरेप... PAK डिप्टी पीएम के पोते समेत 8 पर चलेगा मुकदमा

लाहौर में दो विदेशी महिलाओं के साथ हुए गैंगरेप केस में मुहम्मद रजा डार और सात अन्य लोगों पर आरोप तय कर दिए गए हैं. इस मामले में पंजाब पुलिस ने रजा डार को क्लीन चिट दी थी.

क्रिप्टो विवाद और 2 विदेशी महिलाओं से गैंगरेप... PAK डिप्टी पीएम के पोते समेत 8 पर चलेगा मुकदमा
Image Credit: पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार के पोते पर 2 विदेशी महिलाओं से गैंगरेप के आरोप तय...

पाकिस्तान में एक हाई-प्रोफाइल गैंगरेप केस इन दिनों सुर्खियों में है. यह मामला मुल्क के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार के पोते रजा डार से जुड़ा है, जिन पर दो विदेशी महिलाओं से दरिंदगी के आरोप तय हो गए हैं. इस केस में पंजाब पुलिस ने पहले उन्हें क्लीन चिट दे दी थी, लेकिन अब कोर्ट ने रजा समेत आठ आरोपियों पर शिकंजा कस दिया है. 5 लाख डॉलर के क्रिप्टो निवेश से शुरू हुआ यह विवाद कैसे अपहरण और गैंगरेप तक जा पहुंचा?

दरअसल, पाकिस्तान की एक अदालत ने 2 विदेशी महिलाओं से गैंगरेप के मामले में आठ आरोपियों पर आरोप तय किए हैं. इनमें देश के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार का पोता भी शामिल है. लाहौर के एडिशनल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस जज (AD&SJ) रफाकत अली गोंडल ने मंगलवार को सभी के खिलाफ यह आरोप तय किए. अदालत के एक अधिकारी ने 11 नवंबर 2026 को इसकी जानकारी दी.

आरोपियों ने खुद को बेकसूर बताया

सुनवाई के दौरान सभी आरोपियों ने कोर्ट में खुद को बेकसूर बताया है, जिसके बाद जज ने अभियोजन पक्ष को 9 दिसंबर को अपने गवाह पेश करने का आदेश दिया है, ताकि मामले का औपचारिक ट्रायल शुरू हो सके. सभी आरोपी इस वक्त न्यायिक हिरासत में हैं और आरोप तय करने की प्रक्रिया के लिए ही उन्हें ट्रायल कोर्ट में पेश किया गया था.

पुलिस ने दी थी क्लीन चिट

इस केस में पंजाब पुलिस की भूमिका चौंकाने वाली रही. उसने इशाक डार के पोते रजा डार और उसके चार दोस्तों को 'क्लीन चिट' दे दी थी. कोर्ट में पहले दाखिल की गई रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने न सिर्फ रजा और उसके साथियों को रेप के आरोपों से बचा लिया था, बल्कि उनकी जगह कम सैलरी पाने वाले उसके 3 कर्मचारियों को इस दरिंदगी का जिम्मेदार ठहरा दिया था.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, नीदरलैंड और वेनेजुएला की रहने वाली दो विदेशी महिलाएं इसी साल जून में बिजनेस ट्रिप पर लाहौर आई थीं. आरोप है कि यहां रजा डार और उसके चार दोस्तों ने मिलकर उन्हें अगवा कर लिया और उनके साथ गैंगरेप किया. मेडिकल जांच में भी दोनों महिलाओं के साथ दरिंदगी की पुष्टि हुई थी. अपना बयान दर्ज कराने के बाद दोनों पीड़ित महिलाएं अपने-अपने देश लौट चुकी हैं.

5 लाख डॉलर के क्रिप्टो निवेश से जुड़ा है पूरा विवाद

पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित महिलाओं ने बताया कि साल 2025 में सिंगापुर में उनकी मुलाकात रजा डार से हुई थी. उन्होंने रजा को क्रिप्टोकरेंसी बिजनेस में निवेश का ऑफर दिया था. शुरुआती निवेश पर अच्छा मुनाफा मिलने के बाद रजा डार ने इसमें 5 लाख डॉलर (करीब 4 करोड़ रुपये से ज्यादा) से अधिक की रकम लगा दी.

रिपोर्ट में कहा गया है कि इस बार महिलाओं ने आरोपी को न तो कोई मुनाफा दिया और न ही उसकी मूल रकम लौटाई. इसके बाद इसी साल जून में आरोपी ने किसी दूसरे निवेशक से मीटिंग कराने के बहाने दोनों महिलाओं को पाकिस्तान बुलाया. यहां आने के बाद दोनों महिलाएं इस्लामाबाद के एक होटल में ठहरीं और अपनी मर्जी से मरी हिल स्टेशन घूमने भी गईं.

इसके बाद दोनों महिलाओं को लाहौर के डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी (DHA) के एक घर में ले जाया गया. आरोप है कि वहां उन्हें बंधक बनाकर रखा गया और पैसे लौटाने का दबाव डाला गया. पुलिस के अनुसार, महिलाओं को मजबूर कर उनसे 19,500 डॉलर ट्रांसफर करवाए गए.

बंधक बनाकर की वसूली

पुलिस ने बताया कि घर में हथियारबंद लोग उन पर नजर रखते थे. उन्हें चाकू, बंदूक और टूटे शीशे के टुकड़े दिखाकर डराया-धमकाया गया. आरोपियों ने धमकी दी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे उन्हें जान से मारकर उनके शरीर के अंग बेच देंगे. हालांकि, जब अपहरणकर्ता दोनों को लाहौर एयरपोर्ट ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया. इसी मौके का फायदा उठाकर दोनों महिलाएं वहां से भाग निकलीं और पुलिस के पास पहुंचीं, तब जाकर यह मामला सामने आया.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Bhoopendra Rai

Bhoopendra Rai

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More