App

WTC 2025-27 Points Table: पाकिस्तान-श्रीलंका टेस्ट ड्रॉ होने क्या बदला? न्यूजीलैंड के खिलाफ हर हाल में भारत की जीत जरूरी

न्यूजीलैंड 72.22 PCT के साथ पहले स्थान पर कायम है. वहीं, भारत के लिए फाइनल की राह मुश्किल है और टॉप-2 में पहुंचने के लिए उसे बचे हुए सात टेस्ट मैचों में से कम से कम छह जीतने होंगे.

WTC 2025-27 Points Table: पाकिस्तान-श्रीलंका टेस्ट ड्रॉ होने क्या बदला? न्यूजीलैंड के खिलाफ हर हाल में भारत की जीत जरूरी
Image Credit: WTC 2025-27

पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला गया दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला शुक्रवार (13 नवंबर) को ड्रॉ पर समाप्त हुआ. रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में 9 से 13 नवंबर तक चले इस मुकाबले में पाकिस्तान पहली पारी में 434/9 का स्कोर बनाने के बावजूद श्रीलंका के खिलाफ 12 रन से पिछड़ गया. ऐसा इसलिए, क्योंकि श्रीलंका ने भी जवाब में अपनी पहली पारी में 446 रन बनाए थे. इसके बाद पाकिस्तान ने शुक्रवार को अपनी दूसरी पारी 284/8 के स्कोर पर घोषित की. अंत में यह टेस्ट मैच ड्रॉ हो गया.

पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच रावलपिंडी टेस्ट ड्रॉ होते ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 की पॉइंट्स टेबल में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. पहला टेस्ट ड्रॉ होने के बाद पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमों को चार-चार WTC पॉइंट्स मिले. पाकिस्तान अभी भी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 की पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे है, लेकिन उनका PCT अब 4.63 से बढ़कर 7.50 हो गया है. वहीं, श्रीलंका का PCT 33.33 पर ही बना हुआ है. श्रीलंका ने मौजूदा साइकिल में अब तक सात मैच खेले हैं, जिनमें से वे केवल एक जीत पाए हैं, चार मैच ड्रॉ रहे हैं और दो मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है.

न्यूजीलैंड के खिलाफ हर हाल में जीत जरूरी

2021 की WTC विजेता न्यूजीलैंड टीम, WTC 2025-27 पॉइंट्स टेबल में सबसे ऊपर है. कीवी टीम का PCT 72.22 है. न्यूजीलैंड की टीम 19 नवंबर से अपने घरेलू मैदान पर भारत के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी. न्यूजीलैंड की टीम अगर दोनों मैच जीत लेती है, तो उनका PCT बढ़कर 79.17 हो जाएगा. हालांकि, अगर उन्हें सीरीज में 0-2 से व्हाइटवॉश का सामना करना पड़ता है, तो उनका PCT गिरकर 54.17 रह जाएगा. अगर सीरीज 1-1 से बराबर रहती है, तो न्यूजीलैंड का PCT गिरकर 66.67 हो जाएगा, जबकि 1-0 से जीत मिलने पर उनका PCT 70.83 हो जाएगा. अगर भारत 1-0 के अंतर से सीरीज जीतता है, तो न्यूजीलैंड का PCT घटकर 58.33 रह जाएगा.

टॉप-2 में रहने के लिए भारत को क्या करना होगा?

फिलहाल, भारत WTC 2025-27 पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है. WTC 2027 के फाइनल में अपनी जगह पक्की करने और टॉप-2 में रहने के लिए, उन्हें मौजूदा साइकिल में बचे हुए सात मैचों में से कम से कम छह मैच जीतने होंगे. न्यूजीलैंड के खिलाफ उनके घर में होने वाली आगामी सीरीज में अगर भारत 2-0 से जीत हासिल करता है, तो WTC 2025-27 पॉइंट्स टेबल में उनके पॉइंट्स बढ़कर 92 हो जाएंगे और उनका PCT 51.52 से बढ़कर 58.97 हो जाएगा. वहीं, अगर भारत 0-2 से हार जाता है, तो यह PCT गिरकर 43.59 पर आ जाएगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More