)
बिहार कांग्रेस के पूर्व नेता और पूर्व सांसद शकील अहमद ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर सियासी खलबली मचा दी. एक तरफ सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' चर्चा में है, तो दूसरी तरफ शकील अहमद ने अपने फेसबुक पेज पर एक राहुल गांधी को लेकर पोस्ट लिखा दिया और कई तरह के गभीर आरोप भी लगा दिए. चलिए पूरा पोस्ट को जानते हैं कि आखिर क्या लिखा गया है?
दरअसल, राजनीति में पद और दल से दूरी भले ही तकनीकी हो सकती है, लेकिन वैचारिक प्रतिबद्धता और पारिवारिक विरासत दिलों से कभी नहीं मिटती है. आज कांग्रेस पार्टी से अलगाव के ठीक एक साल पूरा होने पर वरिष्ठ नेता शकील अहमद ने अपने पुराने संकल्प, राहुल गांधी से मतभेद और पार्टी के प्रति अपनी अटूट निष्ठा पर खुलकर बात की है.
शकील अहमद ने लिखा कि एक संकल्प की पहली वर्षगांठ. आज 11 नवंबर 2026 है. आज से ठीक एक वर्ष पहले यानी 11 नवंबर 2025 को मैंने तकनीकी तौर पर खुद को कांग्रेस से अलग किया था. 11 नवंबर की तारीख मैंने इसी लिये चुनी थी कि उस दिन 2025 के बिहार विधान सभा चुनाव के मतदान का आख़री दिन था, और मैं नहीं चाहता था कि मेरी वजह से पार्टी का 5 वोट का भी नुकसान हो. इसीलिए मैंने वोटिंग खत्म होने के कुछ देर बाद अपने त्यागपत्र का एलान किया था. मैंने राहुल जी के पार्टी चलाने के तौर-तरीक़ों से दुखी होकर ऐसा किया था.
उन्होंने आगे लिखा कि मैंने कहा भी है कि यह मेरा तीसरा त्यागपत्र है, और तीनों त्यागपत्र राहुल गांधी जी से ही मतभेद के कारण दिए थे. पहले दो मौकों पर सोनिया जी अध्यक्ष थीं और पार्टी के कार्यों में दखल रखती थीं, तो उनकी पहल पर बात आगे नहीं बढ़ी. मगर, तीसरी बार वह बिल्कुल अलग-थलग हो गईं, तो बात आगे बढ़ गई.
शकील अहमद ने आगे लिखा कि पहली बार दिल्ली में केजरीवाल की सरकार दोबारा बनाने के मुद्दे पर राहुल जी से मेरा मतभेद हुआ. मेरा मानना है कि दिल्ली के पिछले तीन विधानसभा और लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की जोरो सीट आने का मुख्य कारण राहुल गांधी जी का एक गलत निर्णय था. आश्चर्य की बात यह है कि मेरी जानकारी के मुताबिक, जिनकी सलाह पर राहुल गांधी ने वह निर्णय लिया, जिसका इतना बुरा परिणाम हुआ, वह आज भी राहुल गांधी के सबसे प्रियपात्र लोगों में हैं.
फेसबुक पोस्ट में शकील अहमद ने लिखा कि दूसरी बार मतभेद राहुल गांधी की एक पंजाब यात्रा को लेकर हुआ था, जिसमें मैंने साथ जाने से इंकार कर दिया, और उसी दिन महासचिव पद से अपना त्यागपत्र भी भेज दिया था. सोनिया गांधी के मना करने पर मैंने उसे मीडिया में नहीं दिया. फिर दो-तीन दिन के बाद सोनिया गांधी ने मुझे और राहुल गांधी को लगभग डेढ़ घंटा बैठाकर बातें कीं, तो मामला सुलझ गया था.
उन्होंने आगे बताया कि और तीसरी बार 2025 के बिहार विधानसभा के चुनाव में उनके प्रिय लोगों द्वारा वरिष्ठ लोगों को अपमानित करने के कारण हुआ. मेरा मानना है कि यह राहुल गांधी के निर्देश के बगैर नहीं हो सकता था. वह भी मेरे जैसे आदमी के साथ, जिसने सालों पहले यह घोषणा कर दिया था कि अब मैं जीवन में कभी भी न लोकसभा और न विधानसभा का चुनाव लड़ूंगा, मगर पार्टी में जीवन भर रहूंगा.
शकील अहमद ने लिखा कि मेरे पार्टी से तकनीकी रूप से अलग होने के बाद मेरे बहुत करीबी लोगों को छोड़कर, बहुत से लोग जो मुझे करीब से नहीं जानते हैं, यह समझते हैं कि मैं किसी दूसरी पार्टी में शामिल हो जाऊंगा. मगर, इस एक वर्ष में किसी दूसरी पार्टी में शामिल होना तो दूर की बात, मन में कभी ऐसा ख्याल भी नहीं आया, क्योंकि मैं किसी व्यक्ति विशेष के कारण नहीं, बल्कि अपने पूर्वजों की वजह से दिल से कांग्रेस की विचारधारा के साथ हूं. मेरे पूर्वज और मेरा परिवार लगभग सौ वर्षों से कांग्रेसी समर्थक है और वह कम से कम मेरे जीवन की अंतिम सांस तक रहेगा.
उन्होंने कहा कि करोड़ों लोग इस मुल्क में किसी पार्टी के सदस्य नहीं हैं, फिर भी उस पार्टी के समर्थक बने हुए हैं और बगैर किसी लालच के, सदस्यों से अधिक उस पार्टी की भलाई सोचते हैं. राहुल गांधी के साथ सीनियर्स का आत्मसम्मान के साथ काम करना मुश्किल है. मगर, जो लोग उनसे उम्र में छोटे हैं या जो लोग उनके बाद MP या MLA हुए हैं, या जो लोग उनकी गाड़ी के आगे-पीछे दौड़कर जिंदाबाद-जिंदाबाद के नारे लगाने में कोई झिझक महसूस नहीं करते हैं, उनके लिए राहुल गांधी की कांग्रेस में रहने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए. मुझे इस बात का संतोष है कि इन 365 दिनों में किसी दूसरी पार्टी में जाने का एक बार भी ख्याल नहीं आया. एक ही नारा दिमाग में बार-बार आया और वह था- कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद.