App

19 दिन की सफाई का दिखा कमाल: हरिद्वार में शीशे की तरह साफ हुई गंगा, पानी का रंग देख हैरान रह गए लोग; VIDEO वायरल

हरिद्वार में 19 दिनों तक सफाई का काम चलने के बाद जब गंगा में दोबारा पानी छोड़ा गया, तो नदी का बदला हुआ रूप देखकर लोग हैरान रह गए. पानी इतना साफ था कि उसके आर-पार सब नजर आ रहा था. पानी के अंदर की सतह तक दिखाई दे रही थी. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में गंगा का साफ पानी देखकर लोग खुशी जता रहे हैं. साथ ही अपील कर रहे हैं कि मां गंगा को फिर से गंदा न किया जाए.

19 दिन की सफाई का दिखा कमाल: हरिद्वार में शीशे की तरह साफ हुई गंगा, पानी का रंग देख हैरान रह गए लोग; VIDEO वायरल
Image Credit: @zeenews | मां गंगा के साफ पानी को देख गदगद हुए श्रद्धालु!

हरिद्वार का नाम आते ही गंगा के घाट, आरती और श्रद्धालुओं की भीड़ आंखों के सामने आ जाती है. यहां हर दिन बड़ी संख्या में लोग मां गंगा के दर्शन करने और स्नान के लिए पहुंचते हैं. लेकिन नदी में गंदगी और कचरे को लेकर भी अक्सर चिंता जताई जाती है.

ऐसे में इन दिनों सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ वीडियो लोगों को सुखद हैरानी दे रहे हैं. इनमें हरिद्वार में बहने वाली गंगा का पानी इतना साफ दिखाई दे रहा है कि नीचे की सतह तक नजर आ रही है. वीडियो देखने वाले कई लोग इसे अपनी आंखों के लिए किसी खूबसूरत नजारे से कम नहीं बता रहे. दरअसल, हरिद्वार में करीब 19 दिनों तक गंगा में पानी का प्रवाह रोककर सफाई का काम किया गया था. अब जब दोबारा नदी में पानी छोड़ा गया, तो उसका साफ रूप कैमरे में कैद हो गया. इसी के बाद से ये वीडियो इंटरनेट पर चर्चा में हैं.

19 दिन बाद गंगा में लौटी जलधारा

हरिद्वार में सफाई के दौरान गंगा के कई हिस्सों में पानी कम हो गया था. इस दौरान नदी के भीतर जमा गंदगी और दूसरी चीजों को हटाने का काम किया गया. पानी कम होने के कारण नदी के अंदर मौजूद कई ऐसी चीजें भी दिखाई देने लगीं, जो आम दिनों में पानी के नीचे छिपी रहती हैं. इसी दौरान करीब 175 साल पुरानी रेलवे पटरियां भी चर्चा में आई थीं. बताया गया कि ये अंग्रेजों के जमाने की पटरियां हैं, जो पानी का स्तर कम होने पर दिखाई देती हैं. इनकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर खूब शेयर की गई थीं. अब सफाई के बाद जब गंगा में फिर से पानी छोड़ा गया, तो लोगों का ध्यान नदी के साफ और पारदर्शी पानी पर टिक गया. घाटों के आसपास का नजारा देखकर कई लोग हैरानी जता रहे हैं.

 

 

चंचल कुमार बोले- यह AI से बना वीडियो नहीं

हरिद्वार की गंगा का वीडियो शेयर करने वाले चंचल कुमार ने भी इस नजारे को लेकर अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने वीडियो के साथ साफ किया कि यह कोई AI से तैयार किया गया सीन नहीं, बल्कि असली गंगा का नजारा है. वीडियो में वह बताते हैं कि पानी इतना साफ है कि करीब पांच फीट नीचे तक की चीजें दिखाई दे रही हैं. उनका कहना है कि उन्होंने अपनी जिंदगी में पहली बार गंगा को इस तरह साफ देखा है. वीडियो में नदी का पानी काफी पारदर्शी नजर आता है. घाट के आसपास का हिस्सा भी साफ दिखाई दे रहा है. आमतौर पर नदी के पानी में गंदगी और दूसरी चीजें मिलने के कारण नीचे की सतह देख पाना आसान नहीं होता. ऐसे में यह नजारा लोगों को खास लग रहा है.

धीरू बोहारा ने भी दिखाया नीला पानी

हरिद्वार की गंगा के वीडियो शेयर करने वालों में धीरू बोहारा व्लॉगर भी शामिल हैं. उन्होंने भी सफाई के बाद नदी का नजारा दिखाया है. उनके वीडियो में गंगा का पानी साफ और चमकता हुआ दिखाई देता है. धीरू के अनुसार, करीब 19 दिनों बाद जब नदी में दोबारा पानी छोड़ा गया, तो उसका रंग और पारदर्शिता देखकर वह भी हैरान रह गए. वीडियो में घाटों और नदी के अलग-अलग हिस्सों की झलक देखने को मिलती है. दोनों वीडियो सामने आने के बाद लोग गंगा के इस रूप को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोग इसे देखकर खुश हैं, तो कुछ का कहना है कि अगर नियमित रूप से सफाई होती रहे तो नदी को काफी हद तक साफ रखा जा सकता है.

 

 

लोगों ने कहा- अब इसे दोबारा गंदा मत करना

सोशल मीडिया पर गंगा के साफ पानी वाले वीडियो को लेकर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी काफी दिलचस्प हैं. कई यूजर्स ने कहा कि नदी का ऐसा रूप देखकर अच्छा लग रहा है और उम्मीद है कि यह सफाई लंबे समय तक बनी रहेगी. एक यूजर ने लिखा कि काश गंगा हमेशा इतनी ही साफ रहे. भगवान ऐसा ही करें. वहीं, एक दूसरे यूजर ने लोगों से अपील की, 'प्लीज इसे वापस गंदा मत करना'. एक अन्य यूजर ने उम्मीद जताई कि लोगों में अपने आसपास सफाई रखने की समझ बढ़ेगी. कई लोगों ने यह भी कहा कि सिर्फ सफाई अभियान चलाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि आम लोगों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी.

गंगा को साफ रखना सिर्फ प्रशासन का काम नहीं

गंगा की सफाई को लेकर सरकारी स्तर पर कई अभियान चलाए जाते रहे हैं. लेकिन नदी को साफ रखने में आम लोगों की भूमिका भी उतनी ही जरूरी है. घाटों पर कचरा फेंकना, प्लास्टिक छोड़ना और पूजा सामग्री नदी में डालना जैसी आदतें पानी को गंदा करती हैं. अगर लोग छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखें, तो नदी में गंदगी कम करने में मदद मिल सकती है. घाट पर कूड़ा न फैलाना और तय जगहों पर ही पूजा सामग्री डालना जैसे कदम भी असर डाल सकते हैं.

 

 

साफ पानी देखकर जगी उम्मीद

हरिद्वार में सफाई के बाद गंगा का जो रूप वीडियो में दिखाई दे रहा है, उसने लोगों के मन में एक उम्मीद जरूर जगाई है. हालांकि, केवल वीडियो देखकर नदी के पानी की पूरी गुणवत्ता का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता. इसके लिए पानी की जांच और नियमित निगरानी जरूरी है. फिलहाल लोग यही चाहते हैं कि गंगा का यह साफ रूप कुछ दिनों का नजारा बनकर न रह जाए. जिस नदी से करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी है, उसे साफ रखने की जिम्मेदारी भी सभी को मिलकर उठानी होगी. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बीच लोगों की एक ही अपील है- मां गंगा को ऐसा ही रहने दो, फिर से गंदा मत करो.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More