मॉस्को में यूक्रेन के पूर्व पीएम के प्रेस सचिव की कार में धमाका, हड्डियां टूटी, एक हाथ उड़ा; हालत बेहद गंभीर
मास्को में एक बड़ा कार धमाका हुआ है. इस धमाके में यूक्रेन की सरकार में तैनात रहे एक पूर्व अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए. धमाके की वजह एक अज्ञात बॉक्स बताई जा रही है. बेहद हाईप्रोफाइल मामला होने की वजह से फिलहाल प्रशासन ने केवल अस्पताल से मिली जानकारी ही साझा की है.
मॉस्को में हुए एक कार धमाके में यूक्रेन के पूर्व प्रधानमंत्री अजारोव के पूर्व प्रेस सचिव गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. एक सूत्र ने मीडिया ब्रीफिंग में बताया कि उनकी कार के नीचे रखे गए किसी सामान में ब्लास्ट होने से पूर्व सेक्रेटरी सर्गेई जावोरोत्नी का एक हाथ शरीर से अलग हो गया है. उनके दिमाग में चोट आई और हड्डियां टूट गईं. अस्पताल से आ रही शुरुआती जानकारी के मुताबिक फिलहाल वो जीवित हैं, लेकिन उनकी हालत काफी गंभीर है. ये घटनाक्रम उस समय सामने आया है, जब रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने की कोशिशें चरम पर हैं और 24 घंटे पहले ही यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अमेरिकी दूतों से मुलाकात के बाद रूस के साथ जल्द ही युद्ध में पकड़े गए कैदियों की सबसे बड़ी अदलाबदली होने की जानकारी साझा की थी.
धमाके के बाद फौरन एंबुलेंस समेत इमरजेंसी और क्विक रेस्पॉन्स टीमें मौके पर पहुंची. पूर्व सचिव को अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों की एक टीम उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है.
पटरी से उतरेंगी शांति वार्ता की कोशिशें!
इस धमाके के बाद अटकलों का दौर जारी है. रूस की सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां धमाके की जांच कर रही हैं. इस बीच एक सवाल ये भी उठ रहा है कि क्या दोनों पक्षों में कोई ऐसा प्रभावशाली शख्स अब भी ऐसा है, जो नहीं चाहता कि रूस और यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग बंद हो.
रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच बड़ी खबर
अगर अगले कुछ महीनों में रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म न हुआ तो अगले साल फरवरी, 2027 में इस जंग के पांच साल पूरे हो जाएंगे. इस दौरान फौजियों समेत हजारों सिविलियंस यानी आम नागरिक भी युद्ध की बलि चढ़ गए. लाखों लोगों को विस्थापन का दंश झेलना पड़ा है. इसके साथ ही समय-समय पर होने वाले हमलों की वजह से मौतों और घायलों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है.
रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान हुई चर्चित और हाईप्रोफाइल अप्रत्याशित घटनाओं की बात करें तो मई, 2025 में यूक्रेन के पूर्व राष्ट्रपति विक्टर यानुकोविच के करीबी सलाहकार एंड्रिय पोर्तनॉव की स्पेन की राजधानी मैड्रिड के पास एक स्कूल के बाहर अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी.
दिसंबर, 2023 में यूक्रेन के पूर्व सांसद इलिया की भी रूस की राजधानी मॉस्को के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के दूत विटकॉफ और दामाद कुशनर दोनों पुतिन और जेलेंस्की से मिल चुके हैं. शांति वार्ता में यूरोप की एंट्री हो चुकी है. अब ये देखना होगा कि युद्धबंदी की खबर आखिरकार कब आती है.