App

रूस-यूक्रेन में जंग खत्म होने की बढ़ी उम्मीद, कैदियों की अदला-बदली करेंगे दोनो मुल्क; US की अगुवाई में हुई सीधी बातचीत

पिछले साढ़े चार साल से जंग में उलझे रूस और यूक्रेन के बीच अच्छी खबर सामने आई है. दोनों मुल्कों ने सीधी बातचीत में कैदियों की अदला-बदली पर सहमति जताई है. यह बातचीत यूएस की अगुवाई में हुई थी.

रूस-यूक्रेन में जंग खत्म होने की बढ़ी उम्मीद, कैदियों की अदला-बदली करेंगे दोनो मुल्क; US की अगुवाई में हुई सीधी बातचीत
Image Credit: रूस और यूक्रेन के बीच कैदियों की अदला-बदली पर बनी सहमति

रूस और यूक्रेन के बीच पिछले साढ़े चार साल से जंग में एक बार फिर तनाव घटने की कुछ उम्मीद जगी है. अमेरिका की अगुवाई में अबू धाबी में हुई त्रि-पक्षीय बातचीत दोनों पक्ष एक बड़े प्रिजनर एक्सचेंज के लिए सैद्धांतिक रूप से तैयार हो गए हैं. हालांकि, करीब पांच साल से जारी जंग को खत्म करने के मुद्दे पर अभी भी दोनों में कोई सहमति नहीं बन पाई है.

कैदियों की अदला-बदली पर बनी सहमति

बातचीत में अमेरिका की ओर से मध्यस्थता राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर और दूत स्टीव विटकॉफ कर रहे थे. वार्ता के बाद मीडिया से बात करते हुए जेरेड कुशनर ने इस पूरी बातचीत को काफी कड़ा लेकिन लाभकारी बताया. उन्होंने कहा कि रूस और यूक्रेन, कैदियों की अदला-बदली के लिए सहमत हो गए हैं.

कुशनर ने कहा कि इस डील के बाद युद्ध की शुरुआत से लेकर अब तक का सबसे बड़ा मानवीय कैदियों का रिहाई अभियान देखने को मिल सकता है. इस पहल में कुल कितने कैदी शामिल होंगे, इसके बारे में आने वाले कुछ समय दोनों देशों की ओर से मुहर लग सकती है.

उधर, सूत्रों का कहना है कि रूस ने इस बातचीत में यूरोपीय देशों को शामिल करने का सख्ती से विरोध किया है. जिसके बाद उन्हें इस प्रक्रिया में नहीं जोड़ा गया. यही वजह है कि यूएई में हुई बातचीत रूस-यूक्रेन के अलावा केवल यूएस के दूत ही शामिल रहे.

बातचीत में शामिल हों यूरोपीय देश- जेलेंस्की

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस के साथ कैदियों की अदला-बदली पर सहमति बनने का स्वागत किया है. हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने रूस के साथ बातचीत में यूरोपीय देशों का शामिल करने पर भी जोर दिया. उन्होंने मांग की कि भविष्य की कोई भी बातचीत सिर्फ रूस, यूक्रेन और अमेरिका तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसमें यूरोप को भी बराबर की जगह मिलनी चाहिए. इसके साथ ही यूक्रेन को सुरक्षा गारंटी भी मिलनी चाहिए.

उनकी इस मांग पर यूएस ने सहमति जताई है. लेकिन रूस ने इस डिमांड को मानने से सीधे इनकार कर दिया है. उन्होंने कहा कि यूक्रेन को लेकर यूरोपीय रुख ऐसा है कि वे खुद को पूरी तरह निष्पक्ष नहीं कह सकते. ऐसे में मॉस्को उस पर भरोसा नहीं कर सकता. रूस ने यूक्रेन के साथ होने वाली सीधी बातचीत में यूरोपीय प्रतिनिधियों की जरूरत पर कई और सवाल भी खड़े किए.

इन तीन बड़े मुद्दों पर अटकी है बात

सूत्रों के मुताबिक, अबू धाबी में रूस-यूक्रेन के प्रतिनिधियों की बातचीत में कैदियों की अदला-बदली पर सहमति बनने के बाद अब कुशनर और विटकॉफ मॉस्को जाएंगे. उनका गुरुवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने का प्लान है. इसके बाद वे आयरलैंड के डबलिन में जाकर जेलेंस्की को इस पूरी बातचीत की जानकारी देंगे.

बातचीत से जुड़े वार्ताकारों का कहना है कि कैदियों की अदला-बदली पर बात बनने के बावजूद 3 बड़े मुद्दे ऐसे हैं, जिस पर दोनों पक्षों में गहरे मतभेद बने हुए हैं. ये मुद्दे, जमीन पर कब्जे, सुरक्षा गारंटी और नाटो में यूक्रेन की सदस्यता हैं. इन मुद्दों पर कोई भी पक्ष झुकने को तैयार नजर नहीं आ रहा है.

क्या अपना रुख नरम करेंगे पुतिन?

इसी बीच, ऐसी खबरें भी सामने आई हैं कि यूक्रेन युद्ध खत्म करवाने के लिए पुतिन जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज समेत यूरोपीय नेताओं के साथ संपर्क साध सकते हैं. इस संबंध में वे पहले भी सकारात्मक रुख दिखा चुके हैं. वहीं, फ्रेडरिक मर्ज का कहना है कि यूरोपीय भागीदारी के बिना महाद्वीप के भविष्य का खाका नहीं खींचा जा सकता. उन्होंने साफ कहा कि यूरोप की सुरक्षा से जुड़े किसी भी फैसले में उसकी अपनी आवाज होनी चाहिए. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More