)
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आगामी सीजन में बांग्लादेशी खिलाड़ी खेल सकते हैं. मिनी-ऑक्शन के लिए प्लेयर्स रजिस्ट्रेशन कराने के लिए तैयार है. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को पिछले सीजन में विवादों के बाद कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) ने टीम से बाहर कर दिया था. वह सीजन में नई खेल पाए थे और अब उनके अगले आईपीएल में खेलने की उम्मीदें हैं. उनके साथ-साथ बांग्लादेश के छह और अन्य खिलाड़ी नीलामी के लिए अपना नाम दे सकते हैं.
इस बार नीलामी का आयोजन 16 दिसंबर को गोवा में होगा. इस बार मिनी ऑक्शन होगा और आईपीएल 2028 सीजन से पहले मेगा ऑक्शन होगा. कोलकाता द्वारा मुस्तफिज़ुर को रीलीज करने के बाद बड़ा विवाद हुआ. यहां तक कि बीसीबी और बीसीसीआई के रिश्ते भी खराब हो गए थे. बांग्लादेश ने भारत में टी20 वर्ल्ड कप के मैचों को खेलने से इनकार कर दिया था. इसके बाद उसे टूर्नामेंट से ही बाहर कर दिया गया था. उसके स्थान पर स्कॉटलैंड को मौका मिला था.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, मुस्तफिजुर ने ऑक्शन में भाग लेने की इच्छा जताई है और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने रजिस्ट्रेशन के लिए प्रोसेस भी शुरू कर दिया है. इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के अलावा नाहिद राणा, रिशाद हुसैन, हसन महमूद, तौहीद हृदॉय, तस्कीन अहमद और शोरिफुल इस्लाम सहित कई अन्य खिलाड़ी अपना नाम देने को तैयार हैं. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) सभी क्रिकेट बोर्ड से खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन को लेकर संपर्क करता है और उन खिलाड़ियों को नाम देने के लिए कहता है जो आईपीएल में खेलना चाहते हैं.
मुस्तफिजुर रहमान को KKR ने 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था. वह आईपीएल इतिहास में बांग्लादेश के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए थे. बीसीसीआई ने देश में बांग्लादेशी खिलाड़ियों के लेकर उठे नाराजगी के बाद कोलकाता नाइटराइडर्स को यह निर्देश दिया कि वह मुस्तफिजुर को रीलीज कर दे. फ्रेंचाइजी ने बोर्ड के निर्देशों का पालन किया और उसे रिप्लेसमेंट खिलाड़ी को साइन करने की अनुमति मिल गई.
बीसीबी को उम्मीद है कि भारतीय क्रिकेट टीम बांग्लादेश में टले हुए सीरीज को खेलने के लिए तैयार होगी. टीम इंडिया पहले अगस्त 2025 में बांग्लादेश जाने वाली थी, लेकिन इसे टाल दिया गया था. अब इसके जनवरी 2027 में होने की उम्मीद है. अब तक शेड्यूल को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. इस दौरे पर भारतीय टीम तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेलने वाली थी. भारत पिछली बार दिसंबर 2022 में बांग्लादेश का दौरा किया था. उस दौरे पर तीन वनडे और दो टेस्ट मैच खेले गए थे.