App

स्वच्छता में पटना का जलवा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिया स्टेट फर्स्ट क्लीन सिटी अवार्ड

नई दिल्ली में आयोजित 10वें स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 पुरस्कार समारोह में पटना को स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी पुरस्कार से सम्मानित किया गया. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, महापौर सीता साहू, उप महापौर रेशमी कुमारी, विभागीय सचिव संदीप पुडकलकट्टी और नगर आयुक्त यशपाल मीणा को यह पुरस्कार प्रदान किया.

स्वच्छता में पटना का जलवा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिया स्टेट फर्स्ट क्लीन सिटी अवार्ड
Image Credit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पटना को दिया स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी पुरस्कार (Photo- वीडियो ग्रैब)

स्वच्छता के क्षेत्र में पटना नगर निगम ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. नई दिल्ली में बुधवार को आयोजित 10वें स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 पुरस्कार समारोह में पटना नगर निगम को ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया. माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कर-कमलों से नगर विकास और आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, महापौर सीता साहू, उप महापौर रेशमी कुमारी, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव संदीप पुडकलकट्टी एवं नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त किया.

इस उपलब्धि को विशेष बनाते हुए पटना नगर निगम की टीम ने अपने दो सफाई कर्मियों अमरजीत मांझी (नूतन राजधानी अंचल) एवं रॉकी पासवान (अजीमाबाद अंचल) के साथ पुरस्कार प्राप्त किया. यह सम्मान शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने में दिन-रात जुटे सफाई कर्मियों के समर्पण और योगदान का भी प्रतीक है.

पटना नगर निगम को मिली यह सफलता सुदृढ़ डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था, लीगेसी वेस्ट के नियमानुसार निस्तारण, जन शिकायतों के त्वरित समाधान, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में निरंतर सुधार और स्वच्छता अभियान में पटनावासियों की बढ़ती भागीदारी का परिणाम है.

इस अवसर पर महापौर सीता साहू ने कहा कि यह सम्मान पूरे पटना शहर और यहां के नागरिकों को समर्पित है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में पटना नगर निगम की पूरी टीम प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है. माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार के शहरों में विकास और स्वच्छता को नई गति मिल रही है. पटना नगर निगम भी इसी दिशा में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है. इस उपलब्धि के लिए सभी सफाई कर्मियों, निगमकर्मियों और पटनावासियों को हार्दिक बधाई.

उप महापौर रेशमी कुमारी ने कहा कि पटना नगर निगम को मिला यह सम्मान हमारे सफाई साथियों के अथक परिश्रम और पटनावासियों के सहयोग का प्रतिफल है. स्वच्छ शहर का निर्माण केवल नगर निगम के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है. यह पुरस्कार हमें स्वच्छता के अपने संकल्प को और मजबूती से आगे बढ़ाने की प्रेरणा देगा.

नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने कहा कि आने वाले समय में पटना क्लस्टर में वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट की स्थापना, लीगेसी वेस्ट का पूर्ण निस्तारण, इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम का विकास, नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना और मोबाइल कोर्ट जैसी पहलें शहर की स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को नई मजबूती देंगी. इन प्रयासों से आगामी स्वच्छ सर्वेक्षणों में पटना का प्रदर्शन और बेहतर होगा.

स्वच्छ सर्वेक्षण में पटना नगर निगम की हैट्रिक

पटना नगर निगम ने पिछले तीन स्वच्छ सर्वेक्षणों में स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार अपनी स्थिति मजबूत की है. स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में पटना ने बिहार में स्वच्छता के क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त करने के साथ वाटर प्लस सर्टिफिकेट और 1-स्टार गार्बेज फ्री सिटी रेटिंग हासिल की थी. वर्ष 2024 में इस प्रदर्शन को आगे बढ़ाते हुए नगर निगम ने 3-स्टार गार्बेज फ्री सिटी रेटिंग प्राप्त की और ‘प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर’ पुरस्कार से सम्मानित हुआ. वहीं, स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में पटना को ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी’ पुरस्कार से नवाजा गया है.

लगातार तीन सर्वेक्षणों में मिली ये उपलब्धियां पटना नगर निगम के सतत प्रयासों, स्वच्छता व्यवस्था में किए जा रहे सुधारों और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता का प्रमाण हैं. यह सम्मान स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ पटना के निर्माण के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगा. बता दें कि आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की अन्य श्रेणियों के परिणाम भी जल्द जारी किए जाएंगे.

रिपोर्ट: शिवम राज

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More