)
महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की अध्यक्ष सुनेत्रा पवार ने पार्टी के दोनों गुटों के एक साथ आने की संभावना पर सीधे तौर पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है. बुधवार को इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि समय के साथ स्थिति साफ हो जाएगी. इससे पहले दावा किया जा रहा है कि जल्द ही एनसीपी के दोनों धड़े एक हो सकते हैं. इस दिशा में तेजी से काम चल रहा है.
सुनेत्रा पवार 15 नवंबर को आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की 191वीं जयंती के मौके पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही थीं. इसी दौरान पत्रकारों ने उनसे सवाल पूछे. एक पत्रकार ने एनसीपी के दोनों प्रतिद्वंद्वी गुटों के विलय की संभावना को लेकर सवाल किया. इस पर सुनेत्रा पवार ने कहा कि इस बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी और आने वाले समय में तस्वीर साफ हो जाएगी.
सवाल का जवाब देते हुए पवार ने कहा,'मुझे पता है कि आप लोग दूसरे मुद्दे (विलय की अटकलों) में ज्यादा दिलचस्पी रखते हैं. हालांकि, मैं आपको बताना चाहूंगी कि समय के साथ चीजें साफ हो जाएंगी.' उनकी ये टिप्पणी एनसीपी के सीनियर नेताओं के जरिए दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ हुई बैठक के कुछ दिनों बाद आई है. इस मीटिंग में सुनेत्रा पवार और उनके बेटे, लोकसभा सांसद पार्थ पवार मौजूद नहीं थे.
इस बीच, पार्थ पवार समेत कुछ एनसीपी नेताओं ने एनसीपी (SP) अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात की. हालांकि, उन्होंने कहा कि मुलाकातें सिर्फ उनकी सेहत के बारे में जानकारी लेने के लिए थीं और इनमें किसी भी राजनीतिक मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई.
एनसीपी के दोनों गुटों के बीच संभावित सुलह की चर्चा काफी समय से चल रही है. पिछले हफ्ते सीनियर एनसीपी नेता सुनील तटकरे के इस बयान के बाद चर्चा में और तेजी आई कि स्वर्गीय उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने भी दोनों गुटों को एक साथ लाने के विचार का समर्थन किया था.
शुक्रवार को रायगढ़ के सुतरवाड़ी में मौजूद अपने आवास के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए तटकरे ने कहा कि विलय को लेकर चर्चा हुई थी और अजित पवार ने उन्हें प्रस्तावित व्यवस्था के बारे में व्यक्तिगत रूप से जानकारी दी थी.