)
पैरेंट्स का सपना होता है कि उनके बच्चे शानदार करियर बनाएं, खूब सफल हों. अपनी अलग पहचान बनाएं और आरामदायक जिंदगी जिएं. लेकिन कई बार पैरेंट्स के लिए यही समझना बड़ी मुश्किल हो जाता है कि बच्चे की रुचि किस क्षेत्र में है या उसमें क्या टैलेंट है, जिसकी दम पर वो किस सेक्टर में अच्छा करियर बना सकता है. आज 14 नवंबर चिल्ड्रंस डे यानी कि बाल दिवस के मौके पर न्यूमेरोलॉजी की मदद से बच्चे का छिपा हुआ टैलेंट जानने का तरीका जानते हैं.
न्यूमेरोलॉजी के जरिए अपने बच्चे का टैलेंट और संभावित करियर चुनने के लिए सबसे पहले उसका मूलांक निकालें. इसके लिए उसकी बर्थडेट को जोड़ें. जैसे- बच्चे का जन्म किसी भी महीने की 1, 10, 19 या 28 तारीख को हुआ है तो उसका मूलांक 1 होगा. उदाहरण के लिए 28 तारीख को जोड़ें 2+8=10, 1+0=1. इस तरह किसी भी तारीख को तब तक जोड़ें, जब तक कि सिंगल डिजिट यानी कि 1 से 9 के बीच तक का नंबर न आ जाए. फिर इस मूलांक के जरिए ही बच्चे के टैलेंट या वो किस क्षेत्र में करियर बनाकर ज्यादा सफल हो सकता है, इस बारे में जानें.
मूलांक 1 के स्वामी ग्रह सूर्य के प्रभाव से 1, 10, 19 और 28 तारीख को पैदा हुए बच्चे पैदाइशी लीडर होते हैं. इनके प्रशासनिक सेवा, राजनीति, मैनेजमेंट या बिजनेस में सफल होने की संभावना अच्छी रहती है.
मूलांक 2 के स्वामी चंद्रमा हैं, जिसके प्रभाव से इन बच्चों की आर्ट में खासी रुचि होती है. ये बच्चे संगीत, लेखन, पेंटिंग, काउंसलिंग, एक्टिंग या डिजाइनिंग जैसे क्षेत्र में खूब नाम कमा सकते हैं.
मूलांक 3 के स्वामी गुरु हैं जो ज्ञान के कारक हैं. इन बच्चों के शिक्षा, वकालत, काउंसलिंग, बैंकिंग और धार्मिक या सामाजिक कार्यों में खासी रुचि होती है. इन क्षेत्रों में मूलांक 3 वाले बच्चे बड़ी सफलता पाते हैं.
मूलांक 4 के स्वामी राहु हैं, जिसके प्रभाव से 4, 13, 22 और 31 तारीख को पैदा हुए बच्चे अलग ही दिमाग के होते हैं. वे जुनूनी और लीक से हटकर काम करने में माहिर होते हैं. इनके इंजीनियरिंग, कोडिंग, रिसर्च, साइंस और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन की संभावना रहती है.
मूलांक 5 के स्वामी बुध ग्रह हैं, जो किसी भी महीने की 5, 14 और 23 तारीख को जन्मे बच्चों को बुद्धिमान, बोलने में माहिर और मनमौजी बनाते हैं. ये मीडिया, मार्केटिंग, शेयर बाजार, सेल्स और कम्युनिकेशन जैसे करियर में खूब सफल होते हैं.
मूलांक 6 के स्वामी शुक्र ग्रह हैं, जो 6, 15 और 24 तारीख में जन्मे बच्चों को सुंदरता, पैसा कमाने का जुनून और कला से जुड़ाव देते हैं. ये बच्चे ग्लैमर की दुनिया जैसे- फैशन, फिल्म इंडस्ट्री, होटल मैनेजमेंट, लग्जरी ब्रांड्स या इंटीरियर डिजाइनिंग में अच्छा करियर बनाते हैं.
मूलांक 7 के स्वामी केतु ग्रह हैं, जो 7, 16 और 25 तारीख को पैदा हुए बच्चों को खोजी बनाता है. साथ ही इनकी अध्यात्म में रुचि रहती है. ये अच्छे विचारक, वैज्ञानिक बन सकते हैं. इसके अलावा आईटी सेक्टर, डेटा एनालिसिस, लेखन, मनोविज्ञान और गुप्त विद्याओं में अच्छा करियर बना सकते हैं.
मूलांक 8 के स्वामी शनि ग्रह हैं, जो 8, 17 और 26 तारीख को पैदा हुए बच्चों को बचपन से ही मेहनती और अनुशासित बनाता है. ये लोग बड़े होकर ज्यूडिशरी, कानून, रियल एस्टेट, मैन्युफैक्चरिंग और बड़े उद्योगों में खूब सफल होते हैं. हालांकि इन्हें सफलता धीरे-धीरे लेकिन स्थाई मिलती है.
मूलांक 9 के स्वामी मंगल ग्रह हैं, जो 9, 18 और 27 तारीख को पैदा हुए बच्चों को साहसी, निडर और खासा ऊर्जावान बनाता है. ये बच्चे सेना, पुलिस, स्पोर्ट्स, सर्जरी और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में सफल होते हैं.
(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और अंक ज्योतिष के सिद्धांतों पर आधारित है. ZEE NEWS इसकी पुष्टि नहीं करता है. किसी भी निर्णय पर पहुंचने से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें.)