App

मांझी का रामघाट बनेगा सारण का नया पर्यटन केंद्र, अटल वाटिका से लेकर सरयू कैफे तक बदलेगी तस्वीर

मांझी का रामघाट अब केवल एक पारंपरिक घाट तक सीमित रहने वाला नहीं है. विकास, विरासत, आस्था, प्राकृतिक सौंदर्य और महिला स्वावलंबन को एक साथ जोड़ती यह पहल आने वाले दिनों में सारण के लिए पर्यटन की नई संभावनाओं का द्वार खोल सकती है.

मांझी का रामघाट बनेगा सारण का नया पर्यटन केंद्र, अटल वाटिका से लेकर सरयू कैफे तक बदलेगी तस्वीर
Image Credit: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में (Photo-वीडियो ग्रैब)

सारण जिले के मांझी स्थित ऐतिहासिक रामघाट की तस्वीर अब बदलने वाली है. सरयू नदी के मनोरम तट पर विकसित हो रहा रामघाट आने वाले दिनों में न सिर्फ धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा, बल्कि पर्यटन स्थल के रूप में भी अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकता है. यहां हो रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों को देखकर यह संभावना और मजबूत होती दिखाई दे रही है. अटल वाटिका, मंदिर परिसर, यज्ञशाला, आकर्षक घाट, सुव्यवस्थित सीढ़ियां और सरयू के किनारे विकसित हो रहा कैफे इस पूरे परिसर को एक नया स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित मांझी दौरे को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने संयुक्त रूप से रामघाट समेत कार्यक्रम से जुड़े विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया. मौके पर बुडको के एमडी अनिमेष पाराशर भी मौजूद रहे. निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, सौंदर्यीकरण, सुरक्षा और आम लोगों की सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.

कायाकल्प सेवा संकल्प के तहत विकसित हो रही अटल वाटिका

रामघाट परिसर में विकसित की जा रही अटल वाटिका इस परियोजना का विशेष आकर्षण बनने जा रही है. पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृतियों को समर्पित इस वाटिका के साथ परिसर को हरित, सुंदर और आकर्षक स्वरूप देने की तैयारी है. यहां अटल जी की प्रतिमा का अनावरण भी प्रस्तावित है. इसके अलावा मंदिर परिसर, यज्ञशाला, चारदीवारी, मंच, हैंगर, बैरिकेडिंग और बैठने की व्यवस्था को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है.

जीविका दीदियों का सरयू कैफे बनेगा खास आकर्षण

रामघाट की इस नई पहचान में जीविका दीदियों द्वारा संचालित सरयू कैफे भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रहा है. जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान कैफे और उसके किचन की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया. यहां आने वाले पर्यटकों और आम लोगों को स्वच्छ, सुपाच्य एवं स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराने की तैयारी है. इससे एक ओर रामघाट आने वाले लोगों को बेहतर खानपान की सुविधा मिलेगी, वहीं दूसरी ओर जीविका दीदियों के लिए रोजगार और स्वरोजगार का नया अवसर भी तैयार होगा.

पर्यटन की अपार संभावनाएं, बदल सकती है मांझी की पहचान

सरयू नदी का प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व और रामघाट पर विकसित हो रही आधुनिक सुविधाएं मांझी को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिला सकती हैं. यदि इसी तरह योजनाबद्ध ढंग से विकास और रखरखाव किया गया तो आने वाले समय में यह स्थल स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूसरे जिलों से आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकता है. छठ, धार्मिक आयोजनों और पारिवारिक भ्रमण के लिए भी यह परिसर एक बेहतर स्थान के रूप में विकसित हो सकता है.

हेलीपैड से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक अंतिम तैयारी

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर दलन सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सह इंटर कॉलेज परिसर में भी तैयारियों की समीक्षा की गई. हेलीपैड निर्माण के लिए अर्थवर्क का कार्य जल्द पूरा करने और फिनिशिंग का कार्य करने के निर्देश दिए गए. इसके साथ ही मुख्यमंत्री के प्रवेश और निकास मार्ग, भ्रमण पथ, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई.

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग कर सभी को निर्धारित स्थल पर समय से पहुंचने और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया.

डीएम वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि रामघाट में हो रहे विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जा रहा है. अटल वाटिका, घाट का सौंदर्यीकरण, मंदिर परिसर, यज्ञशाला और अन्य आधारभूत सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है. जीविका दीदियों द्वारा संचालित सरयू कैफे भी आम लोगों के लिए एक अच्छी सुविधा साबित होगा. हमारा प्रयास है कि यहां आने वाले लोगों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं मिलें. रामघाट में पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने की पर्याप्त संभावनाएं हैं.

रिपोर्ट: राकेश कुमार सिंह

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More