App

सोनिया गांधी की किताब पर मदन राठौड़ का हमला, आपातकाल और संजय गांधी को लेकर कही बड़ी बात

राजस्थान में पंचायत चुनाव के तीन चरण पूरे होने के बाद बीजेपी ने प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी शुरू की है. मदन राठौड़ ने इसे प्रशिक्षण बताया. इस दौरान उन्होंने सोनिया गांधी की पुस्तक, आपातकाल और खड़गे के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी.

सोनिया गांधी की किताब पर मदन राठौड़ का हमला, आपातकाल और संजय गांधी को लेकर कही बड़ी बात
Image Credit: राजस्थान में पंचायत चुनाव के तीन चरण पूरे होने के बाद बीजेपी ने प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी शुरू की.

राजस्थान में पंचायत चुनाव के तीन चरण पूरे होने के बाद अब राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. दीपावली का त्योहार संपन्न होने के बाद बीजेपी सहित अन्य राजनीतिक दलों ने अपने प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी शुरू कर दी है. हालांकि, बीजेपी इसे बाड़ाबंदी के बजाय जनप्रतिनिधियों का प्रशिक्षण बता रही है. इस मामले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी की परंपरा रही है कि जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया जाए.

उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से जारी संकल्प पत्र के बारे में भी जनप्रतिनिधियों को जानकारी दी जाती है. शहरों में उपलब्ध सुविधाओं को गांवों तक कैसे पहुंचाया जाए और ग्रामीण क्षेत्रों का विकास किस तरह किया जाए, इसके लिए प्रशिक्षण जरूरी है.

सोनिया गांधी की पुस्तक और आपातकाल पर उठाए सवाल

सोनिया गांधी की पुस्तक में आपातकाल के दौरान संजय गांधी की भूमिका का जिक्र किए जाने पर मदन राठौड़ ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि संजय गांधी के जीवित रहने तक इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी भी उनकी व्यवस्था के अनुसार चलते थे. ऐसे में उनके निधन के बाद उनकी आलोचना करना उचित नहीं है.

राठौड़ ने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय है. उनके अनुसार, तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के शासन में लोकतंत्र की हत्या हुई और युवाओं की जबरन नसबंदी कराई गई. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भारत माता की जय बोलने वालों को जेल में बंद किया गया था.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आपातकाल की जिम्मेदारी केवल एक व्यक्ति पर डालकर तत्कालीन प्रधानमंत्री को नहीं बचाया जा सकता. यदि संजय गांधी परोक्ष रूप से सरकार चला रहे थे, तो यह तत्कालीन नेतृत्व पर भी सवाल खड़े करता है.

खड़गे के ईद और दिवाली वाले बयान पर साधा निशाना

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के ईद और हिंदुओं के त्योहारों को लेकर दिए गए बयान पर भी मदन राठौड़ ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि खड़गे की ओर से त्योहारों पर की गई टिप्पणियां उचित नहीं हैं. उनके मुताबिक, हर त्योहार का समाज में अपना अलग महत्व होता है और किसी एक समुदाय को खुश करने के लिए दूसरे त्योहारों की तुलना करना सही नहीं है.

राठौड़ ने खड़गे की उम्र का जिक्र करते हुए उनकी बयानबाजी पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि खड़गे कभी प्रधानमंत्री के पिता को लेकर टिप्पणी करते हैं तो कभी दिवाली और ईद की तुलना करते हैं.

उन्होंने खड़गे को उनके परिवार के साथ हुई पुरानी घटनाओं की याद दिलाते हुए कहा कि ऐसी परिस्थितियों के बावजूद इस तरह की बयानबाजी उचित नहीं है. इस तरह पंचायत चुनाव के बाद प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी और राष्ट्रीय मुद्दों पर मदन राठौड़ के बयानों से राजस्थान का सियासी माहौल चर्चा में है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vishnu Prakash Sharma

Vishnu Prakash Sharma

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More