)
लोकआस्था के महापर्व छठ की छटा अब पूरे देश में बिखरने लगी है. जैसे-जैसे सूर्य उपासना का यह पावन पर्व नजदीक आ रहा है, परदेश में रह रहे लोग अपने घर की ओर तेजी से लौटने लगे हैं. देश के अलग-अलग राज्यों से होकर बिहार जाने वाली तमाम ट्रेनों में इन दिनों यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है.
उत्तर प्रदेश और बिहार की सीमा पर स्थित बलिया रेलवे स्टेशन बिहार जाने वाली ट्रेनों के लिए गेटवे की तरह है. यही वजह है कि बलिया स्टेशन से गुजरने वाली हर ट्रेन में छठ मनाने घर लौट रहे श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा है.
छठ महापर्व के गीत से गूंजा स्टेशन परिसर
बलिया रेलवे स्टेशन पर कदम रखते ही माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आ रहा है. रेलवे प्रशासन न सिर्फ यात्रियों की सुविधा का ध्यान रख रहा है, बल्कि स्टेशन परिसर में छठ महापर्व के गीत बजाए जा रहे हैं. शारदा सिन्हा के छठ गीतों की गूंज यात्रियों की थकान को पल भर में दूर कर रही है और स्टेशन पर एक अनोखा आध्यात्मिक माहौल बना रही है.
यात्रियों के चेहरों पर घर जाने की खुशी
ज़ी न्यूज की टीम ने बलिया रेलवे स्टेशन पहुंची ताप्ती गंगा एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्रियों से खास बातचीत की. सूरत और महाराष्ट्र के कई शहरों से आ रहे यात्रियों के चेहरों पर घर पहुंचने की खुशी साफ झलक रही थी. यात्रियों ने बताया कि वे पूरे साल छठ महापर्व का बेसब्री से इंतजार करते हैं. भीड़ और सफर की तमाम दुश्वारियों के बावजूद छठी मैया के प्रति उनकी आस्था हर परेशानी पर भारी पड़ रही है.
केवल बाहरी राज्यों से आने वाले प्रवासी ही नहीं, बल्कि बलिया और आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी स्थानीय यात्रियों की भारी भीड़ बिहार के विभिन्न जिलों में छठ पर्व मनाने के लिए रवाना हो रही है. प्लेटफॉर्म से लेकर फुटओवर ब्रिज तक यात्रियों की चहल-पहल बनी हुई है.
स्टेशन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए बलिया रेलवे स्टेशन पर खास इंतजाम किए गए हैं. स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, पेयजल, रोशनी और बैठने के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. सुरक्षा के लिहाज से भी प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है.
आरपीएफ और जीआरपी के जवान लगातार ट्रेनों की सुरक्षा में लगे हुए हैं, ताकि भीड़ का फायदा उठाकर कोई असामाजिक तत्व अप्रिय घटना को अंजाम न दे सके. कुल मिलाकर, बलिया रेलवे स्टेशन इस समय आस्था, उत्साह और घर वापसी के जज्बे का संगम बना हुआ है.
(बलिया से मनोज चतुर्वेदी की रिपोर्ट)