App

ईरान के आगे बैकफुट पर ट्रंप प्रशासन! मार्को रुबियो और पीट हेगसेथ के बाद US वित्त मंत्री ने छोड़ा घर, सैन्य बेस में बिता रहे दिन

यूएस के साथ चल रहे सैन्य तनाव में फिलहाल ईरान फ्रंटफुट पर बैटिंग कर रहा है. वहीं अमेरिकी नेता सैन्य बंकर में शरण लेने को मजबूर हैं. अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट को उनके घर से एक सैन्य अड्डे में शिफ्ट किया गया है. आपको जानना चाहिए स्कॉट बेसेंट पर मंडरा रहे किस खतरे की वजह से उनको सैन्य बंकर में शिफ्ट करना पड़ा है.

ईरान के आगे बैकफुट पर ट्रंप प्रशासन! मार्को रुबियो और पीट हेगसेथ के बाद US वित्त मंत्री ने छोड़ा घर, सैन्य बेस में बिता रहे दिन
Image Credit: अमेरिका में बड़े नेताओं को ईरान के हमलों का खौफ सता रहा है

ट्रंप प्रशासन इन दिनों बैकफुट पर है. दूसरी ओर, ईरान ने होर्मुज पार करने की कोशिश कर रहे तीन जहाजों को फिर से निशाना बनाया. इसके साथ ही, ईरान ने अपनी मिसाइल सिटी के नए वीडियो भी जारी कर अमेरिका को धमकी दी. आज आपको ईरान के इस बढ़े हुए आत्मविश्वास की वजह भी जाननी चाहिए. ये भी समझना चाहिए इसका दुनिया में शांति की उम्मीदों पर क्या असर पड़ेगा.

अपने मुल्क में ही छिपकर क्यों रह रहे अमेरिकी नेता?

सबसे पहले ये जानिए कि ईरान के डर से अमेरिका के नेताओं को अपने ही देश में छिपकर रहना पड़ रहा है. अमेरिकी मीडिया के मुताबिक वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने अपना घर छोड़ दिया है. बेसेंट को ईरान से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. जिसके बाद उन्हें घर से सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया है. ईरान से खतरे की वजह से बेसेंट को अब सैन्य ठिकाने पर रहना पड़ रहा है. उनकी लोकेशन गोपनीय रखी गई है.

अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान मौजूदा और पूर्व अमेरिकी अधिकारियों को निशाना बनाने की साजिश रच रहा है. खुफिया एजेंसियों को इस बात की पुख्ता जानकारी मिली है कि स्कॉट बेसेंट भी ईरान के निशाने पर हैं. अमेरिका के वित्त मंत्रालय ने स्कॉट बेसेंट के सैन्य अड्डे पर शिफ्ट होने की खबर के बाद बयान जारी करते हुए कहा कि वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ईरानी शासन की धमकियों से बिल्कुल भी नहीं डरेंगे.

एक तरफ अमेरिका का वित्त विभाग कह रहा है स्कॉट बेसेंट डरेंगे नहीं. दूसरी तरफ, उनको अपने घर से सैन्य बेस में शिफ्ट कर दिया गया है. हालांकि, स्कॉट बेसेंट ईरान के डर से अपना घर छोड़कर सैन्य बेस में जाने वाले पहले अमेरिकी नेता या अधिकारी नहीं हैं. इससे पहले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो को सैन्य बेस में शिफ्ट किया गया. इसके अलावा अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ भी अमेरिकी सैन्य बेस में ही रह रहे हैं.

मार्को रुबियो और पीट हेगसेथ फिलहाल फोर्ट मैकनेयर पर रहते हैं. जो वाशिंगटन डीसी के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में स्थित सक्रिय अमेरिकी सैन्य बेस है. इनके अलावा व्हाइट हाउस चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर, पूर्व अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पैम बोंडी और अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी मिनिस्टर रह चुकीं क्रिस्टी नोएम भी सैन्य अड्डों पर रह रही हैं.

स्कॉट बेसेंट कैसे आ गए ईरान के निशाने पर?

अब इस लिस्ट में नया नाम स्कॉट बेसेंट का जुड़ा है. आज आपको जानना चाहिए अमेरिका के वित्त मंत्री पर ईरानी हमले का खतरा क्यों मंडरा रहा है. अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों को क्यों लग रहा है कि वो ईरान के निशाने पर हैं. बेसेंट अगस्त 2026 से ईरान के खिलाफ ट्रंप प्रशासन के ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट का नेतृत्व कर रहे हैं.

