App

'गोबर पर जितना भी घी डालिएगा, महक तो उसी की आएगी', सांसद पप्पू यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना

सांसद पप्पू यादव ने कहा कि सुभाष चंद्र बोस की पुस्तक अच्छी नहीं लगेगी. उन्हें अंबेडकर की पुस्तक अच्छी नहीं लगेगी. जिसने संविधान जलाया, उनको पुस्तक के बारे में क्या ज्ञान है? जो मेरे सनातन को नहीं जानता है. उन्हें ओशो का दर्शन अच्छा नहीं लगेगा. महर्षि जी का दर्शन अच्छा नहीं लगेगा. उन्हें प्रेमानंद का दर्शन अच्छा नहीं लगेगा. उन्हें चोर, उचक्का, लफुआ, लुच्चा, धीरेंद्र अच्छा लगेगा. ये बीजेपी प्रायोजित है और फिर हनुमान से बात करने लगता है. तो बीजेपी वाले को बोलो ना कि हनुमान की मूर्ति हटा करके अपने घर में धीरेंद्र लगा ले.

'गोबर पर जितना भी घी डालिएगा, महक तो उसी की आएगी', सांसद पप्पू यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना
Image Credit: बीजेपी पर पप्पू यादव ने साधा निशाना, बोले-'इनकी भाषा गाली और नफरत से भरी' (Photo-वीडियो ग्रैब)

पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव दिल्ली के खान मार्केट से सोनिया गांधी के जीवन पर आधारित किताब बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव खरीदी. इस दौरान सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि ये लोग संविधान, राम, सनातन और महात्मा गांधी को नहीं मानते बल्कि भगवान की आस्था का भी राजनीतिक इस्तेमाल करते हैं. 

सांसद पप्पू यादव ने कहा कि इनकी भाषा गालियों और नफरत से भरी है और इन्हें मोहब्बत और शांति का पैगाम नहीं पता है. साथ ही, उन्होंने बीजेपी में आंतरिक कलह का आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी के बाद प्रधानमंत्री कौन बनेगा, इसी को लेकर अमित शाह, योगी और फडणवीस के बीच नंबर वन की लड़ाई चल रही है.

पप्पू यादव ने कहा कि मैंने तो सारी बात बता ही दी है. बोइए बबूल और खाइए खजूर. गोबर पर जितना भी घी डालिएगा, महक तो उसी की आएगी. अब दसवीं, आठवीं, छठी और चौथी कक्षा के बच्चों को इन किताबों से क्या मतलब? वे नागार्जुन की किताबें पढ़ेंगे, वेद प्रकाश की किताबें पढ़ेंगे, हिटलर की किताबें पढ़ेंगे, नेपोलियन की किताबें पढ़ेंगे? वे तो शायद खुद भी नहीं पढ़ेंगे, किसी से पढ़वाएंगे, किसी से सुनेंगे और स्पीच टेलीप्रॉम्प्टर से देंगे.

उन्होंने कहा कि इन्होंने अंग्रेजी और हिंदी के शब्दों के वास्तविक अर्थ तक नहीं जाना. नेपोलियन, मुसोलिनी, चंगेज खान, रावण, यजीद, कंस और नाथूराम गोडसे का जीवन जानेंगे, लेकिन महात्मा गांधी, सुभाषचंद्र बोस, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद और बिस्मिल से इन्हें क्या मतलब? शिव की पुस्तकों से, राम की पुस्तकों से, कृष्ण की पुस्तकों से, कबीर की पुस्तकों से, सुकरात की पुस्तकों से क्या लेना-देना?

पप्पू यादव ने कहा कि ओशो के दर्शन से इन्हें नफरत है. संविधान को इन्होंने जलाया है और राष्ट्र ध्वज तक नहीं लगाए. राम को कभी भगवान नहीं माना. इनके गुरु दीनदयाल उपाध्याय हैं. ये लोग सनातन के बारे में क्या जानते हैं? इनका काम केवल आलोचना करना, घृणा करना, ईर्ष्या करना और गाली देना है. इनकी पूरी की पूरी भाषा गालियों और नफरत से भरी हुई है. मोहब्बत और शांति का पैगाम ये जानते जानते ही नहीं.

उन्होंने कहा कि बुद्ध को ये नहीं जानते हैं. बुद्ध की किताबें क्यों पढ़ेंगे? 'अप्पो दीपो भव' से इन्हें क्या लेना-देना? शिव के 'आत्ममोक्षार्थं जगद्धिताय च' से क्या लेना-देना? कृष्ण के 'वसुधैव कुटुम्बकम्' और 'सर्वधर्म समभाव' से क्या लेना-देना?

उन्होंने कहा कि इनसे पूछिए कि बीजेपी को मंदिर, मूर्तियों और इन चीजों से क्या ज्ञान हो गया? अयोध्या में जब राम मंदिर में चढ़ावा चोरी हो गई और हमारे भगवान की आस्था पर ही ये चोट करने लगे, तो इन चोर-उचक्कों का संतों से क्या लेना-देना? राम के प्रति सम्मान कहां है? राम को सबसे ज्यादा गाली तो बीजेपी और आरएसएस के लोगों ने दी है. हम तो आराधक हैं. मेरे आराध्य कृष्ण और राम हैं. हम अर्जुन और कृष्ण के वंशज हैं. इन्हें क्या पता राम के बारे में?

उन्होंने कहा कि ये जो भाषा का प्रयोग करते हैं, जिन्होंने संविधान जलाया, राम को नहीं माना, रामायण को नहीं माना, सनातन को नहीं माना, जिनको भगवान पर भरोसा नहीं है, वे क्या बात करेंगे? इनकी आंखों में पानी नहीं है. ये इतने गंदे लोग हैं कि भगवान की आस्था का भी राजनीतिक इस्तेमाल करते हैं.

पप्पू यादव ने बीजेपी में आंतरिक कलह का आरोप लगाते हुए कहा कि देवेंद्र फडणवीस, अमित शाह, नरेंद्र मोदी और सीएम योगी के बीच विवाद चल रहा है? अभी सीएम योगी ने बनारस में नरेंद्र मोदी के दोनों विधान परिषद उम्मीदवारों को हरा दिया. अब चर्चा चल रही है कि प्रधानमंत्री कौन बनेगा? महाराष्ट्र का नेता या कोई और? अमित शाह या योगी? नरेंद्र मोदी के बाद कौन? इसी खींचतान में 'नंबर वन कौन' की लड़ाई चल रही है.

उन्होंने कहा कि यूसीसी, यूजीसी और तमाम मुद्दों को भी ये राजनीति का विषय बना देते हैं. विकास, बेरोजगारी, महंगाई, पुलवामा, पहलगाम जैसे मुद्दों पर चर्चा नहीं होती. यमुना के पानी पर चर्चा नहीं होगी और बच्चों के स्वास्थ्य पर भी चर्चा नहीं होगी.

इनपुट: आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More