)
पूर्व बसपा सांसद अरविंद चौधरी और सीबीआई के पूर्व डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (डीएसपी) अनिल यादव ने बुधवार को बीजेपी का दामन थाम लिया. लखनऊ में बीजेपी मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई गई. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, स्वत्रंत देव सिंह आदि मौजूद रहे. इनके साथ विभिन्न दलों से आई कई अन्य नेताओं ने भी बीजेपी की सदस्यता ली.
सीबीआई में पूर्व डीएसपी रहे अनिल यादव अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ बांदा से लखनऊ पहुंचे थे. वहीं, पूर्व सांसद अरविंद कुमार चौधरी बस्ती से अपने समर्थकों के साथ भाजपा ज्वाइन करने पहुंचे. भाजपा में शामिल होने पर अनिल यादव ने कहा, "मैं पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुआ हूं. पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की कोशिश कर रहे हैं. आगे चल के मैं भी इसमें भागीदार बनना चाहता हूं. इसीलिए मैं भाजपा में शामिल हुआ हूं."
वहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि आज कहीं ना कहीं बहुत दिनों से लोग प्रयास कर रहे थे. अरविंद चौधरी जी हमारे पूर्व सांसद हैं और अनिल यादव जी हमारे सीबीआई के अधिकारी रहे हैं और उन्हें भारतीय जनता पार्टी जॉइन करने की इच्छा बहुत दिनों से व्यक्त कर रहे थे, क्योंकि हमारे यहां एक व्यवस्था है जॉइनिंग कमेटी हमारी तैयार हुई तो उसके आधार पर उनको जॉइन कराया गया. सभी लोगों का मैं स्वागत करता हूं.
वहीं, अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि सपा अध्यक्ष इससे पहले भी अयोध्या जा सकते थे, लेकिन 12 दिसंबर समय तय किया है, कहीं ना कहीं एक चुनावी मौसम में यह एक राजनीतिक स्टंट है. पंकज चौधरी ने कहा कि अगर उनको अयोध्या दर्शन करने जाना है, हमारे कार्य सेवकों से क्षमा याचना मांगना चाहिए और उनके 6 दिसंबर को अयोध्या जाना चाहिए. पंकज चौधरी ने कहा कि हम बीजेपी के लोग 365 दिन और 24 घंटा चुनाव के लिए जनता की सेवा करते हैं. हम सेवा के लिए हमेशा तैयार रहते हैं. चुनाव पहले हो या बाद में वह चुनाव आयोग का विषय है. वह चुनाव की डेट तय करेगा.
(विशाल सिंह की रिपोर्ट)