)
भारतीय शूटिंग के लिए बुधवार (11 नवंबर) का दिन यादगार रहा. कतर के दोहा में ISSF वर्ल्ड चैंपियनशिप में नीरज कुमार ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया. उन्होंने इस मेडल के साथ ही ओलंपिक 2028 का कोटा भी हासिल कर लिया. वह 346.5 पॉइंट्स के साथ तीसरे पायदान पर रहे. 26 साल के इस खिलाड़ी ने अपने करियर का पहला व्यक्तिगत मेडल जीता है. उनके मेडल के साथ ही देश के अब लॉस एंजिल्स में दो कोटा हो गए.
ISSF वर्ल्ड चैंपियनशिप में न्यूट्रल खिलाड़ी के तौर पर हिस्सा लेने वाले दिमित्री पिमेनोव ने गोल्ड मेडल जीता. उन्होंने स्लोवाकिया के पैट्रिक जानी को सिल्वर मेडल मिला. नॉर्वे के हरमन हेग मेडल से चूक गए, लेकिन इवेंट उपलब्ध तीसरा कोटा जीतने में सफल रहे. पैट्रिक जानी ने स्लोवाकिया के लिए पहले ही कोटा हासिल कर लिया था. ऐसे में चौथे स्थान पर रहने वाले हरमन को ओलंपिक का कोटा मिल गया.
नीरज भारत के लिए लंबे समय से इस मेडल को लाने के लिए संघर्ष कर रहे थे. उन्होंने आखिरकार दोहा में इस इंतजार को खत्म किया. वह पहले भी कई बड़े टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गए थे, लेकिन वर्ल्ड चैंपियनशिप में व्यक्तिगत मेडल उन्हें अभी तक नहीं मिला था. नीरज ने इसके अलावा पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम इवेंट में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और अखिल शेरॉन के साथ मिलकर भारत को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया. भारतीय तिकड़ी ने कुल 1751 पॉइंट्स हासिल किया.
भारत ने LA 2028 ओलंपिक्स के लिए दूसरा शूटिंग कोटा हासिल किया. नीरज के प्रदर्शन ने चल रही वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत की शूटिंग टैली में एक और ओलंपिक कोटा जोड़ दिया. इससे पहले जयपाल मालवीय ने पुरुषों के 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में सिल्वर जीतकर भारत के लिए पहला कोटा स्थान हासिल किया था. हालांकि, कोटा स्थान भारत को दिया गया है और इससे नीरज का खेलों के लिए ऑटोमैटिक सेलेक्शन की गारंटी नहीं है. भाग लेने वाले शूटर पर अंतिम निर्णय ओलंपिक के करीब आने पर भारतीय शूटिंग अधिकारी लेंगे.