ये ईरान के खिलाफ अमेरिका का बड़ा आर्थिक अभियान है. जिसका मकसद ईरान पर कड़े प्रतिबंध लगाकर उसकी अर्थव्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त करना है. इस अभियान के तहत ईरान के मुख्य व्यापारिक रास्तों और तेल निर्यात को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे ईरानी शासन की आमदनी पर सीधा प्रहार हो रहा है.

फरवरी 2026 से शुरू अमेरिका-ईरान युद्ध के माहौल में यह आर्थिक दबाव ईरान के लिए सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है. बेसेंट की नीतियां ईरान को वैश्विक वित्तीय नेटवर्क से काटने का काम कर रही हैं, जिससे ईरानी शासन के पास धन की भारी किल्लत हो गई है.

इंटेलिजेंस के मुताबिक अमेरिकी अधिकारियों को निशाना बनाने की ईरानी योजना अब अपने अंतिम और खतरनाक चरण में पहुंच चुकी है. यानी अमेरिका के कड़े आर्थिक प्रतिबंधों को आक्रामक तरीके से लागू करने के कारण ही स्कॉट बेसेंट पर खतरा मंडरा रहा है.

ईरान के पास यूएस तक मार करने वाली मिसाइल नहीं, फिर...

ईरान के पास अब तक ऐसी कोई मिसाइल या हथियार होने की खबर नहीं है. जिससे वो सीधे अमेरिका तक हमला कर सके, इसके बावजूद अमेरिका के बड़े नेताओं को सैन्य अड्डों पर शिफ्ट किया जा रहा है. ये बताता है कि भले ही अमेरिकी नेता बडे बड़े दावे करें लेकिन ईरान की ताकत को अमेरिका हल्के में नहीं ले रहा.

कुछ दिनों पहले तक अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ईरान को जलाकर राख करने की बात कर रहे थे. ईरान में पिकैक्स माउंटेन से लेकर केश्म द्वीप तक टारगेट की पहचान भी कर ली गई थी. लेकिन अब ट्रंप कह रहे हैं हमले की जरूरत नहीं है. वे कह रहे हैं कि ईरान के हथियार खत्म हो चुके हैं और बहुत जल्दी संघर्ष भी खत्म हो जाएगा.

हालांकि, ईरान ने ट्रंप के इन दावों को फौरन खारिज कर दिया. ईरान ने होर्मुज पार कर रहे टैंकरों पर हमला किया. साफ-साफ कह दिया कि होर्मुज बंद रखेंगे और अमेरिका से कोई बात नहीं करेंगे. ट्रंप ने दावा किया था कि ईरान के हथियार खत्म हो गए. इसके जवाब में ईरान ने अपनी मिसाइल सिटी का वीडियो जारी कर दिया. इस मिसाइल सिटी को देखकर दुनिया भी हैरान है.

अमेरिका और इजरायल के बड़े हमलों के बावजूद ईरान की सैन्य ताकत कम नहीं हुई है. ईरान अपने देश में महिलाओं को भी लड़ने की ट्रेनिंग दे रहा है. इस तरह के वीडियो हमने आपको पहले भी दिखाए हैं. आज आपको ईरान की ताकत और आत्मविश्वास के प्रदर्शन की वीडियो रिपोर्ट बहुत ध्यान से देखनी चाहिए.

एक तरफ ट्रंप, ईरान पर हमले की योजना से इनकार कर रहे हैं. दूसरी तरफ ईरान अपनी नई मिसाइलें दिखाकर दुनिया को समझा रहा है. ट्रंप हमला करेंगे तो ईरान का पलटवार कितना खतरनाक होगा. ईरान ने दुनिया को अपनी नई मिसाइल सिटी दिखाई. इसमें मौजूद बैलिस्टिक एंटी शिप और क्रूज मिसाइलों और उनके लॉन्चर की नुमाइश की. ऐसा करके ईरान ने अपने उन दुश्मनों की गलतफहमी को दूर कर किया, जिन्हें लगता था कि ईरान के पास मिसाइल के जखीरे खत्म हो गए हैं.

जरूरत पड़ी तो बाहर निकलकर भी करेंगे हमला- ईरान

IRGC एयरोस्पेस फोर्स के कमांडर माजिद मौसवी ने यूएस को चेताते हुए कहा, 'अगर जरूरत पड़ी तो हम मिडिल ईस्ट और उससे बाहर भी दुश्मन की सभी सैन्य क्षमताओं पर निशाना साधेंगे. दुश्मन के पास हार और पीछे हटने के अलावा कोई रास्ता नहीं छोड़ेंगे.'

ईरान के हौसले इतने बुलंद हैं कि उसने पहाड़ों में मौजूद अंडरग्राउंड सिटी के अलावा ईरान के लोगों के लिए खुले में मिसाइलों की प्रदर्शनी लगाई है. इसमें सेजिल, फतेह, खोर्रमशहर और खैबर शेकन जैसी मिसाइलें दिखाईं गईं. जो अमेरिका और इजरायल के लिए युद्ध के दौरान अबूझ पहेली साबित हुई थीं.

