App

मिलने नहीं दोगे तो जान दे दूंगा.. बस्ती में फिल्मी स्टाइल में 5 मिनट तक तमंचा लहराकर युवक ने किया सुसाइड

बस्ती में प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत... हरैया इलाके में प्रेमिका के घर के बाहर युवक ने खुद को मारी गोली. जानिए क्या है इस सनसनीखेज मामले की पूरी सच्चाई.

मिलने नहीं दोगे तो जान दे दूंगा.. बस्ती में फिल्मी स्टाइल में 5 मिनट तक तमंचा लहराकर युवक ने किया सुसाइड
Image Credit: बस्ती में प्रेमिका के घर के बाहर युवक ने खुद को मारी गोली.

क्या प्यार में पागलपन की कोई हद होती है? उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से एक ऐसी सनसनीखेज और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है.. जिसे सुनकर किसी के भी हाथ-पांव फूल जाएं. प्यार, तकरार, जिद और मौत का यह पूरा खेल क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. बस्ती के हरैया इलाके में जो कुछ हुआ.. उसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. आइये आपको विस्तार से बताते हैं इस दर्दनाक और खौफनाक घटना की हर एक बात.

क्या है पूरा मामला

यह चौंका देने वाला मामला हरैया के बसेवा राय गांव का है. शिवकुमार (25 साल) पास के ही ठाकुरपुर गांव का रहने वाला था. शिवकुमार मजदूरी करके अपना गुजारा करता था. उसके सिर से बहुत पहले पिता का साया उठ चुका था. घर में उसकी मां, बड़ा भाई रमेश और भाभी हैं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि शिवकुमार का बसेवा गांव की एक युवती के साथ पिछले 10 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. हैरानी की बात यह है कि युवती रिश्ते में उसकी सगी बुआ की बेटी लगती थी. दोनों के बीच लंबे समय तक बातचीत होती रही. शिवकुमार हर हाल में उसी लड़की से शादी करना चाहता था. लेकिन लड़की पक्ष ने शिवकुमार से रिश्ता तोड़कर शादी किसी और जगह तय कर दी. बस यहीं से सारा विवाद शुरू हो गया.

शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल

जब शिवकुमार को पता चला कि उसकी प्रेमिका की शादी कहीं और तय हो गई है तो उसका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. आरोप है कि उसने लड़की की कुछ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो उसके होने वाले ससुराल वालों को भेज दिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देने लगा. बात जब हद से आगे बढ़ गई तो लड़की पक्ष ने इसकी शिकायत परशुरामपुर थाने में कर दी. पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया. थाने में घंटों पंचायत चली और दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता हो गया. तय हुआ कि दोनों अपने मोबाइल नंबर बदलकर हमेशा के लिए बातचीत बंद कर देंगे. और युवक ने लड़की की वे तमाम फोटो व वीडियो भी डिलीट करने की बात मान ली थी. दोनों पक्षों में समझौते के बाद पुलिस ने युवक को छोड़ दिया. किसी को अंदाजा नहीं था कि थाने का यह समझौता महज एक शांत समंदर के ऊपर उठने वाले तूफान की खामोशी थी.

डरावनी सुबह और खौफनाक ड्रामा

समझौते के अगले ही दिन यानी बुधवार की सुबह करीब 7:30 बजे शिवकुमार सीधे अपनी प्रेमिका के घर जा पहुंचा. वह घर के बाहर खड़े होकर जोर-जोर से चिल्लाने लगा और प्रेमिका से मिलने की जिद पर अड़ गया. लड़की के घरवालों ने उसे समझाने की बहुत कोशिश की और गेट के बाहर ही रोक लिया. लेकिन शिवकुमार गुस्से में पागल हो चुका था. उसने चिल्लाते हुए कहा कि अगर मिलने नहीं दिया तो वह यहीं अपनी जान दे देगा. जब लड़की वाले अपनी बात पर अड़े रहे, तो उसने अचानक अपनी जेब से एक तमंचा निकाला. इसके बाद जो हुआ, वह किसी बॉलीवुड फिल्म के डरावने सीन जैसा था. वह तमंचा अपनी कनपटी पर सटाकर इधर-उधर टहलने लगा. गांव के लोग और आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए. सभी ने उसे समझाने की कोशिश की कि ऐसा कदम मत उठाओ. लेकिन वह किसी की सुनने को तैयार नहीं था. वह चीख-चीख कर कह रहा था कि खुद को गोली मारकर पूरे परिवार को इस मामले में फंसा दूंगा.

