)
बिहार की सियासत में निशांत कुमार को लेकर एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है. पूर्व सांसद आनंद मोहन ने नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी चलाने वालों ने निशांत को न तो जननेता बनने दिया और न ही एक मजबूत नेता के तौर पर स्थापित होने दिया.
आनंद मोहन ने निशांत को पहले मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग उठाई थी, लेकिन अब उन्हें स्वास्थ्य मंत्री बनाए जाने पर भी सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि निशांत को पहले नेता नहीं बनाया गया और सीधे स्वास्थ्य मंत्री की कुर्सी पर बैठा दिया गया.
दरअसल, निशांत कुमार को लेकर पूर्व सांसद आनंद मोहन ने जदयू के नेताओं पर निशाना साधने का प्रयास किया. उन्होंने कहा कि जनता दल यूनाइडेट पार्टी को मौजूदा वक्त में चलाने वाले नेताओं ने निशांत कुमार को नेता बनने का अवसर नहीं दिया. निशांत कुमार में जननेता बनने की क्षमता है. वह बड़ा नेता बन सकता था.
7 मई 2026 को सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान निशांत कुमार ने मंत्री पद की शपथ ली थी. निशांत कुमार को बिहार का स्वास्थ्य मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया. हालांकि, मंत्री बनने के समय निशांत कुमार बिहार के किसी भी सदन के सदस्य नहीं थे. लिहाजा, संवैधानिक प्रावधान यानी 6 महीने के भीतर सदन की सदस्यता लेना अनिवार्य होता है. इसी के तहत जून 2026 में हुए विधान परिषद (MLC) चुनावों के लिए निशांत कुमार को जदयू की तरफ से प्रत्याशी बनाया गया. इसके बाद वह बिहार विधान परिषद के सदस्य यानी एमएलसी बने. इस तरह से वह बिहार सरकार में हेल्थ मिनिस्टर का पद संभाल रहे हैं.
बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार के निशांत कुमार ने 8 मार्च 2026 को पटना स्थित जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश कार्यालय में औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी. इसके साथ निशांत कुमार राजनीति में कदम रखा. अब पार्टी में सक्रिय भूमिका निभाते हैं.
रिपोर्ट: शिवम राज