ईरान मिसाइलें और ड्रोन दिखाने के साथ साथ होर्मुज में उनके ​इस्तेमाल का डेमो भी ​दुनिया को दिखा रहा है. जिस होर्मुज से ट्रंप रिकॉर्ड तेल गुजरने का दावा कर रहे थे, वहां तेल टैंकरों में भीषण आग लगी है. अब हालात ये है कि अमेरिका भले ही युद्ध खत्म करने के संकेत दे रहा हो, लेकिन ईरान को उस पर भरोसा नहीं है. वहां पर युद्ध की तैयारियां चल रही हैं.

ईरान ने दावा किया है कि उसके पास फरवरी में युद्ध शुरू होने से पहले के मुकाबले अब ज्यादा क्षमताएं मौजूद हैं . ईरान ने अपनी बैलिस्टिक मिसाइलों की रेंज पर खुद से लगाई गई 2,000 किलोमीटर की सीमा को आधिकारिक तौर पर हटा दिया है. इसके जरिए ईरान अब मिडिल ईस्ट से आगे लंबी दूरी की मिसाइलों से हमले की क्षमताओं का विस्तार कर रहा है . ईरान की ये ताकत अमेरिका और उसके यूरोपीय सहयोगियों के लिए एक बड़ा खतरा है.

अचानक आक्रामक कैसे हो गया है ईरान?

ईरान ने अब केवल जवाबी कार्रवाई तक सीमित रहने के बजाय आक्रामक रणनीतिक रुख अपना लिया है, ईरान ने एलान किया है कि अगर उसे खतरा दिखा तो वो पहले हमला करेगा. ईरान ने ये भी कहा है कि अगर युद्ध शुरू हुआ तो वो इस बार किसी भौगोलिक सीमा में नहीं बंधेगा. इसका सीधा सा मतलब है कि संघर्ष बढ़ा तो मिडिल ईस्ट के देशों तक सीमित नहीं रहेगा. ईरान उन सभी जगहों को निशाना बनाएगा जो अमेरिका या उसके सहयोगियों से जुड़ी हैं. चाहे वो दुनिया के किसी भी हिस्से में स्थित हों.यही बात अमेरिका को सबसे ज्यादा परेशान कर रही है.

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी के जवाब में ईरान ने माइंस, ड्रोन और छोटे जहाजों के जरिए टैंकर्स पर हमले शुरू कर दिए हैं. ईरान शिपिंग मार्ग को बाधित कर अपनी शर्तें मनवाने की रणनीति पर काम कर रहा है . एक के बाद एक तीन टैंकर्स पर हमला ईरान की इसी रणनीति का हिस्सा है.

ट्रंप कह रहे हैं कि अमेरिका, ईरान पर इसलिए हमला नहीं करेगा क्योंकि होर्मुज से सबसे ज्यादा तेल गुजर रहा है. जबकि ईरान ने टैंकर्स पर हमले के बाद कहा कि होर्मुज बंद है और पूरी तरह से ईरान के नियंत्रण में है. ईरान का दावा है कि उसने F-35 लड़ाकू विमानों की सुरक्षा वाले जहाजों को भी वापिस जाने पर मजबूर कर दिया.

अमेरिका से नहीं हो रही कोई बात- मोहसिन रेजाई

ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव मेजर जनरल मोहसिन रेजाई ने साफ किया अमेरिका से कोई बात नहीं हो रही है. ईरान का कहना है कि जब तक अमेरिका उसकी 7 शर्तों को नहीं मानेगा, उससे ना कोई बातचीत होगी और ना ही होर्मुज को खोला जाएगा. ईरान ने ये भी साफ कर दिया है कि वो संवर्धित यूरेनियम का एक भी कण देश से बाहर नहीं भेजेगा.

ईरान के तेवर बता रहे हैं कि अब तेहरान अमेरिका पर उल्टा दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है. होर्मुज में टैंकरों पर हुए ईरानी हमले ने इस इलाके में तनाव को और बढ़ा दिया है. मिडटर्म चुनाव में हार और ईरान की जवाबी कार्रवाई के आंकलन के बाद ट्रंप, ईरान से फिर युद्ध शुरू करने से बचने की कोशिश कर रहे हैं . लेकिन ईरान ने तेल टैंकरों को निशाना बनाना जारी रखा तो हालात फिर से बिगड़ सकते हैं और मिडिलईस्ट में युद्ध खत्म होने की जो उम्मीदें बंधी हैं,  वो टूट भी सकती हैं.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More