5 मिनट तक टहला और मार ली गोली

करीब 5 मिनट तक वह तमंचा हाथ में लेकर गांव की गलियों और घर के बाहर पागलों की तरह घूमता रहा. किसी ने अपने मोबाइल फोन से इस पूरे खौफनाक ड्रामे का वीडियो भी बना लिया. यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि कैसे ग्रामीण उसे बार-बार समझा रहे हैं कि भाई मान जा, ऐसा मत कर. लेकिन शिवकुमार के सिर पर जिद सवार थी. किसी की एक बात न सुनते हुए उसने अचानक कनपटी से तमंचा हटाया और सीधे अपने सीने पर सटाकर ट्रिगर दबा दिया. गोली चलने की तेज आवाज के साथ ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई. खून से लथपथ शिवकुमार पल भर में जमीन पर आ गिरा. यह सब इतनी जल्दी हुआ कि किसी को संभालने का मौका तक नहीं मिला. मौके पर ही शिवकुमार की मौत हो गई.

परिवार और प्रेमिका पक्ष ने क्या कहा?

घटना के सामने आने के बाद दोनों पक्षों के अपने-अपने बयान सामने आ रहे हैं. लड़की की दादी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उनकी पोती शुरू से ही शिवकुमार से शादी करने के लिए साफ मना करती थी. दादी का आरोप है कि शिवकुमार शराबी और बेवड़ा था, गांजा पीता था, और इसी वजह से परिवार ने उसका रिश्ता दूसरी जगह तय किया था. जब शिवकुमार को इसका पता चला, तो वह लड़की के होने वाले ससुराल पहुंच गया और वहां भी जमकर बदनामी फैलाई थी.

युवती ने क्या कहा?

खुद युवती का कहना है कि उसका शिवकुमार के साथ कोई अफेयर नहीं था. उसने साफ कहा कि शिवकुमार ने जबरन उसकी शादी तुड़वाई थी और उसने थाने में भी इसकी शिकायत की थी. लड़की का यह भी कहना है कि वह हमेशा धमकी देता था कि अगर उसने बात नहीं मानी या शादी कहीं और की तो वह खुदकुशी कर लेगा. उसके पूरे परिवार को झूठे केस में फंसा देगा.

हर एंगल खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से तमाम जरूरी सबूत जुटाए जा रहे हैं. पुलिस मामले की हर एक एंगल से गहराई से जांच कर रही है. यह देखा जा रहा है कि आखिर थाने में समझौता होने के महज 24 घंटे के भीतर ऐसी क्या परिस्थिति बन गई कि युवक ने इतना बड़ा कदम उठा लिया.

(रिपोर्ट-राघवेंद्र सिंह)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Gunateet Ojha

Gunateet Ojha

गुणातीत ओझा ज़ी न्यूज डिजिटल में एसोसिएट न्यूज एडिटर हैं. वर्तमान में ज़ी न्यूज डिजिटल के उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजिटल को लीड कर रहे हैं. वह दिसंबर 2021 में ज़ी न्यूज से जुड़े. देश-दुनिया और राजनीतिक खबरों पर अच्छी पकड़ रखते हैं. 15 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इससे पहले एनडीटीवी डिजिटल, लाइव हिन्दुस्तान डिजिटल, लोकमत डिजिटल, जागरण डॉट कॉम, राजस्थान पत्रिका डिजिटल, हिन्दुस्तान अखबार, दैनिक जागरण अखबार के साथ भी काम कर चुके हैं.
Read More